Delhi Crime News: एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिस ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है. मामूली पैसों के विवाद इतनी खतरनाक हो गया कि एक मेहनतकश कारोबारी की जिंदगी खतरे में पड़ गई. सवाल यही है कि क्या यह हमला सिर्फ बकाया रकम का नतीजा था या इस के पीछे कोई और गहरी रंजिश छिपी हुई है? यह कहानी न सिर्फ डराती है, बल्कि यह भी सिखाती है कि छोटे विवाद कब खतरनाक मोड़ ले सकते हैं.
यह घटना दक्षिणपश्चिमी दिल्ली के द्वारका क्षेत्र के डाबड़ी स्थित विजय एन्क्लेव की है, जहां 32 वर्षीय टेंट और हलवाई का काम करने वाले लोकेश गुप्ता पर जानलेवा हमला किया गया. आरोप है कि पैसे मांगने पहुंचे लोकेश पर इतनी बेरहमी दिखाई गई कि उन के हाथ तक काट दिए गए. गंभीर हालत में उन्हें पहले पास के अस्पताल ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए एम्स में भरती कराया गया, जहां उन की हालत नाजुक बनी हुई है.
पुलिस के मुताबिक, 24 अप्रैल, 2026 की रात करीब साढ़े 8 बजे पीसीआर कौल के जरिए घटना की जानकारी मिली. मौके पर पहुंची टीम ने लोकेश को लहूलुहान हालत में पाया. शुरुआती जांच में सामने आया कि अजय पाल नाम के व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी के लिए लोकेश से टेंट का काम कराया था, जिस की कुल रकम करीब ढाई लाख रुपए तय हुई थी. आरोप है कि इस में से करीब 2 लाख रुपए अब भी बाकी थे, जिन्हें लेने के लिए लोकेश आरोपी के घर पहुंचे था.






