ठगों ने खोला गृह मंत्रालय का फरजी ट्रेनिंग सेंटर

ठगों ने खोला गृह मंत्रालय का फरजी ट्रेनिंग सेंटर – भाग 3

हडक़ाया डीसीपी सतीश कुमार को…

इन में से एक युवक ट्रेनिंग हाल में 11 युवकों और एक युवती को लेक्चर देता मिला था, उस ने अपना नाम आशीष चौधरी बताया. वह बड़े रोबदार आवाज में डीसीपी सतीश कुमार को हडक़ाते हुए बोला, ‘‘आप नहीं जानते मैं कौन हूं. मैं गृह मंत्रालय के डिपार्टमेंट औफ क्रिमिनल इंटेलिजेंस में डीसीपी हूं. मुझ पर हाथ डालना आप लोगों को महंगा पड़ जाएगा.’’

एक बार को डीसीपी सतीश कुमार भी चकरा गए. यह व्यक्ति सच बोल है या झूठ, वह निर्णय कर पाते उस से पहले ही स्पैशल सीपी रविंद्र यादव ने आशीष चौधरी के गरेबान पर हाथ डाल दिया. वह आशीष चौधरी को घूरते हुए बोले, ‘‘हमारे साथ क्राइम ब्रांच के औफिस चलो… वहां बताना तुम कौन हो.’’

आशीष चौधरी चीखता रहा, तरहतरह की धमकियां देता रहा, लेकिन उस की नहीं सुनी गई. उसे इंसपेक्टर अभिजीत और एसआई इंद्रवीर सिंह ने जबरन पुलिस वैन में बिठा लिया. दूसरे लोगों को भी पुलिस वैन में बिठा कर उस जगह को ताला लगा दिया गया. यह क्राइम ब्रांच की टीम पहले इन लोगों की असलियत जान लेना चाहती थी, तभी इस ट्रेनिंग सेंटर की तलाशी का काम शुरू होता. इन्हें क्राइम ब्रांच के औफिस में लाया गया.

यहां खुद को गृह मंत्रालय में क्रिमिनल इंटेजिलेस में डीसीपी बता रहे आशीष चौधरी से कड़ाई से पूछताछ की गई तो उस की सारी हेकड़ी धरी की धरी रह गई. उस ने स्वीकार किया कि वह गृह मंत्रालय के नाम पर फरजी ट्रेनिंग सेंटर चला रहा था. आशीष ने बताया कि वह 7वीं क्लास तक पढ़ा है. शुरू से ही वह बहुत महत्त्वाकांक्षी था, ढेर सारा रुपया कमाना चाहता था. कम शिक्षा की बदौलत सरकारी जौब तो वह पा नहीं सकता था, लेकिन सरकारी दफ्तर खोल कर जरूर बैठ सकता था.

सेंटर खोलते ही फंसते गए बेरोजगार…

उस ने शुरूशुरू में मेहरौली में एंटी करप्शन आर्गनाइजेशन का औफिस खोला था, वहां उसे कामयाबी नहीं मिली तो एनजीओ चलाया, उस में भी सफलता नहीं मिली तो उसे बंद कर के घर बैठ गया. 2017 में उस ने अंकिता नाम की महिला से कोर्टमैरिज कर ली. उस समय उस की उम्र 27 साल थी जबकि अंकिता 40 साल की थी और 8 साल की बेटी की मां भी थी.

आशीष ने बताया कि 2014 में गोविंद कौशिक नाम के युवक से मुलाकात हुई. वह प्राइवेट जौब करता था. उस ने सलाह दी कि यदि गृह मंत्रालय के तहत अंडर कवर एजेंट ट्रेनिंग सेंटर खोला जाए तो अच्छी आमदनी की जा सकती है. वह ऐसे युवकों को जानता है, जिन्हें किसी भी कीमत पर सरकारी नौकरी चाहिए. इस के बाद आशीष ने गोविंद कौशिक को साथ मिल कर जाफरपुर कलां में किराए की जगह ले कर यह ट्रेनिंग सेंटर खोल लिया. यहां पर उसे अमित कुमार नाम का एक पार्टनर और मिल गया. अमित दिल्ली होम गार्ड में नौकरी करता था.

