Conjoined Twins. सोहना-मोहना सचमुच किसी आश्चर्य से कम नहीं है, इस की वजह यह है कि दोनों इस तरह जुड़े हैं कि 2 हो कर भी वे एक हैं.
किसी आश्चर्य से कम नहीं था नन्हे बच्चों का वह जोड़ा. लेकिन यह कोई पहली बार नहीं हुआ था. दुनिया भर के अनेक मामलों की तरह यह भी कंजोइंड ट्विंस (आपस में जुड़े हुए जुड़वां बच्चे) का एक मामला था, जो लोगों के लिए सहज ही आकर्षण का केंद्र बन जाता है.
एक सच्चाई यह भी है कि इस तरह के जुड़वां बच्चे बहुत कम जीवित बचते हैं. ये दोनों बच्चे भी आपस में पूरी तरह से जुड़े हुए 14 जून, 2003 को दिल्ली के सुचेता कृपलानी अस्पताल में जन्मे थे. इन के पिता का नाम सुरजीत कुमार और मां का कामिनी देवी था.
सुरजीत टैक्सी चलाते थे. पहले ही से परिवार में 3 बेटियां थीं. घर का खर्च बड़ी मुश्किल चलता था. ऐसे में तमाशा लगने वाले इन 2 बच्चों के पैदा होने से वह परेशान हो उठे थे.
बच्चों के पैदा होने के बाद शुरुआती जांच में ही पता चल गया था कि इन बच्चों के 2 दिल, 2 गुर्दे और 2-2 बांहों के अलावा अलगअलग स्पाइनल कोर्ड हैं, वहीं लिवर, गौल ब्लैडर और स्पलीन (ब्लड सेल्स को बनाने और नष्ट करने वाला अंग) एक होने के साथ 2 ही पैर हैं.
जन्म के तुरंत बाद ही मांबाप को ये बच्चे बोझ लगे थे, इसलिए उन्होंने डाक्टरों से स्पष्ट कह दिया था कि वे किसी भी कीमत पर इन्हें नहीं अपनाएंगे. यही नहीं, वे इस बारे में लिख कर देने को भी तैयार थे.






