Fake Baba Exposed. धर्म के नाम पर लोगों को लूटना एक ऐसा धंधा है, जो कभी मंदा नहीं होता. हरदोई के हिस्ट्रीशीटर प्रदीप शुक्ला ने भी गेरुआ वस्त्र धारण कर यही किया. वह झांसी जा कर काली मंदिर का पुजारी बन गया. उस ने अपना नाम सत्यानंद शुक्ला रख लिया और क्षेत्र में काली सरकार बाबा के रूप में जाना जाने लगा. वहां दरबार लगा कर वह लोगों से मोटी कमाई करने लगा. फिर एक दिन उस की एक दबंगई ने ही उसे इस तरह जेल पहुंचाया कि…
ढोंगी बाबाओं द्वारा चमत्कार दिखा कर भोलेभाले लोगों को ठगने की खबरें अकसर अखबारों में छपती रहती हैं. इस के बावजूद लोग इन बाबाओं की ठगी का शिकार बन जाते हैं और अपनी गाढ़ी कमाई इन पर लुटा देते हैं. ये ढोंगी बाबा बीमारी दूर करने, भूतप्रेत बाधा दूर करने, बांझ महिलाओं की गोद भरने, गृह कलह दूर करने आदि का दावा तो करते हैं, लेकिन होता कुछ और ही है.
बाबा के पास बीमारी का इलाज करातेकराते किसी की सांसें थम जाती हैं तो कोई थक कर बाबा के दरबार में आना ही बंद कर देता है. संतान पाने की इच्छुक महिलाएं तो अपनी अस्मत तक लुटा बैठती हैं. इन ढोंगियों का चोला तो साधु का होता है, लेकिन काम होता है शैतान का. कोई डकैती डालतेडालते बाबा बन जाता है तो कोई हिस्ट्रीशीटर पुलिस व कानून से बचने के लिए साधु का चोला धारण कर लेता है.
झांसी पुलिस ने एक ऐसे ही ढोंगी बाबा को बेनकाब किया, जो अपराधी था, लेकिन पुलिस व कानून से बचने के लिए उस ने चोला बदल लिया था और ‘काली सरकार’ बन कर दिव्य दरबार सजाने लगा था.
उत्तर प्रदेश के झांसी मुख्यालय से 60 किलोमीटर दूर एक चर्चित कस्बा है— मऊरानीपुर. प्राचीन काल में मऊरानीपुर को मधुपुरी के नाम से जाना जाता था. मऊरानीपुर कस्बे में मंदिरों की संख्या बहुत अधिक है, जिस से लोग इसे मिनी अयोध्या भी कहते हैं. यह कस्बा अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के लिए पूरे बुंदेलखंड में प्रसिद्व है. यहां सूती वस्त्रों का उत्पादन बड़े पैमाने पर होता है.
इसी मऊरानीपुर कस्बे से लगभग 3 किलोमीटर दूर एक गांव है— किरौंचा. हरेभरे पेड़ों व ऊंचीनीची पहाडिय़ों के बीच बसा किरौंचा गांव काफी संपन्नता से भरा है. गांव के ज्यादातर लोग खेतीकिसानी या फिर दूध का व्यवसाय करते हैं. शिक्षा की कमी के कारण लोग अंधविश्वासी हैं. जादूटोना, भूतप्रेत का भय गरीब परिवारों में जड़ें जमाए हुए है.
किरौंचा गांव के बाहर एक चबूतरा था. इस पर काली मां की मूर्ति रखी थी, लेकिन गांव के लोग काली मां की पूजाअर्चना नहीं करते थे. उजाड़ पड़ी इस मूर्ति पर एक रोज एक व्यक्ति की नजर पड़ी. उस ने उस मूर्ति को गौर से देखा, फिर चबूतरे के चारों ओर खाली पड़ी भूमि का निरीक्षण किया. उस के बाद उस ने चबूतरे पर आसन जमा लिया.
