Jaipur Gang War. राजस्थान की राजधानी जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में 11 नवंबर, 2026 की रात एक सनसनीखेज गैंगवार जैसी वारदात में 25 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की बेरहमी से हत्या कर दी गई. हमलावरों ने महज एक मिनट 15 सेकेंड (75 सेकेंड) के भीतर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया. पुलिस की शुरुआती जांच में स्पष्ट हुआ है कि यह हत्याकांड 7 साल पहले हुई एक हत्या का बदला है.

पुलिस जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी बुधवार दोपहर करीब 3 बजे से ही एक कैंपर गाड़ी में सवार हो कर विजय बाजिया की रेकी कर रहे थे. शाम करीब सवा 7 से 8 बजे के बीच, जब विजय अपनी फौच्र्युनर कार से कालवाड़ स्थित घर की ओर जा रहा था तो उस ने हमलावरों को पीछा करते देख लिया. बचने के लिए उस ने गाड़ी रावण गेट की तरफ मोड़ी, लेकिन जगदंबा नगर कालोनी के पास हमलावरों ने अपनी कैंपर से फौच्र्युनर को जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर से गाड़ी क्षतिग्रस्त हो कर रुक गई. विजय ने गाड़ी से उतर कर पैदल भागने की कोशिश की, लेकिन हनीस गोल्या हाथ में कुल्हाड़ी ले कर उस के पीछे दौड़ा. हमलावरों ने विजय को घेर लिया और लाठियों व कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए.

हमला इतना वीभत्स था कि कुल्हाड़ी की धार विजय के सिर में 3 इंच तक अंदर धंस गई. महज 75 सेकेंड में हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी कुल्हाड़ी को शव के पास ही छोड़ कर कैंपर से फरार हो गए.

स्थानीय लोगों की सूचना पर करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान विजय को कांवटिया अस्पताल ले गई, जहां डौक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पोस्टमार्टम के दौरान डौक्टरों ने उस के सिर से धंसी हुई कुल्हाड़ी निकाली. शरीर पर कई अन्य गहरे घाव भी मिले हैं.

इस हत्याकांड की जड़ें जोबनेर के तिबारियां गांव से जुड़ी हैं, जहां मृतक विजय बाजिया और कैलाश का घर एकदूसरे से महज 500 मीटर की दूरी पर है.

विजय और कैलाश पहले साथ ही रहते थे, लेकिन किसी विवाद के चलते दोनों में दुश्मनी हो गई. पहले कैलाश ने विजय को मारने की कोशिश की, जिस के जवाब में साल 2019 में विजय ने एक शराब की दुकान पर कैलाश की हत्या कर दी. इस जुर्म में विजय जेल भी गया था.

पिता की हत्या के बाद से ही कैलाश का बेटा हनीस गोल्या बदला लेने की फिराक में था. विजय के जेल से बाहर आने के बाद से जोबनेर इलाके में उस पर 4 से 5 बार जानलेवा हमले हो चुके थे, जिन की रिपोर्ट भी पुलिस में दर्ज है.

डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण और करधनी थाने के एसएचओ सवाई सिंह तंवर ने मृतक के आपराधिक इतिहास से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं.

विजय जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था और पिछले 10 सालों से अपराध की दुनिया में सक्रिय था. कई गैंग्स से जुड़े विजय के खिलाफ जोबनेर, कालवाड़ और करधनी थानों में हत्या के 2 मामलों सहित कुल 15 केस दर्ज थे. Jaipur Gang War

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...