Love story in Hindi: कालेज स्टूडेंट का खूनी प्रेमी

Love story in Hindi : कालेज में पढ़ाई के दौरान 19 साल की वर्षिता चेतन नाम के युवक को दिल दे बैठी थी. बाद में पता चला कि चेतन स्टेज थ्री का कैंसर पेशेंट है. इस के बावजूद हालात ऐसे बन गए कि वर्षिता के पेरेंट्स को कैंसर पीडि़त चेतन के साथ सगाई करने के लिए मजबूर होना पड़ा, लेकिन शादी होने से पहले चेतन ने एक दिन न सिर्फ वर्षिता की हत्या कर दी, बल्कि उस की लाश पेट्रोल से जला दी. आखिर मंगेतर क्यों बना खूनी?

कर्नाटक के जिला चित्रदुर्ग के रहने वाले चेतन को पता चला कि उसे तीसरी स्टेज का कैंसर है. यह जानकारी होने के बाद 19 वर्षीय प्रेमिका वर्षिता उस से कटीकटी रहने लगी थी. इस बीच उस ने किसी अन्य युवक से संबंध बना लिए थे. बस, इसी बात से चेतन नाराज हो गया था और वर्षिता को सबक सिखाने के बारे में सोचने लगा था. उसी बीच जब वर्षिता के गर्भवती होने का पता चलने के बाद उस की चाची ने चेतन से वर्षिता से विवाह की बात की तो उस की नाराजगी और बढ़ गई. वह धोखेबाज और स्वार्थी वर्षिता से विवाह बिलकुल नहीं करना चाहता था.

जबकि वर्षिता के फेमिली वाले उस पर विवाह के लिए दबाव डाल रहे थे. इसलिए चेतन वर्षिता से बचने के उपाय सोचने लगा. वर्षिता से बचने का जब कोई उपाय चेतन को नहीं सूझा तो उस ने उस की हत्या की योजना बना डाली. उसी योजना के तहत उस ने 14 अगस्त, 2025 को वर्षिता को फोन कर के कहीं घूमने चलने के लिए कहा. वर्षिता को पता था कि उस के पेरेंट्स उस के विवाह की बात चेतन से कर रहे हैं, इसलिए वह खुशीखुशी उस के साथ जाने के लिए राजी हो गई.

शाम को अपनी बाइक ले कर चेतन वर्षिता के हौस्टल पहुंचा तो वर्षिता ने वार्डन से घर जाने के बहाने छुट्टी ली और चेतन के साथ घूमने के लिए निकल पड़ी. चेतन अपनी योजना के अनुसार, पूरी तैयारी कर के आया था. शाम के धुंधलके में गोनूर के पास सुनसान स्थान देख कर एक ब्रिज के पास उस ने बाइक रोक दी. चेतन के मन में क्या है, यह तो वर्षिता को पता नहीं था. इसलिए जब चेतन ने बाइक रोकी तो उस ने हंसते हुए कहा, ”जंगल में मंगल मनाने का मन है क्या?’’

”वह तो बाद की बात है. मैं यह जानना चाहता हूं कि तुम्हारे पेट में जो बच्चा है, वह किस का है? क्योंकि जब तुम्हें पता चला कि मुझे कैंसर है, तब तुम ने किसी दूसरे युवक से संबंध बना लिए थे.’’ चेतन ने कहा.

”तुम से किस ने कहा कि मैं ने दूसरे से संबंध बना लिए थे?’’ वर्षिता ने पूछा.

”हर चीज कहने से ही पता नहीं चलती. कुछ बातें हवा में फैल जाती हैं, जो अपने आप कानों तक पहुंच जाती हैं.’’ चेतन ने तल्खी से कहा, ”अब जब उस का पाप तुम्हारे पेट में पलने लगा है तो तुम्हारे फेमिली वाले तुम्हें मेरे गले में बांधना चाहते हैं. लेकिन अब मैं तुम से विवाह नहीं करने वाला.’’

”क्यों नहीं करोगे मुझ से विवाह? विवाह तो तुम्हें मुझ से हर हालत में करना होगा.’’ वर्षिता गुस्से में बोली.

”मैं और तुम से विवाह, कतई नहीं. मैं तुम से बिलकुल विवाह नहीं करूंगा. तुम्हें जो करना हो, कर लेना.’’ चेतन ने कहा.

”मैं तुम्हारे खिलाफ पुलिस में शिकायत करूंगी. तुम्हें जेल भिजवा दूंगी.’’ वर्षिता चिल्लाई.

तभी चेतन ने उसे धक्का देते हुए कहा, ”तू मेरे खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा कर मुझे जेल भिजवाएगी? मैं तुझे उस लायक ही नहीं छोड़ूंगा. मैं अभी तुझे खत्म कर दूंगा.’’

इतना कह कर चेतन लातघूंसों से वर्षिता की पिटाई करने लगा. जब वर्षिता की पिटाई करतेकरते उस का मन भर गया और वर्षिता अधमरी हो गई तो गला दबा कर उस की हत्या कर चेतन ने साथ लाए पेट्रोल को उस के ऊपर डाल कर आग लगा दी. इस के बाद अपनी बाइक ले कर वह चित्रदुर्ग अपने घर वापस आ गया. नैशनल हाइवे नंबर-48 पर गोनूर ब्रिज के नीचे विश्राम के लिए रुके 2 लोगों ने सड़क किनारे एक अधजली लाश देखी. इस बात की सूचना चित्रदुर्ग थाना पुलिस को दी गई. पुलिस ने लाश की पहचान की कोशिश की, लेकिन तत्काल उस की शिनाख्त नहीं हो सकी.