काली मूर्ति की साफसफाई कर वहां पूजापाठ करने लगा. गांव वालों को उस ने अपना नाम सत्यानंद शुक्ला बताया. धूपछांव से बचने के लिए उस ने वहां एक झोपड़ी भी बना ली. यह 5 साल पहले की बात है.
सत्यानंद कौन है, कहां से आया है, गांव के लोग यह सब नहीं जानते थे, लेकिन जब सत्यानंद चबूतरे पर काली मां की पूजा करने लगा तो गांव के अंधविश्वासी लोग उस के पास उठनेबैठने लगे और उस की आवभगत करने लगे. वह लोगों से गंभीर बीमारी व अन्य जटिल समस्याओं को ठीक करने की बात कहता.
धीरेधीरे बीमार व जटिल समस्याओं से जूझते लोग बाबा सत्यानंद के पास आने लगे. उस की चर्चा किरौंचा व उस के अड़ोसपड़ोस के दरजनों गांवों में होने लगी. सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ अब जुटने लगी, जिस से बाबा की कमाई भी होने लगी.
क्रिमिनल से बना बाबा
एक साल बाद बाबा सत्यानंद ने उसी चबूतरे पर काली मां का मंदिर बनवा लिया और सत्यानंद उर्फ काली सरकार का बोर्ड लगा दिया. इस के बाद वह बाबा काली सरकार के नाम से मशहूर हो गया. अब वह काली सरकार दिव्य धाम से दरबार लगाने लगा.
बाबा के दिव्य दरबार में अब सुबह से ही भीड़ उमडऩे लगती थी. खूब कमाई भी होने लगी थी. बाबा काली सरकार पहले बुधवार को ही दरबार लगाता था, लेकिन जब भीड़ बढऩे लगी तो वह शुक्रवार, शनिवार और रविवार को भी दरबार लगाने लगा.
दरबार में वह कभी गेरुआ वस्त्र पहन कर बैठता तो कभी सेना की वरदी पहन कर बैठता. कभी दाढ़ी बढ़ा लेता तो कभी माथे पर चंदन लगा कर सादे वेश में लोगों के सामने आता. लोगों को आश्चर्य तब होता, जब वह सेना की वरदी पहन कर सिगरेट पीता हुआ सेल्फी लेता.
3 साल बीततेबीतते सत्यानंद उर्फ काली सरकार की शोहरत इतनी बढ़ गई कि उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के लोग भी उस के दरबार में आने लगे. मध्य प्रदेश के तो कई मंत्री भी काली सरकार के भक्त बन गए. वे बाबा की हर तरह से मदद करने लगे.
बाबा के दरबार में बीमारी से ग्रसित, गृह कलह से परेशान, भूतप्रेत बाधा से ग्रसित, संतान की चाहत रखने वाली महिलाएं, व्यापारी, नेता तथा संकट से जूझते लोग आते थे. बाबा परची निकाल कर उन की समस्या का समाधान करता था.
सत्यानंद शुक्ला उर्फ काली सरकार कम उम्र के लड़कों को अपने प्रचारप्रसार के लिए शरण देता था. ये युवक गांवोंकस्बों में तो प्रचार करते ही थे, साथ ही सार्वजनिक स्थानों, बस व रेलवे स्टेशनों पर परचे भी चिपकाते थे. बाबा इन युवकों को खाना खर्चा के अलावा नकद पैसा भी देता था.
चूंकि बाबा के दरबार में भीड़ जुटती थी, अत: दरबार के बाहर खानपान, फूल माला व पूजा सामग्री की दरजनों दुकानें खुल गई थीं. इन दुकानों से भी बाबा पैसे वसूलता था. जो दुकानदार पैसा नहीं देता, बाबा उस के साथ दुव्र्यवहार कर दुकान हटवा देता. बाबा के रसूख के कारण पीडि़त दुकानदार फरियाद ले कर पुलिस के पास भी नहीं जाते थे.
