Domestic Dispute Murder. करवा चौथ से ठीक पहले, जब हर घर में सुहाग की सलामती की दुआ हो रही थी, उसी दौरान यूपी के शाहजहांपुर में एक आंगन में रिश्ता लहूलुहान हो गया. अपने 3 बच्चों के सामने अवनीश ने कुल्हाड़ी से पत्नी सुशीला को काट डाला. घर में चीखें थमी भी नहीं थीं कि अवनीश अपने 6 साल के बेटे को ले कर भाग गया. मेहंदी लगे जो हाथ पति की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ की थाली को सजाते, आखिर अवनीश ने उन्हें क्यों काट डाला?
एक घर, रोजगार की तलाश, पतिपत्नी के बीच मतभेद और 3 मासूम बच्चों की ऐसी त्रासदी, जिस का दर्द शब्दों में समेटना आसान नहीं है. उत्तर प्रदेश के जिला शाहजहांपुर के अल्हागंज क्षेत्र के चौरसिया गांव में अवनीश अपने 6 साल के बड़े बेटे सोहन, 4 साल की बेटी मेनका और महज डेढ़ साल के बेटे रोहन और अपनी पत्नी सुशीला के साथ रहता था.
करवा चौथ आने वाला था. सिर्फ 2 दिन बाकी थे. सुशीला सोच रही थी कि करवा चौथ पर वह पूरे दिन निर्जल व्रत रखेगी. शाम को छलनी से चांद देखेगी, फिर पति को देखेगी और फिर चांद को अघ्र्य दे कर सिंदूर लगाएगी. उसी सिंदूर को जो वह पिछले 8 सालों से अपनी मांग में सजाती आ रही थी. उसी सिंदूर के लिए वह हर साल व्रत रखती थी, पति की लंबी उम्र, बच्चों की खुशहाली और घर की शांति के लिए. दोनों पतिपत्नी सोशल मीडिया पर रील बनाते थे. कभी भीमराम अंबेडकर का झंडा ले कर, कभी घर के आंगन में मुसकराते हुए. लोग कमेंट करते 'कितनी खुशहाल जोड़ी है.’






