Surat Murder Case . एक अस्पताल में डायटीशियन की नौकरी करने वाली शिल्पा सालवी पर उस का बेरोजगार पति विशाल रणछोड़भाई सालवी शक करता था. घर में पत्नी के चिड़चिड़ेपन की वजह को समझने के बजाय वह ऐसा खौफनाक अपराध कर बैठा, जिस की किसी ने कल्पना तक नहीं की थी. काश! विशाल अपने दिलोदिमाग में पैदा हुए शक का समाधान कर लेता तो...
कहते हैं कि खाली दिमाग शैतान का घर होता है. वह कुछ अच्छा नहीं सोचता. दिमाग में हमेशा उल्टीसीधी बातें ही चलती रहती हैं. ऐसा ही कुछ विशाल रणछोड़भाई सालवी के साथ भी था. कोई कामधाम न होने की वजह से वह हमेशा उल्टासीधा सोचा करता था.
पत्नी सालवी के रंगढंग देख कर उसे पूरा विश्वास हो गया था कि शिल्पा का किसी अन्य के साथ जरूर चक्कर है, तभी तो वह उसे भाव नहीं देती है. जब देखो, तब ताने मारती रहती है. खर्च के लिए मांगने पर पैसे भी नहीं देती. रात को पास जाने पर दुत्कार कर भगा देती है. ऐसी चरित्रहीन पत्नी के साथ भला कौन पति रहेगा?
लेकिन उस से छुटकारा पाया जाए तो कैसे. वह उसे छोड़ भी नहीं रही थी. जबकि यारदोस्त उस का मजाक उड़ाते कि पत्नी कमाती है और गुलछर्रे उड़ाती है. वह बेवकूफों जैसा उस के पीछेपीछे डोलता है. शिल्पा की वजह से उस की कितनी बदनामी होती थी. ऐसी पत्नी का जिंदा रहना ठीक नहीं है. उस के जिंदा रहने से उस की बदनामी ही होगी. इसी बदनामी से बचने के लिए विशाल अपनी पत्नी की हत्या करने की योजना बनाने लगा था.