“ट्रेनिंग सेंटर में तुम ने युवकों को क्या कह कर जौइन करने को उकसाया था?’’ इंसपेक्टर अभिजीत ने पूछा.

“सर, हम युवकों को कहते थे कि यहां गृह मंत्रालय के अंडर में अंडर कवर एजेंटों की भरती करनी है. यहां जाफरपुर कलां में उन्हें ट्रेनिंग दी जाएगी. जैसे ही अंडर कवर एजेंटों की भरती खुलेगी, उन्हें वहां लगा दिया जाएगा. सिक्योरिटी के लिए उन्हें 5 लाख रुपया देना होगा. हम वहां सेंटर में उन्हें 9 बजे बुलाते थे और 5 बजे छुट्ïटी देते थे. सभी को यह कहा गया था कि यह गृह मंत्रालय का एक संवेदनशील डिर्पाटमेंट है, देश हित में कार्य करता है, इसलिए कोई बात लीक नहीं होनी चाहिए. हमारे सैंटर से 11 युवक और एक युवती जुड़ गए थे. अभी गोविंद कौशिक के द्वारा 8-10 नए युवक यह ट्रैनिंग सेंटर जौइन करने वाले थे, लेकिन रेड पड़ गई.’’

पूछताछ में पता चला कि इस फरजी ट्रेनिंग सेंटर को 3 लोग मिल कर चला रहे थे, जिन में आशीष चौथरी, गुरुग्राम के न्यू पालम विहार, सैक्टर 9 का रहने वाला है. दूसरा 33 साल का गोविंद कौशिक. यह अशोक नगर, बी ब्लौक का निवासी है. तीसरा 34 साल का अमित कुमार जो सूरजकुंड, फरीदाबाद का रहने वाला है.

तीनों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया तो उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया. 11 बेरोजगार युवकों और एक युवती से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि वे तो नौकरी मिलने की लालसा में इन चंगुल में फंसे थे. जैसेतैसे कर के उन्होंने इन ठगों को पैसे दिए थे. पुलिस ने इन के नामपते दर्ज कर के उन्हें बुलाए जाने पर यहां आने की हिदायत दे कर घर जाने दिया.

जाफरपुर कलां के फरजी ट्रेनिंग सेंटर में जो चीजें बरामद की गईं, उन में रिक्रूटमेंट एप्लिकेशन, फेक काल लेटर, अपौइंटमेंट लेटर, 3 लाख रुपए नगद, 2 वायरलैस सेट, एक वायरलैस फोन, 16 फेक आईडी कार्ड, खाकी यूनिफार्म, 20 जोड़े खाकी मोजे, 4 जोड़ी पुलिस के जूते, 15 खाकी मास्क, डीसीआई लोगो के छपे हुए लिफाफे, औफिस स्टेशनरी, रजिस्टर फाइल कवर, 7 रबड़ स्टांप, ट्रेनिंग फाइल, डीसीआई के डीजी (डायरेक्टर जनरल) की फेक फोटो फ्रेम और राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री की फोटो फ्रेम और अशोक चक्र लगे डीसीआई के झंडे, कंप्यूटर तथा लैपटाप थे.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित. रजनी और उपेंद्र काल्पनिक नाम हैं.