लेकिन जब पुलिस को पता चला कि सरकारी डिग्री कालेज में पढऩे वाली एक लड़की वर्षिता की गुमशुदगी हिरियूर थाने में दर्ज कराई गई है. तब चित्रदुर्ग पुलिस ने तुरंत वर्षिता के पेरेंट्स को बुला लिया. पेरेंट्स ने अस्पताल पहुंच कर वर्षिता के शरीर के टैटू से लाश की शिनाख्त की. वर्षिता की लाश मिलने के बाद दलित संगठनों ने हत्यारे को गिरफ्तार करने के लिए आंदोलन भी किया था. उन की मांग थी कि जब तक हत्यारे को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, तब तक वह अपना आंदोलन जारी रखेंगे. मृतका की मम्मी ज्योति थिप्पेस्वामी ने हत्यारे को जल्द गिरफ्तार कर फांसी की सजा दिए जाने की मांग की.

पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी चेतन को गिरफ्तार कर उसे अदालत में पेश कर के जेल भेज दिया था. लाश की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा कर मामले की जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, दोस्तों व रिश्तेदारों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि वर्षिता और चेतन के बीच पिछले लगभग 10 महीने से प्रेम संबंध था. लोगों ने यह भी बताया कि चेतन ने उसे नौकरी का लालच दिया था. परेशानी की बात यह थी कि कोई चश्मदीद नहीं था, जो घटना की सटीक जानकारी देता. पर वर्षिता के हौस्टल से निकलने के बाद सीसीटीवी फुटेज में दोनों साथ जाते नजर आए थे. आगे चेतन चल रहा था और उस के पीछे वर्षिता चल रही थी.

हौस्टल से निकलने के बाद दोनों बाइक से जाते समय पेट्रोल पंप पर पहुंचे और वहां बाइक में पेट्रोल भराया था. वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी दोनों साथ नजर आए थे. इस के अलावा दोनों के मोबाइल की लोकेशन भी एक साथ मिली थी. यही नहीं, वर्षिता के हौस्टल से निकलने से पहले चेतन ने उस से फोन पर बात भी की थी. इस के बाद पुलिस ने वर्षिता के प्रेमी चेतन को गिरफ्तार कर लिया. उस ने चित्रदुर्ग के एसपी रंजीत कुमार बंडारू की मौजूदगी में वर्षिता की हत्याकांड की चौंकाने वाली कहानी बताई.

कर्नाटक के जिला चित्रदुर्ग के थाना हिरियूर के गांव कोवरहट्टी की रहने वाली 19 साल की वर्षिता चित्रदुर्ग के सरकारी डिग्री कालेज में सेकेंड ईयर की छात्रा थी और वहीं एससीएसटी हौस्टल में रहती थी. मम्मीपापा गांव में रह कर मेहनतमजदूरी करते थे. एकलौती संतान होने की वजह से वर्षिता ही अपने मम्मीपापा के जीवन का आधार थी. गरीब होने की वजह से वे यही सोचते थे कि बेटी पढ़लिख कर कुछ बन जाएगी तो कम से कम उन का बुढ़ापा तो सुख से कट जाएगा. इसीलिए गरीब होने के बावजूद वे उसे एक बेटे की तरह पढ़ालिखा रहे थे.

दूसरी ओर वर्षिता सरकार से मिलने वाली सहायता यानी स्कौलरशिप से अपनी पढ़ाई कर रही थी. मम्मीपापा तो किसी तरह अपना ही खर्च चला रहे थे, इसलिए उन से उसे कोई ज्यादा उम्मीद नहीं रहती थी. फिर भी वे मिलने वाली मजदूरी से कुछ न कुछ रुपए बचा कर वर्षिता को देते ही रहते थे, जबकि वह वर्षिता के लिए ऊंट के मुंह में जीरा के समान था. गरीबी में जीने वाली वर्षिता हमेशा मुसकराती रहती थी. लडख़ड़ाते सपनों और किताबों में उलझी होने के बावजूद उसे उम्मीद थी कि एक दिन वह अपने सपने पूरे करने में सफल जरूर होगी. पर उस के भीतर कुछ और भी था. मजबूर होने के

बाद भी वह किसी की चाह में डूब चुकी थी. इंस्टाग्राम पर मैसेज करतेकरते उस की धीरेधीरे चेतन नाम के युवक से दोस्ती हो गई थी. दोस्ती ने भरोसा दिया. फिर भरोसे ने उम्मीद जगाई और उसी उम्मीद में वह उस के प्यार के रंग में रंग गई. चेतन देखने में साधारण, पर सोच से बेहद चालाक और स्वार्थी था. वह एक मल्टीनैशनल कंपनी में नौकरी करता था. वह उस कंपनी में भरती का काम देखता था. वह बातचीत में थोड़ा झिझकता था, क्योंकि उस पर जिम्मेदारियों का बोझ था. दोनों की जानपहचान इंस्टाग्राम से हुई थी. चेतन से जब वर्षिता ने अपनी परेशानी बता कर उस से नौकरी दिलाने को कहा तो उस ने कहा था कि वह उस के लिए जरूर कुछ करेगा. वह उसे कहीं न कहीं नौकरी जरूर दिला देगा.

इसी उम्मीद में वर्षिता ने उस का हाथ थाम लिया था. उन की बातचीत शाम की गपशप तक ही सीमित नहीं रही थी, दोनों ही एकदूसरे का भरोसा बनते गए और रिश्ते के तार गुंथते गए थे. वे एकदूसरे का इस तरह भरोसा बन गए थे कि उन के बीच शारीरिक संबंध भी बन गए थे.फिर जो सच सामने आया, वह बहुत ही दुखद था. पता चला कि चेतन को कैंसर हो गया है. डौक्टरों के अनुसार उसे तीसरी स्टेज का कैंसर था. चेतन की जिंदगी अब सवालों में घिर गई थी. उस का जीवन भरोसे का नहीं रह गया था. इसलिए उस पर भरोसा करना वर्षिता के लिए मुश्किल हो गया था. इलाज, खर्च, भविष्य के फैसले, ये सब चीजें अचानक रिश्ते के बीच आ गई थीं.

