SBI Bank Robbery. पटना की जेल में बंद कुंदन भगत ऐसा शातिर बदमाश है, जो जेल से ही लूट की वारदातों को अंजाम दिलाता है. उस के ही गैंग ने देहरादून में स्थित रिलायंस ज्वैलरी शोरूम में 12 करोड़ की लूट की. अब उसी के गैंग ने सूरत की एसबीआई ब्रांच में मात्र 15 मिनट में 50 लाख रुपए की लूट इतनी आसानी से कर ली कि...
गुजरात के सूरत शहर के वराछा के एचएल रोड स्थित शक्ति बिल्डिंग स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) में 27 अप्रैल, 2026 को जो 50 लाख की लूट हुई, उस की योजना बिहार के पटना की आदर्श सेंट्रल जेल बेऊर में बंद कुंदन कुमार
उर्फ कुंदन भगत ने बनाई थी. जेल में बंद होने के बावजूद उस ने गैंग के सदस्यों से संपर्क बनाए रखा और सूरत में स्थित स्टेट बैंक की इस ब्रांच में 50 लाख रुपए की लूट करा दी.
इस के पहले कुंदन भगत देहरादून में हुई 12 करोड़ की रिलायंस ज्वैलरी लूट में भी शामिल था. जेल में होने के बावजूद कुंदन एक विशेष ऐप के माध्यम से बैंक लूटने वाले साथियों को निर्देश देता रहा था.
कुंदन द्वारा दिए गए निर्देश के अनुसार ही उस के साथियों ने सूरत की 10 बैंक शाखाओं की रेकी करने के बाद वराछा की एसबीआई की शाखा को चुना था. इस की वजह यह थी कि बैंक के सामने वाली सड़क पर मेट्रो का काम चल रहा था, जिस से उधर ट्रैफिक कम रहता था. इसलिए लूट करने के बाद भागने में आसानी रहेगी.
उन्होंने लूट के लिए समय भी ऐसा चुना, जब सूरत नगर निगम (मनपा) के चुनाव हो रहे थे. इस के लिए उन्होंने चुनाव का दूसरा दिन चुना था, क्योंकि अगले दिन पुलिस बल क्षेत्र में कम रहेगा और लूट को आसानी से अंजाम दे कर वे फरार हो जाएंगे.






