Shocking Murder Case: ओडिशा के नबरंगपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिस ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है. रायघर थाना क्षेत्र के जोड़िंगा पंचायत के बोरगांव में सुबास गोंड नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी मनई गंड की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर सबूत छिपाने के लिए उस के शव को घर के शौचालय के सेप्टिक टैंक में डाल दिया.
जानकारी के अनुसार, सुबास अपनी पत्नी और बच्चों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गया था. वहां से लौटने के बाद पतिपत्नी के बीच किसी बात को ले कर विवाद शुरू हो गया. बताया जा रहा है कि सुबास को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, जिस वजह से दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया और गुस्से में उस ने पत्नी पर हमला कर दिया, जिस से उस की मौके पर ही मौत हो गई.
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत छिपाने के लिए शव को सेप्टिक टैंक में डाल दिया ताकि किसी को शक न हो. लेकिन इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब उन के 4 साल के मासूम बेटे ने घटना देख ली और डर के कारण पड़ोसियों को सारी बात बता दी. बच्चे की बात सुनकर ग्रामीणों ने सुबास से पूछताछ की, जहां पहले तो वह इनकार करता रहा, लेकिन बाद में उस ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया.
सूचना मिलने पर रायघर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सेप्टिक टैंक से शव को बरामद किया. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले कर पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं, यह घटना पूरे क्षेत्र में सनसनी का कारण बन गई है, जहां एक तरफ पति की दरिंदगी ने लोगों को झकझोर दिया है, वहीं एक मासूम बच्चे द्वारा सच उजागर करने ने सभी को भावुक कर दिया है. Shocking Murder Case






