Social Media Scam : औनलाइन इमोशनल रिलेशन बना कर युवतियों को फंसाने और धमकाने वाले साहिल विश्वकर्मा के सोशल मीडिया पर 100 फरजी प्रोफाइल थे. उस ने युवतियों को अपने जाल में फंसा कर उन के 250 से ज्यादा अश्लील वीडियो बना रखे थे. उन्हीं वीडियो के जरिए वह उन से इस तरह पैसों की वसूली करता था कि...
बात 11 मार्च, 2026 की है. मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में स्थित बरगी नगर पुलिस चौकी की इंचार्ज सरिता पटेल सुबह के समय अपने केबिन में बैठी थीं कि तभी बाहर से किसी महिला के रोने की आवाज आई. उन्होंने सिर उठा कर देखा तो एक युवती हाथ में रूमाल दबाए, सकुचाते हुए अंदर दाखिल हो रही थी. उस की आंखें सूजी हुई थीं और चेहरे पर असीम पीड़ा थी.
युवती को अंदर बुला कर सरिता पटेल ने उसे सामने की कुरसी पर बैठने का इशारा किया. इस के बाद उन्होंने उस से उस की समस्या के बारे में पूछा. इस पर युवती ने धीरे से कहा, मैम, मुझे एक लड़का बहुत परेशान कर रहा है. उस की बात सुन कर चौकी इंचार्ज ने उसे पूरी बात विस्तार से बताने को कहा.
इस पर 23 साल की एमबीए स्टूडेंट यविता ने बताया कि वह बरगी नगर इलाके में अपने फादर के साथ रहती है, मम्मी का 5 साल पहले ही देहांत हो चुका था. पापा एक निजी कंपनी में काम करते हैं. वह मेरी पढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे. यविता ने आगे बताया कि मैं भी मेहनत कर के अच्छे नंबरों से पास होती रही. अपने करिअर को ले कर मैं काफी गंभीर थी.






