Debt Trap Story. पत्नी के बीमार होने पर रमेशभाई ने कस्बे के ही आमदभाई से 3 लाख का कर्ज लिया था. इस कर्ज के बदले में वह उसे 35 लाख से ज्यादा रकम दे चुके थे, इस के बाद भी कर्ज उतरने का नाम नहीं ले रहा था. आमदभाई का आखिर कैसा था ब्याज का जाल, जो रमेशभाई का पीछा ही नहीं छोड़ रहा था?
गुजरात के पश्चिमी कच्छ के कोठारा कस्बे की वह सुबह भी पिछले दिनों जैसी ही थी. दूर तक फैली जमीन पर हल्की धूल उड़ रही थी. कस्बे की दुकानें धीरेधीरे खुलने लगी थीं. चाय की दुकानों से उठती भाप के साथ अखबारों के बंडल भी खुल रहे थे. किसी को अंदाजा नहीं था कि इसी इलाके में चल रहे एक अवैध ब्याज के नेटवर्क की परतें जल्द ही पुलिस की काररवाई में खुलने वाली थीं.
रमेशभाई पटेल उस सुबह अपनी छोटी सी दुकान के बाहर बैठे थे. दुकान उन की अपनी थी. छोटी जरूर थी, मगर वर्षों की मेहनत से खड़ी की गई थी. किराने का सामान, पशुओं के चारे की कुछ बोरियां, खेती में काम आने वाली छोटीमोटी चीजें और रोजमर्रा का सामान, यही उन की कमाई का जरिया थी. इस के अलावा खेती की कुछ जमीन थी, जिस से खाने के अनाज के साथ कुछ नकदी भी मिल जाती थी.
रमेशभाई की उम्र करीब 50 साल हो चुकी थी. पत्नी मीनाबेन, एक बेटा हर्ष और बेटी काव्या. परिवार बहुत अमीर नहीं था, लेकिन अपनी मेहनत से इज्जत की जिंदगी जी रहा था. कुछ महीने पहले तक रमेशभाई को लगता था कि मुश्किल से मुश्किल समय को भी आदमी मेहनत से काट सकता है.
फिर उन की जिंदगी में एक ऐसा मोड़ आया, जिस ने उन्हें यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि कभीकभी मुसीबत से निकलने के लिए लिया गया पैसा ही सब से बड़ी मुसीबत बन जाता है.
उस साल बारिश इतनी ज्यादा हुई कि मूंगफली की सारी फसल खराब हो गई थी. खेती पर निर्भर लोगों की हालत खराब हो गई. रमेशभाई की दुकान पर भी उधारी बढ़ गई थी. ऊपर से उन के बेटे हर्ष को कारोबार बढ़ाने का विचार आया तो उस ने कहा, ”पापा, अगर दुकान में थोड़ा माल और आ जाए तो बिक्री बढ़ सकती है. अभी लोग सामान लेने आते हैं तो कई चीजें हमारे पास होती ही नहीं हैं.’’
रमेशभाई बेटे की बात अच्छी तरह समझते थे, लेकिन पूंजी कहां से आती? बैंक से कर्ज लेने के लिए कागजात चाहिए थे. प्रक्रिया लंबी थी. दुकान का कारोबार भी इतना बड़ा नहीं था कि बैंक तुरंत पैसा दे देता. तभी उन के परिचित ने एक रास्ता सुझाया. उस ने कहा, ”पैसों की जरूरत है तो आमदभाई से मिल लो. पैसा मिल जाएगा. बैंक की तरह महीनों चक्कर भी नहीं लगाने पड़ेंगे.’’
रमेशभाई ने पहले मना किया कि वह ब्याज बहुत लेता है. वह 10 प्रतिशत ब्याज लेगा. पता चला कि मूल से ज्यादा ब्याज ही हो गया. तब उन से कहा गया कि ब्याज थोड़ा ज्यादा जरूर है, लेकिन काम चल जाएगा तो कुछ महीनों में लौटा देना. रमेशभाई ने मना कर दिया.
पर उसी बीच उन की पत्नी मीना की तबीयत ऐसी खराब हुई कि उन्हें अस्पताल में भरती करना पड़ा. डौक्टरों ने औपरेशन बताया, जिस में करीब 3 लाख रुपए का खर्च था. रमेशभाई को उस समय तत्काल पैसा चाहिए था. घर में तो वैसे भी पैसे नहीं थे.
उन्होंने सोचा कि आमदभाई से पैसा ले लेते हैं. कारोबार संभल जाएगा, अगले साल फसल भी ठीक हो जाएगी तो वापस कर देंगे. यही उन की पहली भूल थी. उन्होंने यह नहीं सोचा कि कर्ज की असली कीमत सिर्फ मूल रकम नहीं होती. ब्याज की शर्तें भी उतनी ही महत्त्वपूर्ण होती हैं.