वर्षिता ने चेतन से दूरी बढ़ानी शुरू कर दी, जिस से चेतन को झटका सा लगा. दोनों ने शादी के बारे में सोच लिया था. ऐसे में चेतन को वर्षिता से प्यार और सहारे की उम्मीद थी. जबकि वह उस से दूर जाने लगी थी. दोनों की दुनिया में दरारें पडऩे लगी थीं.फिर वह खबर आई, जिस ने वर्षिता के परिवार को हिला कर रख दिया. पता चला कि वर्षिता गर्भवती थी. जब घर वालों को इस बात का पता चला तो सभी घबरा गए. बात इज्जत की थी, इसलिए घर वाले इज्जत बचाने के लिए वर्षिता और चेतन की शादी के बारे में सोचने ही नहीं लगे, बल्कि वर्षिता की चाची ने चेतन से वर्षिता से विवाह करने की बात की. उन्होंने कहा कि वर्षिता जिस स्थिति में है, उस में अब उसे उस से विवाह कर लेना चाहिए, वरना वे कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं रहेंगे.

चेतन ने वर्षिता से विवाह के लिए मना करते हुए कहा कि वर्षिता का अब किसी अन्य युवक से संबंध है. इसलिए हो सकता है, यह बच्चा उसी का हो. इस के बाद चेतन वर्षिता से छुटकारा पाने के बारे में सोचने लगा था. क्योंकि अब वह वर्षिता को धोखेबाज और स्वार्थी मानने लगा था और ऐसी लड़की से वह विवाह नहीं करना चाहता था. 14 अगस्त, 2025 को वर्षिता ने घर जाने के लिए हौस्टल से छुट्टी ली. पर वह गांव गई नहीं.  मम्मीपापा तो यही सोच रहे थे कि बेटी हौस्टल में होगी, लेकिन जब अगले दिन वर्षिता से फेमिली वालों की बात नहीं हुई तो फेमिली वालों को चिंता हुई. पापा ने हौस्टल में पता किया तो मालूम हुआ कि वह तो एक दिन पहले ही घर के लिए हौस्टल से छुट्टी ले कर निकल चुकी है.

यह सुन कर फेमिली वाले घबरा गए और वर्षिता के पापा थिप्पेस्वामी ने तुरंत हिरियूर थाने में बेटी की गुमशुदगी दर्ज करा दी थी. बाद में उन्हें बेटी की हत्या की सूचना मिली. पुलिस ने आरोपी चेतन से पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. Love story in Hindi

 

 

सैनिटरी पैड विवाद : प्रिंसिपल ने 68 लड़कियों के उतरवाए कपड़े

Social Crime : महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को ले कर केंद्र और गुजरात सरकार भले ही लाख दावे करे लेकिन स्थिति इस के एकदम उलट है. गुजरात सरकार लड़कियों के मामले में कितनी संजीदगी दिखाती है, इस की एक झलक वहां के कच्छ शहर में स्थित एक इंस्टीट्यूट में घटी घटना से साफ झलकती है. इंस्टीट्यूट की प्रिंसपल ने जांच के नाम पर 68 छात्राओं के कपड़े उतरवा दिए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहराज्य गुजरात के कच्छ शहर में स्वामी नारायण संप्रदाय का सहजानंद गर्ल्स इंस्टीट्यूट है.

इस इंस्टीट्यूट का नियम यह है कि जिस छात्रा को पीरियड आता है वह हौस्टल के कमरे के बजाय बेसमेंट में रहती है. पीरियड के खत्म हो जाने के बाद ही वह हौस्टल के कमरे में आती है. इतना ही नहीं पीरियड के दिनों में उसे पूजा करने की इजाजत भी नहीं होती और वह रसोईघर में भी नहीं घुस सकती. इतना ही नहीं ऐसी लड़कियों को उन दिनों क्लास में भी अंतिम बेंच पर बैठना पड़ता है और वह किसी लड़की को छू भी नहीं सकती. लेकिन फरवरी 2020 के दूसरे सप्ताह में इस इंस्टीट्यूट में घटी एक घटना ने 68 लड़कियों को अपने कपड़े उतारने के लिए मजबूर होना पड़ा.

हुआ यह कि इंस्टीट्यूट के गार्डन में प्रयोग किया हुआ सैनेटरी पैड मिला. वार्डन की निगाह जब उस पैड पर पहुंची तो उस ने सोचा कि यह पैड किसी लड़की ने टायलेट की खिड़की से गार्डन में फेंका होगा. तब वार्डन ने इंस्टीट्यूट की छात्राओं से इस बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी भी छात्रा ने वह पैड फेंकने की बात नहीं स्वीकारी. यह बात वहां की प्रिंसपल के कानों तक पहुंची तो उन्हें यह बात बुरी लगी. इंस्टीट्यूट की प्रिंसपल ने सच जानने के लिए 13 फरवरी को 68 छात्राओं के कपड़े उतरवा कर के कच्छे चैक किए कि किनकिन छात्राओं को पीरियड हो रहे हैं और वह छात्रा कौन सी है जिस ने उसी तरह का पैड लगाया हुआ है जो गार्डन में मिला था.

यह जानकारी कच्छ यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक अधिकारियों को पता चली तो शर्मसार (Social Crime) कर देने वाली इस घटना को उन्होंने गंभीरता से लिया. इस के बाद तो सहजानंद गर्ल्स इंस्टीट्यूट में हड़कंप मच गया.  यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इस मामले की जांच के लिए 5 सदस्यों की एक कमेटी बनाई. इस कमेटी में शामिल वाइस चांसलर और 3 अन्य महिला प्रोफेसर ने सहजानंद गर्ल्स इंस्टीट्यूट का दौरा कर अपनी जांच शुरू कर दी. इस जांच कमेटी ने छात्राओं आदि से पूछताछ करने के बाद अपनी जांच रिपोर्ट यूनिवर्सिटी प्रशासन को सौंप दी. रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने इंस्टीट्यूट की प्रिंसपल सहित हौस्टल वार्डन और 2 हौस्टल असिसटैंट को दोषी ठहराते हुए उन्हें सस्पेंड कर दिया गया.

