Crime Story Hindi: एक ऐसा शातिर अपराधी सामने आया, जिस की करतूत ने सभी को चौंका दिया. पुलिस से बचने के लिए वह करीब 5 घंटे तक पानी में डूबा रहा और भीतर छिप कर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश करता रहा. उस की यह चालाकी और दुस्साहस सुनकर हर कोई दंग रह गया. आखिर कौन था यह शातिर अपराधी, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी? आइए जानते हैं इस सनसनीखेज मामले की पूरी कहानी, जो आप को अलर्ट रहने का संदेश देगी.
यह शातिर अपराधी हरविंदर सिंह उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला है, जिस ने अब तक देशभर में 400 से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है. चौंकाने वाली बात यह है कि वह वर्ष 2017 में बिजनौर के हल्दौर नगर निकाय से निर्दलीय पार्षद भी रह चुका है. हरविंदर सिंह के खिलाफ मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, मुंबई सहित कई स्थानों पर मामले दर्ज हैं. गिरफ्तारी से बचने के लिए वह हर वारदात के बाद सिम बदल लेता था और अपने साथ कोई पहचान पत्र नहीं रखता था. फिलहाल जबलपुर पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल द्वारा उस से अन्य मामलों में पूछताछ की जा रही है.
यह सनसनीखेज घटना मध्य प्रदेश के जबलपुर में सामने आई, जहां मंगलवार शाम पुलिस और एक अंतरराज्यीय चोर के बीच फिल्मी अंदाज में पीछा हुआ. पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी खितौला रेलवे स्टेशन के पास काई से भरे एक तालाब में कूद गया और करीब 5 घंटे तक पानी के भीतर छिपा रहा. उस की इस चालाकी ने पुलिस को भी हैरान कर दिया. हैरानी की बात यह रही कि आरोपी सांस लेने के लिए कमल की डंठल, जिसे कमलनाल कहा जाता है, का सहारा लेता रहा.