सत्यानंद शुक्ला उर्फ काली सरकार मोबाइल फोन पर भी सक्रिय रहता था. उस ने इंस्टाग्राम पर ‘काली सरकार’ के नाम से पेज बनाया था. शुरू में तो उस के कम फालोअर्स थे, लेकिन बाद में संख्या तेजी से बढ़ी और उस के फालोअर्स एक लाख का आंकड़ा पार कर गए. बाबा इंटरनेट मीडिया से जुड़ा तो उस के दिव्य दरबार में विदेशियों का आनाजाना भी शुरू हो गया. आगंतुक विदेशी उस की आर्थिक मदद भी करते थे.
इन्हीं दिनों बाबा सत्यानंद शुक्ला उर्फ काली सरकार ने अपने रसूख के चलते काली मां मंदिर के चारों ओर खाली पड़ी लगभग 300 वर्गगज की सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया. उस ने पहले टट्टर लगा कर जमीन को घेरा फिर धीरेधीरे आश्रम का निर्माण कराने लगा.
किरौंचा गांव के कुछ लोगों को बाबा द्वारा सरकारी जमीन पर कब्जा करना तथा आश्रम के नाम पर अवैध निर्माण करना नागवार लगा. उन्होंने बाबा से विरोध जताया तो बाबा भड़क गया. उस ने गांव के लोगों से गालीगलौज और अभद्रता की.
बाबा ने आश्रम निर्माण का विरोध करने वाले गांव के लोगों को धमकी भी दी. उस ने कहा, ”मेरे पास काली मां की दिव्य शक्ति है. मैं चाहूं तो तुम लोगों को नेस्तनाबूद कर सकता हूं, लेकिन काली मां यह सब करने की इजाजत नहीं देंगी, इसलिए आप विघ्न डालना बंद कर दें.’’
काली सरकार बाबा की धमकी से गांव के लोग सहम गए और चंद माह तक विरोध की चिंगारी दबी रही. उस के बाद गांव के लोग फिर से सक्रिय हुए और बाबा की शिकायत दर्ज कराने थाना मऊरानीपुर पहुंच गए. कोतवाल ने लोगों की शिकायत सुनी और अरजी भी ले ली, लेकिन बाबा सत्यानंद उर्फ काली सरकार के खिलाफ कोई काररवाई नहीं की.
दरअसल, बाबा रसूखदार था. उस की पहुंच ऊपर तक थी. आस्था के नाम पर पुलिस माहौल नहीं बिगाडऩा चाहती थी, इसलिए पुलिस हाथ पर हाथ रख कर बैठ गई.
इधर बाबा काली सरकार को अपने अनुयाइयों द्वारा पता चला कि गांव के कुछ लोगों ने उस की शिकायत मऊरानीपुर कोतवाली में की है तो बाबा भड़क गया. उस ने फिर उन लोगों के साथ गालीगलौज व बदसलूकी की. उस ने लोगों को खुला चैलेंज दिया कि आश्रम का निर्माण नहीं रुकेगा, जिस को जो उखाडऩा हो उखाड़ ले.
जांच से खुली कलई
सितंबर 2026 के आखिरी सप्ताह में एक रोज बाबा ‘काली सरकार’ के द्वारा सताए हुए लोग झांसी जा पहुंचे. वहां उन्होंने एसएसपी विकास कुमार से मुलाकात की. उन लोगों ने एसएसपी को सत्यानंद शुक्ला उर्फ काली सरकार की सारी जानकारी दे दी.
उन्होंने यह भी कहा कि किसी को भी बाबा के बारे में कोई जानकारी नहीं है कि वह कौन है? कहां का रहने वाला है? साधुओं जैसा उस का आचरण भी नहीं है. वह सिगरेट पीता है. लोगों से गालीगलौज व दुव्र्यवहार भी करता है. ऐसा प्रतीत होता है कि वह कोई अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उस ने साधु का वेश धारण कर लिया है.