ठगों ने खोला गृह मंत्रालय का फरजी ट्रेनिंग सेंटर – भाग 2

दिखने में लग रहा था सरकारी अधिकारी का औफिस…

उपेंद्र अपने कपड़े दुरुस्त कर के आगे बढ़ा तो उस का दिल धडक़ उठा. किसी तरह खुद पर नियंत्रण पाने की कोशिश करते हुए उपेंद्र ने दरवाजे पर पहुंच कर अंदर देखा. दरवाजे पर सफेद परदा पड़ा था. उपेंद्र ने परदा हटा कर शीशे में से झांका, अंदर बड़ी टेबल के पीछे व्हीलचेयर पर एक हृष्टपुष्ट कदकाठी का व्यक्ति बैठा हुआ फाइल देख रहा था. उस की टेबल पर सफेद कपड़ा बिछा हुआ था. टेबल पर ग्लोब रखा था. उस के पास बेशकीमती पैन स्टैंड, कुछ फाइल्स, पेपर वेट और ताजे फूलों का गुलदस्ता रखा हुआ था. गुलदान में गुलाब के ताजे फूल खिले हुए नजर आ रहे थे.

टेबल के दाईं ओर पीतल की नेम प्लेट रखी थी, जिस पर अमित कुमार, सीबीआई रैंक इंसपेक्टर लिखा हुआ था. जहां अमित कुमार की व्हीलचेयर थी, उस के पीछे सफेद दीवार पर महात्मा गांधी की फोटो लगी हुई थी. बाहर से ही कमरे का निरीक्षण कर लेने के बाद उपेंद्र ने धीरे से शीशे का दरवाजा खटखटाते हुए कहा, ‘‘क्या मैं अंदर आ सकता हूं?’’

अमित कुमार ने चौंकते हुए सिर उठाया और दरवाजे पर उपेंद्र को देख कर गंभीर लहजे में कहा, ‘‘वेलकम. आप अंदर आ सकते हैं?’’

उपेंद्र ने शीशे का दरवाजा खोला और अंदर आ गया. उस ने अमित कुमार को गुड मार्निंग कहा और उन के इशारे पर सामने रखी कुरसी पर बैठ गया.

“अपना रिज्यूमे लाए हैं आप?’’ अमित कुमार ने फाइल बंद करते हुए पूछा.

“जी सर,’’ कहते हुए उपेंद्र ने फाइल में से रिज्यूमे निकाल कर अमित कुमार के सामने रख दिया.

अमित ने नियम और शर्तों की दी जानकारी…

अमित कुमार ने रिज्यूमे पर सरसरी नजर डाली और मुसकरा कर उपेंद्र की तरफ देख कर कहा, ‘‘आप ने ग्रैजुएशन किया है, यह जान कर खुशी हुई. क्या आप यहां पर सर्विस करने के इच्छुक हैं?’’

“इसीलिए तो आया हूं सर.’’

“आप पहले यहां के रूल रेगुलेशन समझ लें तो आप के लिए बेहतर रहेगा.’’ अमित कुमार ने गंभीरता से कहा. उपेंद्र तुरंत सावधान हो कर बैठ गया, ‘‘जी सर, बताइए.’’

“देखिए उपेंद्रजी, हम यहां ग्रैजुएट युवकों को ही भरती कर रहे हैं, ऐसे युवक जो अपने देश से प्यार करते हों, जो पूरी निष्ठा से इस अंडरकवर एजेंट की ट्रेनिंग पूरी करें.’’

“मैं आप को विश्वास दिलाता हूं सर कि पूरी निष्ठा से मैं इस अंडरकवर एजेंट की ट्रेनिंग पूरी करूंगा.’’

“आप को यहां जौइनिंग मिल जाएगी, लेकिन इस के लिए सिक्योरिटी के तौर पर आप हमें 5 लाख रुपए देंगे.’’