ज्ञात रहे कि स्वामीनारायण संप्रदाय के अनुयायी ने सन 2012 में लड़कियों के लिए एक कालेज की स्थापना की थी. जिस में लड़कियां को बीएससी, बीकौम, बीए की पढ़ाई की व्यवस्था की गई थी. बाद में सन 2014 में यह कालेज स्वामीनारायण कैंपस में शिफ्ट हो गया था. जिस में 12वीं कक्षा तक की लड़कियां पहले से ही पढ़ रही थीं. कालेज में करीब 1500 लड़कियां पढ़ती हैं. इस कैंपस में उच्च शिक्षा पाने वाली लड़कियों के लिए अलग हौस्टल की व्यवस्था नहीं है. कालेज की 68 छात्राएं भी कैंपस में पढ़ने वाली अन्य लड़कियों के साथ ही हौस्टल में रहती हैं.

क्योंकि यह इंस्टीट्यूट धार्मिक संप्रदाय का है इसलिए वहां रहने वाली लड़कियों के लिए जो नियम बनाए हैं उन का पालन करना सभी के लिए जरूरी है. लेकिन इस इंस्टीट्यूट की प्रिंसपल द्वारा 13 फरवरी, 2020 को की गई शर्मशार हरकत ने इस इंस्टीट्यूट को चर्चा के घेरे में खड़ा कर दिया. जिस का खामियाजा प्रिंसपल, हौस्टल वार्डन् और 2 हौस्टल असिसटेंट को भुगतना पड़ा.

 

Love Story : कॉलेज लाइफ की लव स्‍टोरी

Love Story : वैलेंटाइंस डे पर हर्ष ने अनुशा को गुलाब का फूल दे कर अपने प्यार का इजहार किया था, लेकन उस ने न ऐतबार किया और न स्वीकार. लेकिन जब हर्ष उस की फ्रैंड रितु से शादी करने लगा तो…

एमबीबीएस की पढ़ाई का पहला साल. प्रवेश प्रक्रिया पूरी होते ही हौस्टल में रहने आए सभी छात्र अपनी नई जीवनशैली के अनुकूल ढलने की कोशिश कर रहे थे. सभी के मन में नए साथियों से मिलने का आनंद था, साथ ही घर से दूर आ कर घर की याद भी सता रही थी. सभी स्टूडेंट घर और हौस्टल में संतुलन साधने का प्रयास कर रहे थे. इसी समिश्रित लगाव को मन में छिपाए हौस्टल से कालेज जा रहे गेट के पास तेजी से चली आ रही एक लड़की हर्ष से टकरा गई. उस लड़की ने झिझकते हुए कहा, ‘‘सौरी, मैं जरा जल्दी में थी. मेरा एडमिशन आज ही हुआ है. क्या आप बता देंगे कि एमबीबीएस फर्स्ट ईयर का लेक्चर हाल कहां है?’’

‘‘इट्स ओके. सेकेंड फ्लोर लेक्चर हाल नंबर 705.’’ हर्ष ने जवाब दिया.

‘‘थैंक्स.’’ कह कर लड़की पलभर में गायब हो गई. जैसेजैसे प्रवेश प्रक्रिया का काम पूरा हो रहा था, वैसेवैसे कालेज में नए चेहरे आते जा रहे थे. उस लड़की के कोमल मुलायम कंधे का स्पर्श और मधुर स्वर में हुआ संवाद हर्ष के हृदय को गति दे रहा था. लेक्चर हाल में दाखिल होते ही हर्ष की निगाहें स्टूडेंट्स के बीच उसी चेहरे को खोज रही थीं. आखिर पहली ही लाइन में वह चेहरा दिखाई दे गया. उस पर नजर पड़ते ही उस के हृदय की गति तेज हो गई. उस दिन के बाद हर्ष रोजाना उस चेहरे को निहारता रहता और मन ही मन तेज गति से धड़कते दिल की धड़कन को काबू करने की कोशिश करता रहता. इस के पहले उस ने किसी के लिए इतना लगाव महसूस नहीं किया था.

हर्ष किसी भी तरह उस लड़की से बात करना चाहता था. उस की इस चाहत को पूरा करने में मदद की रितु ने. रितु और हर्ष एक शहर के रहने वाले तो थे ही, एक ही कालेज में साथ पढ़े थे. हर्ष ने रितु को पूरी बात बताई तो उस ने खुश हो कर कहा, ‘‘अनुशा मेरी बेस्ट फ्रैंड है. मैं उस से तुम्हारी बात तो करा दूंगी, पर…’’

‘‘पर क्या?’’ हर्ष ने पूछा.

‘‘इस के बदले में मुझे क्या मिलेगा?’’

‘‘इस के लिए तुम जो कहो, मैं करने को तैयार हूं.’’ हर्ष ने उत्तेजित हो कर कहा.

‘‘तुम्हें मेरी एनाटौमी का जर्नल लिखना होगा. इस के अलावा कैंटीन में रोज एक आइसक्रीम खिलानी पड़ेगी.’’

‘‘ओके डन.’’ हर्ष के हिसाब से सौदा बहुत सस्ते में पट गया था.

और रितु ने कैंटीन में हर्ष की मुलाकात अनुशा से करा दी, ‘‘इट इज नाइस टू मीट यू अगेन.’’ कहते हुए हर्ष की आंखों में अपार खुशी छलक रही थी.

‘‘हम दोनों अपने कालेज के पहले दिन मिले थे.’’ अनुशा ने जवाब दिया.

