UP Crime: एक दिल दहला देने वाली वारदात ने रिश्तों की मर्यादा को चकनाचूर कर दिया. प्रेम संबंध के चलते एक महिला ने अपनी ही भतीजी की हत्या कर दी और भाभी पर जानलेवा हमला कर डाला. सवाल यह है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि बुआ का रिश्ता इतनी बेरहमी में बदल गया? आइए इस हत्याकांड की पूरी कहानी विस्तार से जानते हैं, जो आप को झकझोर कर रख देगी.
यह सनसनीखेज मामला उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के बसीकलां गांव से सामने आया है. यहां एक माना नाम की एक युवती ने पहले अपनी 4 साल की भतीजी को पानी के टैंक में डाल कर मौत के घाट उतार दिया. इस के बाद सो रही भाभी फिरदौस पर चाकू से कई वार किए. इस हमले में भाभी के बच्चे भी घायल हो गए.
बताया जा रहा है कि घटना से 2 दिन पहले आरोपी युवती माना ने अपनी भाभी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. उस ने रात के खाने में परिवार को नींद की गोलियां दे दीं, ताकि सभी गहरी नींद में सो जाएं. जब सब बेखबर थे, तब उस ने अपनी मासूम भतीजी इशारा को पानी के टैंक में डाल दिया, जहां दम घुटने से उस की मौत हो गई. इस के बाद उस ने गहरी नींद में सो रही भाभी फिरदौस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया.
हमले के दौरान घर में मौजूद फिरदौस के 3 छोटे बच्चे भी चाकू लगने से जख्मी हो गए. चीखपुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि फिरदौस खून से लथपथ पड़ी है और उस की बेटी लापता है. तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस टीम, डाग स्क्वायड और फोरैंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया. हालत गंभीर होने पर महिला को मेरठ रेफर किया गया.