“प… पांच लाख?’’ उपेंद्र का स्वर कांप गया, ‘‘सर, 5 लाख न हों तो…’’

“तो आप को जौब नहीं मिलेगी.’’ अमित कुमार ने सिर झटका, ‘‘वैसे 5 लाख रुपया हमें नहीं रखना. यह तो आप को सिक्योरिटी के लिए जमा करने होंगे. आप की कुछ ही साल यहां अंडरकवर एजेंट की ट्रेनिंग चलेगी. ट्रेनिंग हम इसलिए दे रहे हैं कि आप भविष्य में देश के लिए एक मंझे हुए एजेंट बन कर डिपार्टमेंट औफ क्रिमिनल इंटेलिजेंस की छत्रछाया में देश हित में काम कर सकें. आप को होम मिनिस्ट्री से यह ट्रेनिंग दिलवाई जाएगी. चूंकि अभी क्रिमिनल इंटेलिजेंस डिपार्टमेंट में नियुक्तियां भर गई हैं, इसलिए यहां ट्रेनिंग सेंटर खोल कर युवकों को देश सेवा के लिए तैयार किया जा रहा है.’’

“आप से एक सवाल है सर.’’ उपेंद्र ने टोका.

“बेहिचक पूछ सकते हैं आप, जो भी मन में शंका हो.’’ अमित कुमार ने उपेंद्र की तरफ देख कर ठहरे हुए शब्दों में कहा.

“क्या ट्रेनिंग के दौरान एजेंट को सैलरी दी जाएगी?’’

“नहीं,’’ अमित कुमार ने सिर हिलाया, ‘‘आप की ट्रेनिंग पूरी होने के बाद आप को यदि (डीसीआई) डिपार्टमेंट औफ क्रिमिनल इंटेलिजेंस में भरती कर लिया जाता है तो आप को होम मिनिस्ट्री से पूरी सैलरी दे दी जाएगी, जो ट्रेनिंग के वक्त को जोड़ देने पर लाखों रुपए में हो सकती है.’’

“यदि भरती नहीं किया गया तो?’’ उपेंद्र ने शंका प्रकट की.

“फिर आप को कुछ नहीं मिलेगा.’’ अमित कुमार ने स्पष्ट किया.

“ठीक है सर, मैं 5 लाख का इंतजाम करता हूं.’’ उपेंद्र ने उठते हुए कहा.

“एक बात का विशेष खयाल रखेंगे आप,’’ अमित कुमार ने टोका, ‘‘आप यहां की कोई भी बात बाहर नहीं बताएंगे. अपनी मां या पत्नी को भी नहीं. यह सुरक्षा के लिए जरूरी है मिस्टर उपेंद्र.’’

“ओके सर. मैं किसी से कुछ नहीं कहूंगा.’’ उपेंद्र ने कहा और दरवाजे से बाहर आ गया. तभी उस के कदम ठिठक गए. अंदर अमित कुमार फोन पर किसी से कुछ कह रहा था. उपेंद्र ने कान लगा कर सुना. अमित किसी को बता रहा था, ‘‘मुरगा फंस गया है जनाब, चारा ही ऐसा डाला है कि वह खाएगा जरूर. अपने 5 लाख पक्के.’’

उपेंद्र को अपना सिर चकराता महसूस हुआ. वह खुद को संभाल कर तेजी से दरवाजे के पास से हट गया.

क्राइम ब्रांच को मिली फरजी सेंटर की सूचना…

राजौरी गार्डन के (डब्ल्यूआर-1) यूनिट क्राइम ब्रांच के स्पैशल सीपी रविंद्र सिंह यादव को किसी अज्ञात फोन नंबर सूचना मिली कि जाफरपुर कलां में होम मिनिस्ट्री के नाम पर एक फरजी अंडर कवर एजेंट ट्रेनिंग सेंटर बना कर बेरोजगार युवकों को बेवकूफ बनाया जा रहा है. उन से 5-5 लाख रुपए लिए जा रहे हैं.

सूचना देने वाले ने अपना नामपता नहीं बताया था. सीपी रविंद्र यादव ने फिर भी इस सूचना को गंभीरता से लिया. उन्होंने सब से पहले क्राइम ब्रांच के राजौरी गार्डन क्षेत्र के डीसीपी सतीश कुमार, एसीपी राजकुमार, इंसपेक्टर अभिजीत कुमार और एसआई इंद्रवीर सिंह को अपने औफिस में बुला लिया.