उन्होंने ऐसा संदिग्ध आचरण करने वाले बाबा की जांच कराने की मांग की, ताकि उस का असली चेहरा बेनकाब हो. साथ ही कब्जा की गई सरकारी जमीन को मुक्त कराने तथा अवैध निर्माण पर रोक लगाने की मांग की.
एसएसपी विकास कुमार ने किरौंचा गांव से आए लोगों की बातें गौर से सुनीं. इस के बाद उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि वह सत्यानंद शुक्ला उर्फ काली सरकार बाबा की जांच कराएंगे. दोषी पाए जाने पर उस के खिलाफ कड़ी काररवाई की जाएगी. बाबा द्वारा कराया गया अवैध निर्माण गिराया जाएगा और सरकारी जमीन भी कब्जा मुक्त कराई जाएगी.
चूंकि बाबा काली सरकार की गतिविधियां संदिग्ध थीं, अत: एसएसपी विकास कुमार ने बाबा प्रकरण की जांच डीएसपी (मऊरानीपुर) रत्नेश्वर सिंह को सौंपी. उन्होंने गुप्तरूप से बाबा की जांच शुरू की तथा तमाम लोगों से पूछताछ की, लेकिन उन्हें कोई खास जानकारी नहीं मिल सकी.
2 अक्तूबर, 2026 को सीओ रत्नेश्वर सिंह ने बाबा को थाना मऊरानीपुर बुलाया और उस से पूछताछ की. उन्होंने बाबा से उस के मूल निवास के बारे में पूछा तो वह बोला, ”बाबा वैरागियों का कोई मूल निवास नहीं होता, जहां रम गए, वहीं के हो गए.’’
इस जवाब पर रत्नेश्वर सिंह खीझ उठे और बाबा से पुन: मूल निवास के बारे में सख्ती से पूछा. तब बाबा ने बताया कि वह हरदोई शहर का रहने वाला है. परिवार के बारे में पूछा तो उस ने सब से नाता तोडऩे की बात कही.
डीएसपी रत्नेश्वर सिंह को लगा कि बाबा सत्यानंद शुक्ला अपनी असलियत छिपा रहा है, लेकिन बाबा को शक न हो, इसलिए उसे थाने से जाने दिया. बाबा के जाने के बाद रत्नेश्वर सिंह ने फोन के जरिए हरदोई के सीओ (सिटी) अजीत सिंह चौहान को बाबा सत्यानंद शुक्ला के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बाबा के कई फोटोग्राफ भी ग्रुप पर भेज दिए और जानकारी जुटाने को कहा.
सीओ (सिटी) अजीत सिंह चौहान व हरदोई कोतवाल संजय त्यागी ने वर्षों पुरानी अपराधियों की फाइल खंगालनी शुरू की तो वर्ष 1993 की एक डकैती की फाइल में उन की निगाहें जम गईं. इस फाइल में जिस अपराधी की फोटो चस्पा थी, उस की शक्लसूरत सत्यानंद शुक्ला से मिलती थी. हालांकि दोनों फोटो में काफी अंतर नजर आ रहा था, क्योंकि फोटो काफी पुरानी थी.
डकैती की फाइल में जिस व्यक्ति की फोटो चस्पा थी, उस का नाम प्रदीप शुक्ला उर्फ नटरोज था. वह हरदोई कोतवाली के चौहान थोक का रहने वाला था. फाइलों को और खंगाला गया तो पता चला कि प्रदीप शुक्ला हिस्ट्रीशीटर है. उस पर एक दरजन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं. हरदोई कोतवाली में उस की हिस्ट्रीशीट खुली है. वह फरार चल रहा है. 2 मामलों में उस के खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी हैं.
यह जानकारी जुटाने के बाद अजीत सिंह चौहान तथा कोतवाल संजय त्यागी के मन में यह प्रश्न कौंधा कि क्या प्रदीप शुक्ला ही सत्यानंद शुक्ला उर्फ काली सरकार है, जो साधु बन कर झांसी के किरौंचा गांव में रह रहा है? क्या कानून से बचने के लिए वह बाबा बन गया है?
