Kannauj Honour Killing. मम्मी के गुजर जाने और पापा चंद्रप्रकाश के दिल्ली में नौकरी पर जाने की वजह से 17 वर्षीय शिवानी बेलगाम हो गई थी. भाईबहनों के कहने का उस पर कोई असर नहीं होता था. गांव में उस के कई प्रेमी बन चुके थे. रोजरोज की बदनामी से आजिज आ कर एक दिन चंद्रप्रकाश ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया कि...
चंद्रप्रकाश ने घर के बाहर कदम रखा तो उस का सामना पड़ोस में रहने वाले बुजुर्ग राघव चाचा से हुआ. वह चबूतरे पर पड़ी चारपाई पर बैठा खैनी हथेली पर रगड़ रहा था. उस ने चंद्रप्रकाश से कहा, ''बेटा, मैं तुम से एक जरूरी बात कहना चाहता हूं. मेरी बात का तुम बुरा तो नहीं मानोगे?’’
''चाचा, आप बुजुर्ग हैं. जो भी बात कहेंगे, हमारी भलाई के लिए ही कहेंगे. आप एक नहीं, 2 बात कहिए. मैं आप की बात का कतई बुरा नहीं मानूंगा.’’
''लेकिन बेटा, हमारी बात करेले के समान कड़वी है. तुम्हें बुरी लग गई और तुम आपा खो बैठे तो..?’’ राघव ने आशंका जताई.
''आप की कड़वी बात, यदि नसीहत भरी है तो मैं जरा भी बुरा नहीं मानूंगा, न ही आपा खोऊंगा. आप जो भी कहना चाहते हैं, निस्संकोच कहें.’’
राघव ने दाएंबाएं नजर दौड़ाई फिर बोला, ''चंद्रप्रकाश, तुम दिल्ली में नौकरी में बिजी रहते हो और यहां गांव में तुम्हारी छोटी बेटी शिवानी तुम्हारी पीठ में छुरा घोप रही है. उस की आवारागर्दी दिन पर दिन बढ़ती ही जा रही है. तुम उसे या तो अपने साथ ले जाओ या फिर उस के हाथ पीले कर दो. समय रहते तुम नहीं चेते तो कहीं ऐसा न हो कि शिवानी तुम्हारे मुंह पर कालिख पोत कर किसी के साथ भाग जाए.’’






