Honey Trap: दिल्ली होमगार्ड में कंपनी कमांडर रह चुके जगतिंदर सिंह को एक मामले में जेल जाना पड़ा. जेल से बाहर आने के बाद उसे मोटी कमाई का एक नया आइडिया सूझा और उस ने कुछ साथियों के साथ मिल कर गरम गोश्त की कंपनी खोल ली.
दक्षिणपश्चिमी दिल्ली के द्वारका के रहने वाले अशोक शर्मा एक निजी एयरलाइन में पायलट थे. उन के परिवार में पत्नी के अलावा 2 बच्चे थे, जो द्वारका के ही एक नामी पब्लिक स्कूल में पढ़ते थे. वह जिस पद पर नौकरी कर रहे थे, उस से उन्हें अच्छीखासी सैलरी मिलती थी, जिस से घर में सभी तरह की सुखसुविधाएं मौजूद थीं. परिवार में हंसीखुशी थी, लेकिन अक्तूबर, 2015 में उन के साथ एक ऐसी घटना घटी, जिस से उन की खुशियों में ग्रहण लग गया.
हुआ यह कि पायलट अशोक शर्मा अपने खास दोस्तों के साथ बैठे थे, तभी उन के एक दोस्त ने अपने अनुभव शेयर करते हुए कहा, ‘‘एडल्ट फ्रैंड फाइंडर साइट पर एकाउंट बनाने का अलग ही मजा है. उस पर एकाउंट बनाते ही तमाम लड़कियों की फ्रैंड रिक्वैस्ट आ जाती है. इस के बाद मनपसंद लड़की से दोस्ती कर लो.’’
स्मार्ट फोन आने के बाद सोशल साइट्स का क्रेज कुछ ज्यादा ही बढ़ गया है. स्मार्ट फोन प्रयोग करने वाले ज्यादातर लोग वाट्सऐप, फेसबुक या किसी अन्य सोशल साइट से जुड़े होते हैं. अशोक को भी जब कभी समय मिलता, वह वाट्सऐप का उपयोग कर लेते थे. एडल्ट फ्रैंड फाइंडर साइट का नाम सुनने के बाद उन की भी जिज्ञासा इस साइट को देखने की हुई. वह देखना चाहते थे कि आखिर इस साइट में है क्या? वैसे साइट के नाम से ही उन्हें लग रहा था कि इस से जुड़े लोग मैच्योर ही होंगे.






