Mobile Hacking Crime. साइबर क्राइम के साथसाथ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और हत्या का यह मामला कानपुर शहर का है. कानपुर में साइबर हैकरों की ब्लैकमेलिंग से परेशान हो कर नीट की तैयारी कर रहे 20 वर्षीय छात्र ने सुसाइड कर लिया. इस तरह यूपी के कानपुर में साइबर हैकरों की ब्लैकमेलिंग ने एक होनहार छात्र की जिंदगी छीन ली.
नीट की तैयारी कर रहे 20 वर्षीय शिवा सिंह को हैकरों ने इस कदर परेशान किया कि उस ने आत्मघाती कदम उठा लिया. आरोप के अनुसार साइबर अपराधियों ने शिवा सिंह का मोबाइल हैक कर अश्लील तसवीरें और वीडियो तैयार कर लिए थे. इन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे कर लगातार रुपए मांगे जा रहे थे. हद तो तब हो गई, जब हैकरों ने छात्र के पिता का मोबाइल नंबर हासिल कर उन के वाट्सऐप पर भी बेटे की अश्लील तसवीरें और वीडियो भेज दिए. पहली नवंबर की देर रात रावतपुर के तुलसी नगर स्थित हौस्टल के कमरे में शिवा का शव फंदे से लटका मिला. बेटे की मौत की खबर सुन कर पहुंचे परिजनों का रोरो कर बुरा हाल हो गया.
बहराइच के हुजूरपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी चंद्रवीर सिंह किसान हैं. उन का बेटा शिवा पढ़ाई में बेहद होनहार था. उस ने वर्ष 2024 में इंटरमीडिएट की परीक्षा में टौप किया था. डौक्टर बनने का सपना पूरा करने के लिए वह 2025 में कानपुर आया था. रावतपुर के तुलसी नगर स्थित हौस्टल में वह अपने सहपाठी दीपक गोस्वामी के साथ रह कर नीट की तैयारी कर रहा था.
पिता चंद्रवीर सिंह के मुताबिक शिवा ने 31 अक्तूबर को फोन कर बताया था कि किसी ने उस का मोबाइल हैक कर लिया है. हैकर लगातार फोन कर के उस से रुपए मांग रहे हैं और पैसे नहीं देने पर उस की निजी तसवीरें वायरल करने की धमकी दे रहे हैं.
पिता ने उसे समझाया और बहराइच के हुजूरपुर थाने में साइबर अपराधियों के खिलाफ तहरीर दी. इस के बावजूद धमकियां जारी रहीं. शिवा ने अपने चाचा रंजीत से पहली नवंबर को दिन में एक हजार रुपए भी मांगे थे. चाचा ने औनलाइन रकम भेज दी थी, लेकिन हैकरों ने पीछा नहीं छोड़ा.
पहली नवंबर को हैकरों ने पिता के मोबाइल पर भी शिवा की अश्लील तसवीरें और वीडियो भेज दिए. इस से छात्र मानसिक रूप से बुरी तरह टूट गया. उसे अपनी और परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा की चिंता सताने लगी थी. पिता ने उसे भरोसा दिलाया था कि पुलिस काररवाई करेगी, लेकिन पहली नवंबर की देर रात शिवा ने कमरे में फंदा लगा कर जान दे दी.
रूम पार्टनर दीपक गोस्वामी कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था. काफी आवाज देने के बाद भी जब जवाब नहीं मिला तो खिड़की से झांक कर देखा गया. शिवा फंदे से लटक रहा था. सूचना पर पुलिस और फोरैंसिक टीम पहुंची. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया गया.
पोस्टमार्टम हाउस में चंद्रवीर सिंह बेटे का शव देख कर फूटफूट कर रो पड़े. उन्होंने कहा, ”बेटे को डौक्टर बनाने भेजा था, कभी नहीं सोचा था कि उस की बौडी ले कर गांव लौटना पड़ेगा.’’
वहीं मां पूनम सिंह पोस्टमार्टम हाउस में रखे शवों के बीच बेटे को तलाशती रहीं. वह बिलखते हुए कह रही थीं, ”इस में मेरा बेटा कौन सा है… शिवा… शिवा!’’
रावतपुर थाने के एसएचओ कमलेश राय ने बताया कि परिजनों ने पूछताछ में साइबर हैकरों द्वारा छात्र को परेशान किए जाने की जानकारी दी है. Mobile Hacking Crime