पता चला अनुशा भी उसी शहर की रहने वाली थी, जिस शहर के वे दोनों थे. थोड़ी बातचीत उस के बाद आइसक्रीम पार्टी कर के तीनों हौस्टल के लिए निकल गए. हर्ष अपने हौस्टल के कमरे की ओर जा तो रहा था, लेकिन उस के मन में अनुशा ही बसी थी. बस, इसी तरह मुलाकातें बढ़ती गईं. कभी कैंटीन में हर्ष और अनुशा के साथ रितु भी होती तो कभी सिर्फ हर्ष और अनुशा ही होते. हर्ष का मन अनुशा के साथ उत्कट प्रणय संबंध में बंध गया था, पर यह प्रणय एकतरफा था. सौदे के अनुसार हर्ष रितु का काम तो करता ही, अनुशा के भी उसे कई काम करने होते थे. कैंटीन में अनुशा और रितु के लिए नाश्ता और कौफी वही लाता था. पर वह चाह कर भी वह दिल की बात अनुशा से नहीं कह सका.

इसी तरह 3 साल बीत गए. चौथे साल के पहले सेमेस्टर की भी परीक्षा हो गई थी. सभी स्टूडेंट्स फाइनल एग्जाम की तैयारी में लगे थे. फाइनल एग्जाम अप्रैल-मई में होने थे. इसी बीच फरवरी का महीना आ गया. पे्रम करने वालों के लिए इस महीने की 14 तारीख महत्त्वपूर्ण होती है. जिन के वैलेंटाइन होते हैं, वे अपनेअपने वैलेंटाइन को गुलाब का फूल और उपहार देते हैं. यानी एक तरह से प्रेम का इजहार करते हैं. हर्ष ने अनुशा से अपने प्यार का इजहार करने के लिए इसी दिन को चुना, क्योंकि यह उस के लिए अंतिम चांस था. अगर इस बार वह चूक जाता तो फिर जल्दी मौका नहीं मिलता. क्योंकि एग्जाम के दौरान ऐसी बात नहीं की जा सकती थी. एग्जाम खत्म होते ही सब को अपनेअपने घर चले जाना था. हर्ष को पूरी उम्मीद थी कि अनुशा उस के प्यार को अस्वीकार नहीं करेगी.

आखिर 14 फरवरी यानी वैलेंटाइंस डे को कैंटीन में हर्ष ने अनुशा को गुलाब का फूल दे कर सहज रूप से हैप्पी वैलेंटाइंस डे कहा और अपने दिल की बात उस के सामने रखी, ‘‘अनुशा, मैं ने एक सपना देखा है कि शहर की पौश कालोनी में नदी के किनारे एक फ्लैट है. उस फ्लैट की गैलरी में तुम खड़ी हो और मैं शाम को तुम्हारे लिए कौफी बना कर लाता हूं. क्या तुम मुझे ऐसा मौका दोगी कि मैं तुम्हारे लिए रोज कौफी बनाऊं?’’

‘‘मतलब?’’ अनुशा की भौंहें तन गईं.

‘‘आई लव यू अनुशा. कालेज के पहले दिन ही तुम्हें देख कर मेरा दिल धड़कने लगा था. और अब यह हमेशाहमेशा के लिए सिर्फ तुम्हारी खातिर धड़कना चाहता है. तुम्हारे लिए इस में अनहद प्रेम है और सदा इसी तरह अनहद रहेगा.’’ कहते हुए हर्ष ने प्रेमभरी नजरों से अनुशा को देखा और उस के प्रत्युत्तर की राह तकने लगा.

‘‘हर्ष, मैं जो कहने जा रही हूं, तुम उस का बुरा मत मानना. मैं ने कभी भी तुम्हें एक फ्रैंड से ज्यादा नहीं माना. जीवनसाथी को ले कर मेरे मन में बड़ी अपेक्षाएं हैं, जिस में तुम्हारा साधारण और सामान्य रूप फिट नहीं बैठता. मुझे अपनी सुंदरता पर अभिमान तो नहीं है पर चाहती हूं कि मेरा जोड़ीदार ऐसा हो, जिस के साथ मैं खड़ी होऊं तो लोग कहें कितनी सुंदर जोड़ी है.’’ अनुशा ने अपनी बात स्पष्ट कर दी. अनुशा के इन शब्दों ने हर्ष के दिल की गति मंद कर दी थी. अनुशा संभवत: उस के प्रणय की परिभाषा नहीं समझ सकी थी. हर्ष को आघात तो लगा, पर वह दुखी होने का समय नहीं था. जिस के लिए वह अपना घरपरिवार छोड़ कर वहां आया था, वह काम जरूरी था. उसी दिन से हर्ष अपनी पढ़ाई में लग गया और उस ने पूरे मन से परीक्षा दी.

परीक्षा दे कर अनुशा अपने मामा के यहां चली गई, क्योंकि उन का अपना नर्सिंगहोम था. रितु और हर्ष अपने शहर लौट गए. क्योंकि उन के घर वालों की उन्हीं के शहर में जमीजमाई प्रैक्टिस थी. सभी अपनेअपने काम में व्यस्त हो गए. एक दिन अचानक रितु ने अनुशा को फोन किया, ‘‘हैलो अनुशा, कैसी हो?’’

‘‘हाय वैनवी, बहुत मजे में तो नहीं हूं, फिर भी चल रहा है. बस, वही रूटीन क्लिनिक वर्क. तुम बताओ, आज सवेरेसवेरे कैसे याद कर लिया. कोई गुड न्यूज है क्या? क्योंकि तुम्हारी बातों में ही खुशी झलक रही है.’’

‘‘बहुत होशियार हो गई हो दिल्ली जा कर. तुम्हें तो बातों से सब पता चल जाता है. सुनो, 16 फरवरी को मेरी शादी है. तुम्हें आज ही यहां आना है. अभी मेरी सारी की सारी शौपिंग बाकी है. तुम्हारे आने के बाद ही शौपिंग शुरू करूंगी.’’

‘‘वाव दैट्स ग्रेट न्यूज. कौन है भाई वह भाग्यशाली, जो मेरी रितु को ले जा रहा है?’’ अनुशा के मन में भी खुशी भर गई थी.

‘‘तुम आ जाओ बस, सब बताऊंगी. तुम्हें लेने मैं एयरपोर्ट पर आऊंगी.’’ वर्षों बाद अनुशा से मिल कर सब कुछ बताने की उत्कंठा और खुशी रितु के चेहरे पर स्पष्ट झलक रही थी.