सच्चाई का पता लगाने अजीत सिंह चौहान व कोतवाल संजय त्यागी पुलिस टीम के साथ मऊरानीपुर पहुंचे. उन्होंने पहले एसएसपी (झांसी) विकास कुमार व सीओ (मऊरानीपुर) रत्नेश्वर सिंह से मुलाकात की और बताया कि ऐसा शक है कि हिस्ट्रीशीटर प्रदीप शुक्ला ही सत्यानंद शुक्ला उर्फ काली सरकार है. वह फरार चल रहा है. उस के खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी है.
हरदोई की पुलिस टीम 3 दिन तक मऊरानीपुर कोतवाली में डेरा जमाए रही और सादे कपड़ों में काली सरकार बाबा की निगरानी में जुटी रही. टीम बाबा की हर गतिविधि पर नजर जमाए थी. आखिर जब पुलिस आश्वस्त हो गई कि हिस्ट्रीशीटर प्रदीप शुक्ला ही सत्यानंद शुक्ला उर्फ काली सरकार बाबा है, तब पुलिस ने उस की गिरफ्तारी की रूपरेखा तैयार की.
बाबा हुआ अरेस्ट
11 अक्तूबर, 2026 की दोपहर हरदोई और मऊरानीपुर (झांसी) की संयुक्त पुलिस टीम किरौंचा गांव स्थित काली सरकार बाबा के दिव्य धाम पहुंची. उस समय बाबा के दरबार में लोगों की भीड़ थी. बाबा आसन पर बैठा था और लोगों की समस्याओं का निदान कर रहा था.
पुलिस टीम ने बिना देर किए बाबा सत्यानंद उर्फ काली सरकार को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार होते ही बाबा का चेहरा फीका पड़ गया. भारी पुलिस फोर्स देख कर बाबा के अनुयाई भी विरोध नहीं कर सके. गिरफ्तार कर प्रदीप शुक्ला उर्फ सत्यानंद शुक्ला उर्फ काली सरकार को कोतवाली मऊरानीपुर लाया गया.
काली सरकार बाबा की गिरफ्तारी की खबर जंगल की आग की तरह फैली. जिस ने भी खबर सुनी, उसी ने दांतों तले अंगुली दबा ली. बाबा की गिरफ्तारी की खबर जब कुछ सफेदपोश नेताओं को लगी तो वे गिरफ्तारी का कारण जानने व बाबा को छुड़ाने के लिए पुलिस अधिकारियों को फोन कर सिफारिश करने लगे.
मध्य प्रदेश के एक मंत्री का भी फोन एसएसपी विकास कुमार के पास बाबा को रिहा करने के लिए आया, लेकिन उन्होंने बाबा को रिहा करने से साफ मना कर दिया. उन्होंने मंत्री से कहा कि बाबा हिस्ट्रीशीटर है. कानून और पुलिस से बचने के लिए वह बाबा बन गया था.
चूंकि प्रदीप शुक्ला उर्फ नटरोज के खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी था, अत: हरदोई कोतवाल संजय त्यागी ने प्रदीप शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया और उसे हरदोई ले आए. यहां त्यागी ने उस से पूछताछ की तो उस ने हिस्ट्रीशीटर से बाबा बनने तक की हैरान करने वाली कहानी बताई.
उत्तर प्रदेश के हरदोई शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत एक मोहल्ला है— चौहान थोक. प्रदीप शुक्ला इसी मोहल्ले का रहने वाला था. वह बचपन से ही गुस्सैल व जिद्दी स्वभाव का था. पढ़ाईलिखाई में वह फिसड्डी था, अत: ज्यादा पढ़लिख न सका.
