Extra Marital Affair Case. हसरतें पूरी करने के लिए शादीशुदा रंजना ने अपने दूर के रिश्ते के भांजे बीरबल वले को प्यार के जाल में फांस लिया. ताउम्र साथ रहने के उन दोनों ने ऐसी खतरनाक साजिश रची कि...
23 जून, 2014 की सुबह यही कोई 9 बजे मुंबई के पुलिस कंट्रोल रूम को खबर मिली कि बांद्रा वेस्टर्न एक्सप्रैस हाइवे ब्रिज के पास एक आदमी की लाश पड़ी है. यह इलाका मुंबई उपनगर खार के खैरबाड़ी थाने के तहत आता था, इसलिए यह खबर पुलिस कंट्रोल रूम से थाना खैरबाड़ी को दे दी गई.
खबर मिलने के बाद खैरबाड़ी के थानाप्रभारी रविंद्र कदम पुलिस टीम के साथ घटनास्थल की तरफ रवाना हो गए.
घटनास्थल थाने से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर था. पुलिस करीब 5 मिनट में वहां पहुंच गई. वहां काफी भीड़ जमा थी. पानी की पाइपलाइन के नीचे एक आदमी की लाश पड़ी थी. मरने वाले की उम्र यही कोई 32-34 साल थी. उस का सिर फटा हुआ था और पास में ही खून से सना एक बड़ा पत्थर पड़ा था. इस से यही लगा कि इसी पत्थर से उस की हत्या की गई थी.
तलाशी लेने पर मरने वाले की टीशर्ट की जेब से कुछ चने और लाई के दाने मिले. वहां मौजूद लोगों से पुलिस ने उस की शिनाख्त करानी चाही तो कोई भी उसे नहीं पहचान सका. पुलिस को उस के पास से ऐसी कोई चीज नहीं मिली, जिस से उस की शिनाख्त की जा सकती. उसी समय पुलिस की नजर मृतक की टीशर्ट पर पड़ी, जिस पर किसी टे्रडमार्क का नाम लिखा था. लेकिन उस के सहारे मृतक की शिनाख्त करना इतना आसान नहीं था.