एयरपोर्ट पर रितु को देखते ही अनुशा उस के गले लग गई. दोनों की आंखों में हर्ष और खुशी टपक रही थी. गले लगेलगे ही अनुशा ने पूछा, ‘‘अब तो बताओ, कौन है वह खुशनसीब, यह सब कब तय हुआ?’’

‘‘धीरज रखो, तुम्हारे जीजाजी यहीं हैं. कार लाने पार्किंग में गए हैं. तुम खुद ही देख लेना मेरी पसंद.’’ रितु ने कहा. उस समय उस की आंखों में एक अजीब चमक थी.

दोनों बातें कर रही थीं, तभी उन के पास एक होंडा सिटी कार आ कर रुकी. अंदर से ब्लैक गोगल्स लगाए एक आकर्षक युवक बाहर निकला. वह आकर्षक युवक दोनों के नजदीक आ कर काला चश्मा उतारते हुए अनुशा की आंखों में आंखें डाल कर बोला, ‘‘कैसी हो मिस अनुशा, पहचाना या नहीं?’’

अनुशा चौंकी. उस ने हैरानी से उस युवक को ताकते हुए कहा, ‘‘हर्ष तुम..? तुम कितने बदल गए हो? बहुत हैंडसम लग रहे हो, यह चमत्कार कैसे हुआ?’’

‘‘थोड़ी एक्सरसाइज, जिम और थोड़ी स्किन ट्रीटमेंट, क्योंकि आजकल लोगों को किसी चीज की गुणवत्ता की अपेक्षा पैकिंग में ज्यादा रुचि होती है.’’ हर्ष ने कहा और खिलखिला कर हंसने लगा. रितु ने भी हंसने में उस का साथ दिया. न चाहते हुए अनुशा को भी उन का साथ देना पड़ा क्योंकि वह समझ गई थी कि यह बात हर्ष ने उसी को लक्ष्य बना कर कही थी. कार में रितु आगे की सीट पर हर्ष के साथ बैठ गई. हर्ष ने उस का सीट बेल्ट बांधा और उस का हाथ पकड़ कर ‘आई लव यू’ कहा तो रितु ने भी उन्हीं शब्दों में जवाब दिया. अनुशा को यह अच्छा नहीं लगा, क्योंकि वह उतनी दूर से उसी के लिए आई थी. वह सोच रही थी कि रितु उस के साथ बैठेगी तो दोनों बातें करेंगी. चूंकि अब उन दोनों की शादी होने जा रही थी, इसलिए अनुशा ने अपने मन को मना लिया.

कार एयरपोर्ट से निकल कर रितु के घर की ओर चल पड़ी. रास्ते में रितु ने अनुशा की ओर देखते हुए कहा, ‘‘शादी तक तुझे मेरे घर पर ही रहना है. मैं ने अंकलआंटी से बात कर ली है.’’

‘‘ओके डियर रितु, जैसा तुम चाहोगी वैसा ही होगा. मैं तुम्हारे साथ ही रहूंगी.’’ इस तरह खुशीखुशी अनुशा ने रितु की मांग मान ली. दोनों की बातचीत बंद करा कर हर्ष ने एक मैरिज हाल की ओर इशारा कर के कहा, ‘‘देखो अनुशा, हमारी शादी यहीं होगी.’’

अनुशा ने उत्कंठा से खिड़की के बाहर देखा. उस के बाद बोली, ‘‘वाव, कितनी सुंदर जगह है. एकदम स्वर्ग जैसी.’’

मैरिज हाल देख कर अनुशा ने तारीफ तो की पर मन में एक अजीब तरह का असमंजस महसूस किया, लेकिन वह समझ नहीं सकी कि ऐसा क्यों हुआ. अनुशा के आते ही रितु शादी की तैयारी में मशगूल हो गई. अनुशा को साथ ले कर रितु शौपिंग के लिए निकल पड़ती. हर्ष भी उन के साथ होता. रितु के सभी शौपिंग बैग ले कर हर्ष उस के पीछेपीछे चलता. कुछ भी लेने से पहले रितु उस से पूछती और हर्ष सहर्ष उस की पसंद को सम्मान देता. सभी शौपिंग करतेकरते थक जाते तो हर्ष सब के लिए नाश्तापानी की व्यवस्था करता.

हर्ष और रितु एक ही प्लेट में नाश्ता करते. तब अनुशा को कालेज के दिनों की याद आ जाती. यहां फर्क बस इतना था कि तब हर्ष की आंखों में उस के लिए प्रेम छलकता था, जबकि अब वही प्रेम रितु के लिए था. शौपिंग कर के शाम को वापस आते तो अपने घर जाते समय हर्ष रितु का हाथ पकड़ कर उसे चूमते हुए ‘आई लव यू’ कहता. थोड़ा शरमाते हुए आंखें झुका कर रितु भी उन्हीं शब्दों को वापस करती. तब अनुशा कहती, ‘‘अरे ओ मेरे लैलामजनूं और रोमियो जूलियट, अब तुम्हारे विरह के कुछ ही दिन बचे हैं.’’

इस के बाद तीनों हंसने लगते. हंसते हुए हर्ष कार में बैठता और खुशीखुशी अपने घर चला जाता. एक दिन सवेरेसवेरे रितु ने कहा, ‘‘अनुशा, आज जल्दी तैयार हो जाना, शादी का जोड़ा पसंद करने चलना है. मैं तुम्हारी पसंद का जोड़ा लूंगी. लहंगाचोली भी एकदम मस्त पहनूंगी. उसे भी तुम्हें ही पसंद करना है. चलो, आज ही खरीद लेते हैं, क्योंकि फिटिंग में भी तो समय लगेगा.’’