रमेशभाई से कागजों पर हस्ताक्षर करा कर आमदभाई ने 3 लाख रुपए 10 प्रतिशत ब्याज पर दे दिए. उन्होंने गारंटी में कुछ सादे चैक हस्ताक्षर करा कर ले लिए थे. पैसा उधार लेते समय रमेशभाई ने पूछा, ”अगर समय पर पैसा चुका दिया तो हिसाब खत्म हो जाएगा न?’’
आमदभाई से जवाब मिला, ”हां, जैसा हिसाब होगा, उसी हिसाब से पैसा देना होगा. पैसा दे दोगे तो हिसाब खत्म ही हो जाएगा.’’
रमेशभाई को लगा कि मामला साफ है. उन्होंने उधार के रुपयों से पत्नी का इलाज कराया. पत्नी स्वस्थ हो कर घर आ गई. पर इस बीच दुकान का भट्ठा बैठ गया.
पहले 2 महीने तो सब ठीक रहा, लेकिन उस के बाद बारिश और बाजार की कमजोरी ने कारोबार को फिर प्रभावित कर दिया. रमेशभाई तय समय पर ब्याज की पूरी रकम नहीं चुका पाए. यहीं से हिसाब बदलने लगा. 3 लाख रुपए का 30 हजार रुपए हर महीने ब्याज ही होता था. इतनी रकम की हर महीने व्यवस्था करना आसान नहीं होता. रमेशभाई को भी मुश्किल हो रहा था.
जब तीसरे महीने वह ब्याज नहीं दे पाए तो उन से कहा गया कि अब ब्याज भी मूल रकम के साथ जुड़ जाएगा, क्योंकि उन का यही नियम है. ब्याज समय पर नहीं मिलता तो उसे वह मूल में जोड़ देते हैं और उस पर भी ब्याज लेते हैं.
रमेशभाई चौंके, ”लेकिन ब्याज तो मूल रकम पर था.’’
आमदभाई से रमेशभाई ने हिसाब समझने की कोशिश की, मगर आंकड़ों का ऐसा जाल सामने आया कि उन की कुछ समझ में नहीं आया. इस तरह मूल रकम भी बढऩे लगी और ब्याज भी. उन से कहा जाता कि भुगतान करते रहो, रकम धीरेधीरे खत्म हो जाएगी. पर रकम खत्म होने की कौन कहे बढ़ती ही जा रही थी.
तेजी से बढ़ा ब्याज
रमेशभाई को भरोसा था कि एक दिन कर्ज खत्म हो जाएगा. लेकिन कर्ज कम होने के बजाय बढ़ता ही गया. हर महीने वह कुछ न कुछ रकम जमा करते रहे. कभी दुकान की कमाई से. कभी पत्नी के गहने गिरवी रख कर. कभी रिश्तेदारों से उधार ले कर. कभी बेटे की बचत से. लेकिन वह जब भी पूछते कि अब कितना बाकी है? एक नया आंकड़ा सामने आ जाता.
रमेशभाई परेशान हो जाते. कहते, ”मैं ने तो इतनी रकम दे दी है. अब भी इतना बाकी है. जवाब मिलता कि ब्याज जुड़ गया है. वह घर लौटते तो पत्नी उन के चेहरे को देख कर समझ जाती कि बात ठीक नहीं है. एक रात उस ने पूछा, ”अभी कितना रुपया बाकी है?’’ रमेशभाई चुप रहे.
”बताइए न.’’ मीना ने फिर पूछा. ”अभी बहुत है.’’
”कितना?’’ ”पता नहीं.’’ मीना कुछ देर उन्हें देखती रही. फिर पूछा, ”आप ने कितने रुपए लिए थे?’’
रमेशभाई ने रकम बताई तो मीना का चेहरा चिंता से झुलस गया. उन्होंने कहा, ”इतना लिया था और इतना चुका भी दिया. फिर भी अभी इतने रुपए बाकी हैं?’’
रमेशभाई ने सिर झुका कर कहा, ”यही तो समझ में नहीं आ रहा है.’’
रकम समय पर न पहुंचती तो तकादे के फोन आने लगते. कभी सुबह. कभी रात में तो कभी दुकान पर. कभी घर के आसपास. आमदभाई का फोन नंबर देख कर रमेशभाई का चेहरा लटक जाता. कभी वह रमेशभाई के घर भी आ धमकता, साथ में उस का भाई ओसमाण भी होता, जो सीधे बेइज्जती कर देता.