सभी अफसर उन के औफिस में आ गए. सीपी रविंद्र सिंह यादव ने सभी को बैठा कर गंभीर स्वर में कहा, ‘‘एक अज्ञात व्यक्ति की ओर से मुझे सूचना दी गई है कि जाफरपुर कलां में एक फरजी प्रशिक्षण केंद्र बना कर कुछ व्यक्ति बेरोजगार युवकों को प्रशिक्षण दे रहे हैं. यह प्रशिक्षण केंद्र भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंडर में चलाया जा रहा है. वहां युवकों को गृह मंत्रालय के तहत अंडर कवर एजेंट बना कर नौकरी देने का वादा कर के उन से 5-5 लाख रुपया लिया जा रहा है.’’

“यह तो गृह मंत्रालय के नाम पर युवकों को बेवकूफ बना कर लूटने का धंधा हुआ सर.’’ इंसपेक्टर अभिजीत कुमार हैरान स्वर में बोले.

“बेशक.’’ सीपी रविंद्र सिंह ने सिर हिलाया, ‘‘मैं खुद इस रैकेट की असलियत जानने के लिए चल रहा हूं. आप सब तैयार हो जाइए.’’

आधे घंटे बाद ही स्पैशल पुलिस कमिश्नर रविंद्र सिंह यादव के साथ डीसीपी सतीश कुमार, एसीपी राजकुमार, इंसपेक्टर अभिजीत और एसआई इंद्रवीर सिंह जाफरपुर कलां के लिए निकल गए. जाफरपुर कलां में अंडर एजेंट ट्रेनिंग सैंटर पहुंच कर क्राइम ब्रांच की टीम ने वहां अकस्मात छापा मारा तो वहां से इस फरजी ट्रेनिंग चलाने वाले 3 मुखियाओं के साथ 11 युवक और एक युवती को हिरासत में ले लिया गया.

ठगों ने खोला गृह मंत्रालय का फरजी ट्रेनिंग सेंटर – भाग 1

दिल्ली के तालकटोरा गार्डन में फव्वारे के पास बैठी रजनी की आंखें पार्क के मुख्य गेट पर टिकी हुई थीं. उस के चेहरे पर बेचैनी साफ झलक रही थी, इस का कारण था पलपल आगे बढ़ता हुआ समय. रजनी ने मां से कहा था कि वह सहेली प्रीति से नोटबुक लेने जा रही है और वह 7 बजे तक घर लौट आएगी. लेकिन वह सहेली का बहाना कर प्रेमी उपेंद्र से मिलने गई थी.

वह इस पार्क में साढ़े 5 बजे आ गई थी. उसे आधा घंटा बीत गया था, उपेंद्र का इंतजार करते हुए. उपेंद्र ने 5 बजे पार्क में उस से मिलने का वादा किया था, लेकिन जब रजनी यहां आई थी तो उपेंद्र पार्क में नहीं पहुंचा था. उपेंद्र को रजनी दिल से प्यार करती थी. उपेंद्र भी उसे दिलोजान से चाहता था. वे दोनों एक ही कोचिंग सेंटर से एसएससी की तैयारी कर रहे थे. सेंटर में उन का रोज ही मिलना होता था, लेकिन वहां मौजूद अन्य युवकयुवतियों के बीच दिल की बात करना मुमकिन नहीं था, इसलिए सप्ताह में एक बार वे इस पिकनिक पार्क में अवश्य आ कर मिलते थे.