रितु के आदेश के बाद अनुशा समय से तैयार हो गई. अनुशा ने रितु के लिए एक बहुत ही सुंदर शादी का जोड़ा पसंद किया. उस के बाद उस जोड़े को खुद ओढ़ कर दुकान में लगे दर्पण में खुद को देखा तो खयालों में खो गई. तभी रितु उस के लिए एक लहंगा चोली ले कर आई, ‘‘देखो अनुशा, मैं ने तुम्हारे लिए इसे पसंद किया है. कैसा लग रही है?’’

रितु के पुकारने से अनुशा का ध्यान भंग हुआ. उस ने लहंगाचोली की ओर निहारते हुए कहा, ‘‘बहुत सुंदर है. और यह जो मैं ने तुम्हारे लिए पसंद किया है, कैसा है?’’

‘‘बहुत सुंदर है अनुशा, तुम न होती तो शौपिंग करना, मेरे लिए कितना मुश्किल होता.’’

रितु की शौपिंग में अनुशा ने काफी मदद की थी. अनुशा रितु की मदद तो पूरे मनोयोग से कर रही थी, पर सहेली की शादी में जिस तरह खुश होना चाहिए, उस तरह खुश नहीं थी. उस के मन में एक टीस सी उठती रहती थी, जिसे वह समझ नहीं पा रही थी कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है. शादी के कुछ ही दिन बाकी रह गए थे. हर्ष कभीकभी रात को रितु के घर आ जाता और दोनों बालकनी में देर रात तक शीतल चांदनी में बैठ कर बातें करते. अनुशा बिस्तर पर रितु का इंतजार करते हुए करवटें बदलती रहती, साथ ही किसी तरह मन को समझाती रहती. 13 फरवरी की शाम को रितु ने अचानक कहा, ‘‘अरे अनुशा, मैं ने तुम्हें अपनी शादी का कार्ड तो दिखाया ही नहीं. देखो, यह हर्ष की शादी का कार्ड, जिसे मैं ने पसंद किया है और यह देखो मेरी शादी का कार्ड, जिसे हर्ष ने पसंद किया है.’’

अनुशा दोनों कार्ड हाथ में ले कर देखने लगी. एक कार्ड पर लिखा था—डा. हर्ष वेड्स डा. रितु और दूसरे पर लिखा था डा. रितु वेड्स डा. हर्ष. अनुशा ने डा. हर्ष के नाम पर हाथ फेरा. उस दिन अनुशा को अपने मन में होने वाली टीस का पता चल गया था. रितु के प्रति हर्ष का अनहद प्यार अब उस से देखा नहीं जा रहा था, क्योंकि ऐसा प्यार उस ने अब तक के जीवन में देखा नहीं था. अब शायद उसे अपनी उस बात पर अफसोस हो रहा था, जो उस दिन हर्ष से कही थी. अगर उस ने हर्ष का प्रपोजल स्वीकार कर लिया तो आज उस कार्ड में हर्ष के साथ रितु की जगह उस का नाम होता. अगले दिन 14 फरवरी यानी वैलेंटाइंस डे था. उसे वह दिन याद आ गया, जिस वैलेंटाइन डे को हर्ष ने उसे गुलाब का फूल दे कर अपने दिल की बात कही थी. अपनी कही बात को याद कर के उस का दिल दुखी हो गया.

एकदम से अनुशा के हृदय में हर्ष के लिए प्रेम उमड़ आया. वह रितु की जगह खुद को हर्ष के साथ रख कर सोचने लगी और एकदम से व्यग्र हो उठी. कार्ड देख कर उस की आंखों में आंसू भर आए थे, जिन्हें उस ने रितु से बड़ी होशियारी से छिपा लिया था. उस की समझ में नहीं आ रहा था कि वह अगले दिन का सामना कैसे करेगी. उस पूरी रात अनुशा हर्ष के बारे में सोचती रही. आंखों में बस हर्ष की यादें तैर रही थीं. वह पूरी रात उस ने नम आंखों में गुजारी. उस का मन हो रहा कि वह हर्ष से माफी मांग कर उसे ‘आई लव यू टू हर्ष’ कह कर उस के सीने पर सिर रख कर खूब रोए. पर अब यह संभव नहीं था. हर्ष तो अब किसी और की अमानत था.

अनुशा ने रात में ही तय कर लिया कि शादी की तो छोड़ो, वह कल वैलेंटाइंस डे को भी यहां नहीं रहेगी. क्योंकि वह हर्ष को रितु को गुलाब का फूल देते नहीं देख पाएगी. इसलिए उस ने तय कर लिया कि सवेरा होते ही वह मामा के यहां वापस चली जाएगी. अगर वह मम्मीपापा के यहां रही तो उसे शादी में आना पड़ेगा. अब वह हर्ष को किसी और का होता नहीं देख सकती. उठते ही उस ने अपना बैग पैक करना शुरू कर दिया. अनुशा को बैग पैक करते देख रितु ने आश्चर्य से पूछा, ‘‘अनुशा इस तरह अचानक, क्या हुआ? तुम बैग क्यों पैक कर रही हो? कहीं जा रही हो क्या?’’

‘‘मैं मामा के यहां वापस जा रही हूं. कारण मैं तुम्हें बाद में बताऊंगी.’’ अनुशा ने नम आंखों को पोंछते हुए कहा.

‘‘पर कारण तो मैं अभी जानना चाहूंगी. जब तक कारण नहीं बताओगी, मैं तुम्हें जाने नहीं दूंगी. अब 4-5 दिनों की ही तो बात है.’’ रितु की बातों में अनुशा को रोकने की जिद थी.

‘‘रितु, मुझे माफ करना. मैं अब यहां बिलकुल नहीं रुक सकती.’’ अनुशा भी अपने निर्णय पर अडिग लग रही थी.

‘‘जब तक तुम सहीसही कारण नहीं बता देती, मैं तुम्हें यहां से जाने नहीं दे सकती. मैं कारण जानना चाहती हूं.’’ रितु भी इस तरह अचानक अनुशा द्वारा लिए गए निर्णय के बारे में जानना चाहती थी.