युवावस्था में प्रवेश करते ही उस की संगत कुछ अपराधी प्रवृत्ति के लोगों से हो गई. उन के साथ मिल कर वह छोटेमोटे अपराध करने लगा. आम लोगों से झगडऩा, उन के साथ मारपीट व गालीगलौज करना उस की दिनचर्या बन गई.
प्रदीप शुक्ला महत्त्वाकांक्षी था. वह अमीर बनना चाहता था. मेहनत की कमाई से यह संभव नहीं था, अत: वह जरायम की दुनिया में कूद गया. उस ने अपना एक गिरोह बना लिया. उस के बाद वह चोरी, छिनैती, वसूली व लूटपाट करने लगा. कुछ समय बाद ही वह हरदोई पुलिस की आंख की किरकिरी बन गया.
वर्ष 1987 से 2002 के बीच प्रदीप शुक्ला के खिलाफ हरदोई पुलिस ने लूट, हत्या के प्रयास, अपहरण, मारपीट, छिनैती व अवैध हथियार रखने समेत एक दरजन से अधिक मुकदमे दर्ज किए. जरायम की दुनिया में वह प्रदीप शुक्ला उर्फ नटरोज शुक्ला के नाम से कुख्यात हो गया. व्यापारी वर्ग भी उस से डरने लगा.
हरदोई कोतवाली पुलिस रिकौर्ड के अनुसार प्रदीप शुक्ला उर्फ नटरोज के खिलाफ वर्ष 1987 में लूट का मामला दर्ज हुआ. वर्ष 1988 में हत्या का प्रयास व अपहरण का मामला दर्ज हुआ. वर्ष 1993 में लूट तथा वर्ष 1996 व 1997 में आम्र्स एक्ट के तहत पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया. वर्ष 1998 में मारपीट व धमकी का मामला दर्ज हुआ. वर्ष 2002 में प्रदीप शुक्ला के खिलाफ दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 110 के तहत पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की.
हरदोई कोतवाली पुलिस ने प्रदीप शुक्ला को कई मामलों में गिरफ्तार कर जेल भेजा, लेकिन वह जमानत पर बाहर आ गया. वर्ष 2018 में प्रदीप उर्फ नटरोज हरदोई से फरार हो गया. लूट व मारपीट के 2 मामलों में वह अदालत में हाजिर नहीं हो रहा था, इसलिए हरदोई की जिला अदालत ने उस के खिलाफ गैरजमानती गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया था. कोतवाली पुलिस ने प्रदीप को गिरफ्तार करने की भरपूर कोशिश की, लेकिन उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई.
बन बैठा काली भक्त
इधर हरदोई से फरार होने के बाद प्रदीप शुक्ला उर्फ नटरोज पुलिस व कानून से बचने के लिए कानपुर शहर आ गया. उस ने पहचान छिपाने के लिए दाढ़ी, बाल बढ़ा लिए. मंकी कैप व काला चश्मा पहनने लगा. रोजीरोटी के लिए वह उर्सला अस्पताल के पास फुटपाथ पर बैठ कर अंगूठी व नग बेचने का काम करने लगा. अस्पताल के पास बने रैन बसेरा में उस ने ठिकाना बना लिया.
लगभग 2 साल तक प्रदीप शुक्ला कानपुर शहर में रहा. इस के बाद उस का मन भर गया. उस ने अंगूठी व नग बेचने का धंधा भी बंद कर दिया. वह पुलिस के डर से ठिकाने भी बदलना चाहता था, अत: कानपुर शहर छोड़ कर झांसी शहर आ गया.
झांसी के लहरचूरा में वह किराए का कमरा ले कर रहने लगा. यहां उस ने गेरुआ वस्त्र धारण कर अपना चोला बदल लिया. कभी वह आर्मी की वरदी पहन कर भी घूमता था. लोग उसे भूतपूर्व सैनिक समझते थे.