समय पलपल आगे सरक रहा था. उपेंद्र हर बार दिए गए समय से आधा घंटा पहले ही पहुंच जाता था. आज न जाने वह क्यों नहीं आया था. यदि वह किसी जरूरी काम में फंस गया है तो उसे फोन कर के बता देना चाहिए था. अभी तक उपेंद्र ने फोन भी नहीं किया था. रजनी की बेचैनी बढ़ती जा रही थी. जब साढ़े 6 बज गए तो रजनी ने उपेंद्र को फोन करने का मन बना कर मोबाइल सामने किया तो उसे पार्क की गेट में प्रवेश करता उपेंद्र नजर आ गया.

रजनी की बेचैनी पलक झपकते ही गायब हो गई. वह अपनी जगह उठ कर खड़ी हो गई. उस ने देखा उपेंद्र का चेहरा बुझाबुझा सा है, वह बहुत ज्यादा परेशान भी दिखाई यह रहा है. कुछ ही देर में उपेंद्र उस के पास आ गया. रजनी ने मुसकरा कर उस का स्वागत किया.

“आज तुम पूरा एक घंटा लेट आए हो उपेंद्र, सब ठीक तो है न?’’ रजनी ने उस का हाथ थाम कर शिकायत करते हुए पूछा.

“सब ठीक है,’’ उपेंद्र ने जबरन मुसकराने का प्रयत्न करते हुए कहा और रजनी के साथ पार्क की घास पर बैठ गया. रजनी ने उस की आंखों में झांका. आंखों में गहरी उदासी के भाव थे. चेहरा भी बयां कर रहा था कि वह काफी परेशान है.

प्रेमिका से मिली जानकारी…

“क्या हुआ है उपेंद्र, तुम्हारी आंखें और तुम्हारा चेहरा चुगली कर रहे हैं कि तुम परेशान हो. सचसच बताओ, क्यों परेशान हो तुम?’’

उपेंद्र ने गहरी सांस ली और उदास स्वर में बोला, ‘‘मैं अपने प्यार को ले कर परेशान हूं रजनी. तुम्हें मालूम है कि मैं तुम्हें अपने दिल की गहराइयों से प्यार करता हूं, तुम्हें अपना बनाना चाहता हूं.’’

“अरे! तो इस में परेशान होने की क्या बात है, हमारे घर वाले बहुत सीधे हैं. वे हमारा प्यार स्वीकार कर लेंगे और हमारी शादी कर देंगे. यदि नहीं करेंगे तो हम दोनों कोर्ट में शादी कर लेंगे. हमारे बीच यह सब पहले ही तय हो चुका है.’’

“मैं इस से इंकार कब कर रहा हूं रजनी.’’ उपेंद्र गंभीर हो गया, ‘‘बात शादी की नहीं है, बात मेरी नौकरी की है. मैं पेपर बांट कर अपना खर्च चलाता हूं, तुम्हारा खर्च कैसे उठाऊंगा.’’

“तुम नौकरी के लिए कोशिश तो कर ही रहे हो. नौकरी लग ही जाएगी, इसक े लिए इतना परेशान मत होओ.’’

“रजनी, मैं आज भी एक कंपनी में इंटरव्यू के लिए गया था, वहां भी बात नहीं बनी.’’ उपेंद्र ने निराशा भरे स्वर में कहा. रजनी को एकाएक कुछ याद आया हो जैसे. वह उपेंद्र का हाथ प्यार से अपने हाथ में ले कर बोली, ‘‘उपेंद्र, हमारे एरिया में सरकार के गृह मंत्रालय की ओर से अंडरकवर एजेंटों का एक ट्रेनिंग सेंटर खुला है. उस में ग्रैजुएट युवकों की भरती की जा रही है, तुम वहां ट्राई कर के देखो.’’

“क्या तुम ने उस ट्रेनिंग सेंटर का बोर्ड वगैरह देखा है?’’

“हां, मैं कुछ दिन पहले जाफरपुर कलां के बाजार में शापिंग करने गई थी. मैं ने आटो में से वह बोर्ड पढ़ा था. चूंकि तुम नौकरी के लिए परेशान हो, यही सोच कर शापिंग से लौटते वक्त वहां उतर गई थी और वहां बैठे गार्ड से मैं ने यह सब मालूम कर लिया था.’’