रितु को जिद पर अड़ी देख कर अनुशा ने कहा, ‘‘तो सुनो, मैं भी हर्ष को उतना ही प्रेम करती हूं, जितना तुम. इसलिए मैं हर्ष की शादी तुम्हारे साथ होते देख नहीं सकती. आज वैलेंटाइंस डे है. वह तुम्हें गुलाब दे कर वैलेंटाइन डे मनाएगा, यह भी मुझ से देखा नहीं जाएगा. इसीलिए मैं जा रही हूं.’’

अनुशा की बातें सुन कर रितु जोर से हंसी. उस के बाद अपनी हंसी को रोकते हुए बोली, ‘‘अरे पगली, यही तो मैं तुम्हारे मुंह से सुनना चाहती थी.’’

‘‘मतलब?’’ अनुशा की भौंहें तन गईं.

‘‘अनुशा, मानव की सहज प्रवृत्ति ऐसी है कि जब अपना प्रेमी या प्रेमिका किसी अन्य से प्रेम न करने लगे, तब तक हम उस के प्रेम की कद्र नहीं करते.’’

रितु के होंठों पर अब खुशी उतर आई थी. उस ने अपनी बात को सरल बनाते हुए आगे कहा, ‘‘जैसे मंदगति से चल रहे हृदय को गति देने के लिए शौक देने की जरूरत पड़ती है, उसी तरह सुषुप्तावस्था में रहे तुम्हारे हर्ष के प्रति प्रेम को चेतना में लाने के लिए हमें यह हाई वोल्टेज ड्रामा करना पड़ा.’’

‘‘तो यह सब ड्रामा था?’’ अनुशा हैरानी से रितु को देखती रह गई.

रितु ने अनुशा को हकीकत बताते हुए कहा, ‘‘जब हर्ष ने तुम्हारे सामने प्यार का प्रस्ताव रखा तब शायद वह इस समय की तरह आकर्षक नहीं था. तुम ने उस के बाह्यरूप को देख कर उस के प्रेम को स्वीकार नहीं किया. तब तुम ने उस के सौम्य रूप और हृदय में अनहद प्रेम को नहीं देखा था. क्या प्रणय की परिभाषा समझाने के लिए किसी का आकर्षक होना जरूरी है. इस पूरी घटना की मैं साक्षी हूं. तुम ने उस के प्रेम को अस्वीकार तो कर दिया, पर हर्ष ने तुम्हारे हृदय में प्रणय का बीज तो रोप ही दिया था, जो तुम्हारे बातव्यवहार से पता चल रहा था. अब मुझे उस बीज को बड़ा वृक्ष बनाना था और मैं उस में कामयाब भी रही.

‘‘अरे वह पागल तो तुम्हारे मामा के यहां जाने के बाद जीवन से ही हार मान बैठा था. उस के लिए जिंदगी सिर्फ तुम थीं. मुझ से उस की दशा देखी नहीं गई इसलिए मेरे दिमाग में इस योजना ने आकार लिया. सब से पहले हर्ष को मनाया. अरे वह बेवकूफ तो इस नाटक में मेरा हाथ तक पकड़ने को तैयार नहीं था. किसी तरह उसे मनाया.

‘‘इस के बाद हम तुम्हारे मम्मीपापा से मिले. हर्ष उन्हें बहुत पसंद आया. उन्होंने इस संबंध के लिए हामी भर दी. उस के बाद हम ने उन्हें अपनी योजना बताई तो उन्होंने पूरा सहयोग करने का वचन दिया. अब तुम पूरा घटनाक्रम याद करो. तुम एयरपोर्ट पर उतरीं तो मैं ने तुम्हें तुम्हारे घर नहीं जाने दिया, क्योंकि तुम्हारे घर भी शादी की तैयारी चल रही है.

‘‘अगर तुम अपने घर जाती तो मेरी योजना पर पानी फिर जाता. शादी का जोड़ा भी तुम्हारी पसंद का खरीदा, क्योंकि उसे तुम्हें ही पहनना था. रही बात निमंत्रण कार्ड की तो मात्र एक कार्ड में मेरा और हर्ष का नाम लिखा है. बाकी के कार्ड तुम्हारे और हर्ष के नाम छपे हैं.’’

इतना कह कर रितु ने निमंत्रण कार्ड का बंडल ला कर अनुशा के सामने रख दिया. अनुशा ने जल्दी से बंडल खोल कर निमंत्रण कार्ड देखे, उन में लिखा था, ‘डा. अनुशा वेड्स डा. हर्ष’.

अनुशा की आंखें मारे खुशी के छलक उठीं.

‘‘और सुनो, तुम्हें बैग पैक करते देख मैं ने हर्ष को मैसेज कर दिया था. तुम्हारा वह फिल्मी हीरो तुम्हारे लिए गुलाब का बुके ले कर आ गया है. उसे हीरो बनाने में मेरा दिमाग है समझी.’’

अनुशा ने नम आंखों से रितु को बांहों में भर लिया. थैंक्स या इस तरह का कोई शब्द कहने की जरूरत नहीं थी. क्योंकि अनुशा की आंखों से ही सब व्यक्त हो रहा था. अनुशा दौड़ती हुई हर्ष के पास पहुंची. वह गुलाब का बुके लिए कार से टेक लगाए खड़ा उसी की राह देख रहा था. अनुशा ने उस के हाथ से बुके छीन कर उस के सीने से लगते हुए कहा, ‘‘हैप्पी वैलेंटाइंस डे हर्ष. हर्ष मैं ने एक सपना देखा है. शहर के पौश इलाके में नदी के किनारे एक फ्लैट है. उस फ्लैट की गैलरी में शाम को तुम खड़े हो और मैं तुम्हारे लिए कौफी बना रही हूं. क्या तुम रोज उस तरह अपने लिए कौफी बनाने का मौका दोगे? आई लव यू हर्ष.’’

हर्ष के दोनों हाथों ने अनुशा को जकड़ लिया था. अब मुंह से कुछ भी कहने की जरूरत नहीं रह गई थी.