लहरचूरा में प्रदीप शुक्ला एक साल तक रहा. उस के बाद झांसी से 60 किलोमीटर दूर मऊरानीपुर कस्बा आ गया. यहां पर वह एक कमरे में किराए पर रहने लगा. यहीं उस ने बाबा बन कर भोलेभाले लोगों को ठगने की योजना बनाई. योजना के तहत उस ने उचित स्थान खोजना शुरू कर दिया.
एक रोज वह घूमता हुआ किरौंचा गांव पहुंचा. वहां गांव के बाहर स्थित एक चबूतरे पर उस की नजर पड़ी. चबूतरे पर काली मां की धूल भरी मूर्ति स्थापित थी, लेकिन मूर्ति की पूजा नहीं होती थी. चबूतरे के चारों ओर जमीन भी वीरान पड़ी थी. प्रदीप शुक्ला को अपने छिपने का यह स्थान उचित लगा. अत: उस ने बाबा बन कर यहीं रहने का निश्चय किया.
प्रदीप शुक्ला जिद्दी स्वभाव का था. जो एक बार मन में ठान लेता, वही करता था. अत: उस ने चबूतरे व मां काली की मूर्ति की साफसफाई की और पूजापाठ करने लगा. रहने के लिए उस ने चबूतरे के पास ही झोपड़ी भी बना ली.
प्रदीप शुक्ला वहां पूजापाठ करने लगा तो किरौंचा गांव के लोग उस के पास उठनेबैठने लगे. उस ने लोगों को बताया कि उस का नाम सत्यानंद शुक्ला है. मां काली का वह उपासक है. मां काली की कृपा से उसे दिव्य शक्ति प्राप्त है. वह जटिल बीमारियों और अन्य जटिल समस्याओं का निदान करता है.
कुछ समय बाद प्रदीप शुक्ला उर्फ सत्यानंद शुक्ला ने उसी चबूतरे पर मंदिर बना लिया और दिव्य दरबार लगाने लगा. वह काली सरकार के नाम से चर्चित हो गया. सत्यानंद उर्फ काली सरकार बीमारी व अन्य जटिल समस्याओं के निदान के बहाने लोगों को ठगता और धन की उगाही करता.
कई सफेदपोश नेता भी उस के दरबार में आते थे. नेता बाबा को माला पहना कर पुष्पवर्षा करते थे. मध्य प्रदेश के एक मंत्री भी बाबा के भक्त थे. वह भी दरबार में आते थे. बाबा इंटरनेट मीडिया से भी जुड़ा था. उस के पेज पर लगभग एक लाख फालोअर्स थे. बाबा का रसूख चरम पर था.
सब कुछ ठीक चल रहा था. पुलिस और कानून की आंखों में भी वह धूल झोंक रहा था, लेकिन बात तब बिगड़ी जब प्रदीप शुक्ला उर्फ सत्यानंद शुक्ला उर्फ काली सरकार ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर मंदिर परिसर में आश्रम के रूप में अवैध निर्माण शुरू किया. गांव के कुछ लोगों ने इस का विरोध किया और शिकायत झांसी पुलिस कप्तान से की.
एसएसपी विकास कुमार ने कथित बाबा की जांच हरदोई पुलिस के जरिए कराई तो पता चला कि बाबा हरदोई का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है. इस के बाद हरदोई और झांसी पुलिस की संयुक्त टीम ने बाबा को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस उसे आगे की काररवाई के लिए हरदोई कोतवाली ले गई, जहां बाबा के खिलाफ वारंट जारी था.
काली बाबा पहुंचा जेल
11 अक्तूबर से नवरात्रि की शुरुआत थी. बाबा ने बोर्ड लगा दिया था कि नवरात्रि के 9 दिन दरबार बंद रहेगा, अत: इस पावन पर्व पर लोग दरबार न आएं. लेकिन नवरात्रि के पहले ही दिन पुलिस ने बाबा को गिरफ्तार कर लिया.