“अरे, तो तुम ने मुझे पहले क्यों नहीं बताया?’’

“मैं भूल गई. क्योंकि जब मैं जाफरपुर कलां के उस ट्रेनिंग सेंटर पर खड़ी थी तो मुझे प्रीति का फोन आ गया था. उस के यहां जागरण था, उस ने मुझे शाम को घर बुलाया तो मैं उस ट्रेनिंग सैंटर की बात गूल गई.’’

उपेंद्र ने प्यार से रजनी का हाथ चूम लिया और उत्साहित स्वर में बोला, ‘‘यह जानकारी देने के लिए धन्यवाद रजनी. मैं कल ही जाफरपुर कलां के उस ट्रेनिंग सेंटर पर जा कर देखूंगा.’’

रजनी ने उस का कंधा थपथपाया, ‘‘तुम्हें कामयाबी मिलेगी उपेंद्र, मेरा दिल इस बात की गवाही दे रहा है. अब चलो, मुझे 7 बजे तक घर पहुंचना था, लेकिन साढ़े 7 तो यहीं बज रहे हैं.’’

“चलो. मैं तुम्हें बाहर से रिक्शा करवा देता हूं,’’ उपेंद्र ने उठते हुए कहा. दोनों पार्क के गेट की तरफ बढ़ गए. रजनी को बैटरी रिक्शा में बिठाने के बाद उपेंद्र पैदल ही एक ओर चल पड़ा.

उपेंद्र पहुंच गया ट्रेनिंग सेंटर…

जाफरपुर कलां में अंडरकवर एजेंट ट्रेनिंग सेंटर का 250 गज एरिया में बना वह औफिस देख कर उपेंद्र को हैरानी हुई. वह भी रजनी से मिलने के लिए कई बार इस सडक़ से गुजरा था, लेकिन उस की नजर में यह औफिस नहीं आया था. उस औफिस के गेट पर अंडर कवर एजेंट ट्रेनिंग सेंटर का छोटा सा बोर्ड लगा हुआ था. गेट खुला हुआ था.

अंदर गहरी खामोशी थी. अंदर कोई नजर भी नहीं आ रहा था. गेट के पास ही एक लंबातगड़ा वरदीधारी गार्ड बैठा हुआ था. उस गार्ड के हाथ में वायरलैस सेट था. उस के पास में एक छोटी मेज रखी थी, जिस पर एंट्री रजिस्टर रखा दिखाई दे रहा था. उपेंद्र उस गार्ड के पास गया.

“गुड मौर्निंग गार्ड साहब.’’ उपेंद्र ने शब्दों में चाशनी घोली, ‘‘क्या यहां ट्रेनिंग के लिए भरती चल रही है?’’

“खुली भरती नहीं है मिस्टर. हर एक को जांचनेपरखने के बाद ट्रेनिंग के लिए चुना जाता है.’’ गार्ड ने बताया.

“उस जांचपरख का तरीका क्या है साहब?’’ उपेंद्र ने जिज्ञासा प्रकट करते हुए पूछा.

“आप यदि इच्छुक हैं तो आप को श्रीमान अमित कुमार से मिलना होगा. वह भरती इंचार्ज हैं.’’

“मैं इच्छुक हूं.’’ उपेंद्र उत्साह भरे स्वर में बोला, ‘‘उन से मिलने के लिए मुझे क्या करना पड़ेगा?’’

“आप अपना रिज्यूमे लाए हैं?’’ गार्ड ने पूछा.

“जी हां.’’

गार्ड ने मेज पर रखे रजिस्टर में उपेंद्र का नामपता और मोबाइल नंबर नोट कर लिया और उसे अंदर एक कमरा दिखाते हुए बोला, ‘‘आप उस कमरे में जाइए. अमित सर वहीं मिलेंगे.’’