UP Crime News: पति द्वारा साथ छोड़ देने के बाद नीलिमा ने अपने जुड़वां बच्चों हार्दिक और दीपशिखा की अच्छी परवरिश करते हुए उच्चशिक्षा भी दिलवाई. दोनों बच्चे गुरुग्राम की अच्छी कंपनियों में जौब कर रहे थे. फिर एक दिन ऐसा क्या हुआ कि अपनी बहन दीपशिखा को पलकों पर बिठा कर रखने वाले 25 वर्षीय हार्दिक ने बहन दीपशिखा की चाकू से गोद कर न सिर्फ हत्या कर दी, बल्कि मम्मी नीलिमा को भी लहूलुहान कर दिया. उच्चशिक्षित हार्दिक ने ऐसा क्यों किया?
मुरादाबाद के दिल्ली रोड स्थित बुद्धि विहार में नीलिमा किराए के मकान में रहती थी. करीब 2 साल से वह इस मकान में अपने जुड़वां बच्चों 25 वर्षीय दीपशिखा व हार्दिक के साथ रह रही थी. दीपशिखा वर्तमान में गुरुग्राम में स्थित आईटी कंपनी विप्रो में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थी. जबकि उस का भाई हार्दिक बीटेक कर के गूगल में सर्विस करता था. गुरुग्राम में भी एक साल पहले हार्दिक ने गूगल की नौकरी छोड़ दी थी. वह अब यूट्यूबर बन गया था. जुड़वां भाईबहन दीपशिखा व हार्दिक गुरुग्राम के सेक्टर-23 के एक फ्लैट में रह रहे थे.
3 मार्च, 2026 को दीपशिखा व हार्दिक कार द्वारा गुरुग्राम से अपनी मम्मी नीलिमा के पास बुद्धि विहार में होली मनाने आए थे. नीलिमा दिल्ली रोड स्थित एक निजी बीमा कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थी.
तीनों ने 4 मार्च, 2026 को खूब रंगगुलाल से होली खेली. सभी लोग खुश थे, खुशनुमा माहौल था. पढ़ेलिखे अच्छी प्रोफाइल वाले मुरादाबाद के इस परिवार में 6 मार्च, 2026 को ऐसी वारदात हुई, जिस से शहर में सनसनी फैल गई. हार्दिक पुणे (महाराष्ट्र) की एक मुसलिम युवती से प्यार करता था. वह उस युवती से शादी करना चाहता था. मम्मी नीलिमा और बहन दीपशिखा इस शादी का विरोध कर रही थीं, जिस कारण हार्दिक नाराज था.