रमेशभाई उसे कोने में ले जा कर समझाते कि वह पैसे दे तो रहे हैं. वह धमका कर चला जाता. रमेशभाई के पास जो पूंजी होती, दे आते. एक दिन आमद का फोन आया तो पिता को परेशान देख कर हर्ष ने पूछ लिया, ”पापा, किस का फोन था?’’
”किसी का नहीं. ऐसे ही.’’ ”फिर आप फोन आने पर इतना परेशान क्यों थे?’’
रमेशभाई ने बात टाल दी. लेकिन घर के बच्चे अब सब समझने लगे थे. काव्या ने मम्मी मीना से पूछा, ”मम्मी, पापा को कोई परेशान करता है क्या?’’
मीना ने उसे समझाया, ”तुम अपनी पढ़ाई करो. दुनियादारी से मतलब मत रखो.’’
लेकिन डर छिपता नहीं. वह घर के माहौल में उतर चुका था. एक दिन रमेशभाई से आमद ने कहा, ”अगर पैसे देने में परेशानी हो रही है तो जमीन के कागजात जमा कर दो.’’
रमेशभाई ने अपनी पैतृक जमीन के कागज निकाले. उन के लिए वे सिर्फ कागज नहीं थे. वह जमीन उन के पिता की निशानी थी. मीना ने कागज देखते ही कहा, ”इन्हें कतई मत देना. ये हमारे पुरखों की निशानी हैं.’’
रमेशभाई बोले, ”कुछ समय के लिए जमा करने को कह रहे हैं. पैसा अदा होते ही वापस मिल जाएंगे.”
”लेकिन कागज क्यों जमा करने पड़ रहे हैं?’’ ”शायद भरोसे के लिए.’’
मीना ने कहा, ”अब तक इतने पैसे दे दिए हैं, फिर उसे जमीन के कागज क्यों चाहिए? ऐसे भरोसा नहीं है?’’
रमेशभाई के पास कोई जवाब नहीं था. फिर उन्होंने कागज दे दिए. उन्हें उम्मीद थी कि जल्दी सब ठीक हो जाएगा. समय बीतता गया. रमेशभाई लगातार रुपए देते रहे. एक दिन उन्होंने घर की पुरानी अलमारी खोली. उस में रसीदें, कागज और कुछ भुगतान संबंधी परचियां थीं. उन्होंने एकएक कर के हिसाब लगाया. कैलकुलेटर पर अंगुलियां चलती रहीं. काफी देर बाद वह कुरसी से उठे नहीं तो मीना ने पूछा, ”क्या हुआ?’’
रमेशभाई की आंखें भर आईं. उन्होंने कहा, ”अब तक मैं करीब 36 लाख 50 हजार रुपए दे चुका हूं. फिर भी हिसाब खत्म ही नहीं हो रहा.’’
मीना को जैसे विश्वास नहीं हुआ. उस ने चौंक कर कहा, ”क्या? 3 लाख के लगभग साढ़े 36 लाख. फिर भी कर्ज खत्म नहीं हुआ?’’
रमेशभाई ने सिर हिला कर कहा, ”नहीं.’’
मीना कुछ क्षण तक चुप रही. फिर उस ने धीमे से पूछा, ”अभी और कितना बाकी है?’’
रमेशभाई ने कोई जवाब नहीं दिया. उस रात घर में खाना नहीं बना. किसी को भूख नहीं थी. हर्ष ने कहा, ”पापा, चलो पुलिस में शिकायत करते हैं.’’
रमेशभाई डर गए. उन्होंने घबरा कर कहा, ”नहीं.’’ ”क्यों?’’ हर्ष ने पूछा.
”तुम नहीं समझते. उन के पास हमारी जमीन के कागज हैं. सादा चैक हैं. वे हमारी जमीन हड़प सकते हैं. कोर्ट में केस कर सकते हैं. ”तो क्या हुआ?’’
”अगर कुछ हो गया तो जमीन हाथ से निकल जाएगी?’’ हर्ष ने पिता का हाथ पकड़ कर कहा, ”पापा, इस तरह डर कर कब तक जीएंगे?’’
रमेशभाई चुप रहे. उन की आंखों के सामने पिछले महीनों की तसवीरें घूम रही थीं. कर्ज लेने का दिन. पहली रकम. पहला भुगतान. बढ़ता हिसाब. जमीन के कागज. लगातार फोन. और अब तक 36.5 लाख रुपए चुकाने के बाद भी कर्ज खत्म नहीं हुआ. उन्हें पहली बार महसूस हुआ कि वह सिर्फ कर्जदार नहीं रहे थे. वह डर के कैदी भी बन चुके थे.
रमेशभाई ने आखिरकार हिम्मत की. उन्होंने थाना कोठारा जा कर पुलिस के सामने अपनी शिकायत रखी. उन्होंने एसएचओ को बताया कि किस तरह उन्हें कर्ज दिया गया था, ब्याज कैसे बढ़ता गया और भुगतान करने के बाद भी उन से रकम की मांग जारी रही.