सीओ (मऊरानीपुर) रत्नेश्वर सिंह ने कथित बाबा काली सरकार के दिव्य दरबार में आने वाले कुछ पीडि़तों से भी बात की. उरई की रहने वाली माया शर्मा ने बताया कि वह प्राइमरी स्कूल में टीचर है. स्कूल आतेजाते उस का एक्सीडेंट हो गया था, जिस से रीढ़ की हड्डी में चोट आई थी. इलाज के बावजूद रीढ़ की हड्डी का दर्द बढ़ रहा था. एक सहयोगी शिक्षिका के बताने पर वह बाबा के दरबार गई. पिछले 3 महीनों से वह दरबार आ रही है, लेकिन कुछ फायदा नहीं हुआ. बाबा इलाज के बहाने 10 हजार रुपए वसूल चुका है.
नौबस्ता (कानपुर) का रामकुमार मानसिक रूप से परेशान था. वह बाबा के दरबार में महीने में एक बार जाता था. बाबा उसे सामने बैठा कर उस के सिर और माथे को घुमाता था. काली मां के मंदिर पर माथा पटकवाता था, लेकिन साल बीत गए, उस की परेशानी दूर नहीं हुई. बाबा उस से भी इलाज के नाम पर हजारों रुपए वसूल चुका था.
चौडगरा (फतेहपुर) की रहने वाली कोमल शर्मा ने बताया कि वह निस्संतान है. शादी के 8 साल बीत गए, लेकिन गोद नहीं भरी. बाबा काली सरकार के बारे में पता चला तो वह अपने पति के साथ दरबार गई. बाबा ने हम दोनों को सामने बैठा कर हमारी समस्या सुनी और फिर कुछ उपाय सुझाए. काली मां मंदिर में पूजापाठ कराई.
वह एक साल से बाबा के दरबार में माथा टेक रही है, लेकिन संतान सुख प्राप्त नहीं हुआ. आनेजाने और बाबा की सेवा में वह हजारों रुपए खर्च कर चुकी है. अब उसे बाबा पर भरोसा नहीं रहा.
कैंसर की बीमारी से जूझ रही मऊरानीपुर कस्बे की कुसुमा देवी ने बताया कि वह महंगे इलाज से थक गई तो बाबा के दरबार में गई. बाबा ने उसे ठीक करने का भरोसा दिया और इलाज शुरू किया. तब से वह हर बुधवार इलाज के लिए बाबा के दरबार में आती है, लेकिन बाबा के इलाज से उसे कोई फायदा नहीं हुआ.
दर्द व पीड़ा से वह अब भी परेशान है. इलाज में उस का एक बीघा खेत भी बिक गया है. बाबा से पीड़ा बताती हूं तो वह गुस्सा करते हैं.
काली सरकार बाबा के एक भक्त राधेश्याम ने बताया कि वह पड़ोसी गांव मैथा का रहने वाला है. बाबा जब से यहां आया, तब से वह बाबा के दरबार में आता है. बाबा लोगों की बीमारी को दूर भगाने का दावा करता है और उन की समस्याओं के निदान की बात करता है. पता नहीं पुलिस ने उसे क्यों गिरफ्तार कर लिया. बाबा की गिरफ्तारी का उसे बेहद अफसोस है.
कुठौंद निवासी सुशीला ने बताया कि बाबा काली सरकार पहले क्या था, उसे पता नहीं, लेकिन जब से दरबार लगाया, तब से वह लोगों का भला ही कर रहा है. अगर लोगों का भला न होता तो उस के दरबार में इतनी भीड़ क्यों उमड़ती. बाबा की गिरफ्तारी से वह बेहद दुखी है.
12 अक्तूबर, 2026 को हरदोई कोतवाल संजय त्यागी ने कोर्ट द्वारा जारी वारंट के आधार पर प्रदीप शुक्ला उर्फ सत्यानंद शुक्ला उर्फ काली सरकार को हरदोई कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार भेज दिया गया. कथा संकलन तक उस की जमानत नहीं हुई थी. Fake Baba Exposed