शिकायत के साथ उन्होंने भुगतान से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराए. सारे कागजात भी सामने रखे. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया.
जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि यह सिर्फ एक व्यक्ति की परेशानी नहीं थी, बल्कि एक बड़े अवैध आर्थिक नेटवर्क की आशंका सामने आने लगी. मामला गंभीर देख कर एसएचओ ने इस मामले की जानकारी डिप्टी एसपी मनीषा देसाई और पश्चिमी कच्छ के एसपी विकास सुंडा को दी.
पुलिस अधिकारियों ने भी मामले में हस्तक्षेप किया. उन के अनुसार मामले की जांच में यह सामने आया कि आमद हाजी मामद मंधरा और ओसमाण हाजी मामद मंधरा लोगों से अवैध तरीके से ऊंची दरों पर ब्याज वसूलते थे. कर्ज लेने वालों से वह पठानी वसूली करते थे.
जब्त किए दस्तावेज
इस के बाद पुलिस ने काररवाई की तैयारी शुरू की. पुलिस की टीम जब ठिकाने पर पहुंची और मंधरा भाइयों के यहां छापा मारा तो वहां मौजूद लोगों को अंदाजा नहीं था कि तलाशी में क्याक्या सामने आने वाला है. एकएक अलमारी खोली गई. दराजें देखी गईं. बक्सों की तलाशी ली गई. कागजात अलग किए गए. बैंक संबंधी दस्तावेज सामने आए. चैकबुकें मिलीं. पासबुकें मिलीं. जमीन और मकान से जुड़े दस्तावेज मिले. लोगों के हस्ताक्षर किए सादे चैक भी मिले.
पुलिस ने दस्तावेजों को एकएक कर के कब्जे में लेना शुरू किया. जितनी देर तलाशी चलती रही, बरामदगी की सूची उतनी ही लंबी होती गई. नकदी भी मिली. सोनाचांदी भी मिला. और ऐसे दस्तावेज भी मिले, जिन से अवैध वित्तीय लेनदेन के बड़े स्तर का पता चल सकता था.
पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान कुल 2,25,79,120 रुपए मूल्य की संपत्ति जब्त की गई.
इस में 1,24,53,400 रुपए नकद शामिल थे. इस के अलावा करीब 1,01,20,720 रुपए मूल्य का सोनाचांदी भी बरामद हुआ. पुलिस के अनुसार इस में लगभग 831 ग्राम सोना और 2.2 किलोग्राम चांदी के आभूषण और सिक्के थे.
लेकिन पुलिस के लिए केवल नकदी और आभूषण ही महत्त्वपूर्ण नहीं थे. असल सवाल उन दस्तावेजों का था, जो अवैध लेनदेन की कहानी खोल सकते थे. तलाशी में 74 चैकबुक, 77 हस्ताक्षर किए हुए चैक और 72 बैंक पासबुक मिलीं.
इस के साथ ही 35 जमीनमकान के मूल दस्तावेज, 9 खाता बहियां, 11 कारोबारी फर्मों के स्टैंप, 17 वाहनों की आरसी बुक और 28 हिसाबी डायरियां भी मिलीं. इन दस्तावेजों ने जांच को एक नए स्तर पर पहुंचा दिया.
अब मामला सिर्फ रमेशभाई की शिकायत तक सीमित नहीं था. जांच कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने एक डायरी उठाई. उस में कई नाम थे. कुछ के सामने रकम लिखी थी. कहीं तारीखें थीं.
कहीं ब्याज का उल्लेख. कहीं भुगतान. कहीं बाकी रकम.
अधिकारी ने डायरी के पन्ने पलटते हुए कहा, ”हर नाम की अलग जांच करनी होगी.’’
यह जांच का महत्त्वपूर्ण हिस्सा था. क्योंकि कागज में नाम होना अपने आप में अपराध साबित नहीं करता. हर लेनदेन की वास्तविकता, रकम और परिस्थितियों की जांच जरूरी थी. पुलिस ने ब्याज पर दे कर पठानी उगाही करने वाले दोनों भाइयों— आमद हाजी मामद मंधरा और ओसमाण हाजी मामद मंधरा को गिरफ्तार कर लिया था.
इस तरह पुलिस ने दोनों भाइयों के अवैध वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त कर तमाम लोगों को शोषण होने से बचा लिया था.
इस काररवाई के बाद अनेक लोग आमदभाई और ओसमाणभाई के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने आने लगे थे. पूछताछ के बाद दोनों भाइयों को जेल भेज दिया गया था. Debt Trap Story






