True Crime Story. राजस्थान पुलिस के हैडकांस्टेबल रोहताश मीणा ने अपनी बेटी अनु मीणा की शादी पीडब्लूडी के इंजीनियर गौतम मीणा से इसलिए की थी कि बेटी सुख से रहेगी. बेटी की शादी में उन्होंने करीब 60 लाख रुपए खर्च किए थे. इस के बावजूद भी ससुराल में अनु मीणा का जीना दूभर हो गया था. और फिर एक दिन अनु के साथ ऐसी घटना घटी कि…
अनु मीणा की शादी गौतम मीणा के साथ 25 जुलाई, 2015 को तय कर दी गई थी. अनु बहुत खुश थी, क्योंकि उस की शादी जिस युवक से होने वाली थी, वह लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में एक्सईएन (एग्जीक्यूटिव इंजीनियर) के पद पर कार्यरत था. इंजीनियर पति उसे जीवनसाथी के रूप में मिल रहा था, इस से उस की खुशी दोगुनी थी. उस ने जैसे पति की कल्पना की थी, वैसा ही पति उसे मिलने वाला था.
अनु के भाग्य को सराहते हुए उस की सहेलियां कह रही थीं, ”अनु, तुम बहुत भाग्यशाली हो, जो तुम्हें इंजीनियर जीवनसाथी के रूप में मिल रहा है. तुम ससुराल में राज करोगी.’’
यह सुन कर अनु मन ही मन मुसकरा रही थी. सखियों ने उबटन लगा कर अनु का रंगरूप निखार दिया था. उसे दुलहन बनाया गया. गहनों से सजाया गया. हाथों में मेहंदी, पांव में महावर रचाई गई. गोरे रंगरूप की अनु मीणा ने दुलहन बनने के बाद खुद को आईने में देखा तो वह खुद के खिले रूप पर शरमा गई थी.
वह लाल जोड़े में अप्सरा सी सुंदर लग रही थी. तय वक्त पर बारात आई और हंसीखुशी से शादी की सारी रस्में निबटा दी गईं. गौतम ने अनु के साथ सात फेरे लिए और सात जन्मों तक साथ निभाने की कसमें अग्नि के समक्ष खाईं. सात वचन निभाने का वादा किया.
गौतम मीणा इंजीनियर था तो उस की शादी भी धूमधाम से संपन्न हुई. गौतम मीणा जयपुर जिले के चौमू क्षेत्र के चिथवाड़ी गांव का रहने वाला था. वहीं रोहताश मीणा की बेटी अनु मीणा कोटपुतली, बहरोड जिला के कल्याणपुरा गांव की रहने वाली थी.
रोहताश मीणा राजस्थान पुलिस विभाग में नौकरी करते थे. वह अपनी पत्नी माया देवी और 2 बेटों व एक बेटी अनु के साथ खुशहाल जीवन जी रहे थे. अनु जब सयानी हुई तो उस के योग्य रिश्ता खोजा जाने लगा.
रिश्तेदारों के माध्यम से पता चला कि चौमू क्षेत्र के चिथवाड़ी गांव का गौतम मीणा जो इंजीनियर है, वह अनु के योग्य है. इस पर बात चलाई. रिश्ता पक्का हो गया, तब शादी का मुहूर्त निकाला गया. 25 जुलाई, 2015 को गौतम और अनु शादी के बंधन में बंध गए.
फेरों के बाद दूल्हे गौतम मीणा के मामा दीनदयाल मीणा ने मांग रखी, ”मेरा भांजा गौतम सरकारी नौकरी में है. उसे 5 लाख रुपए कैश व एक होंडा सिटी कार दहेज में चाहिए. आप की बेटी राज करेगी.’’
यहां बता दें कि गौतम के पेरेंट्स एवं भाई का निधन हो चुका था. परिवार में इकलौता गौतम बचा था. गौतम ने चिथवाड़ी, चौमूं से 12वीं तक पढ़ाई के बाद जयपुर में मामा दीनदयाल मीणा के पास रह कर पढ़ाई पूरी की थी और इंजीनियर बना था. दीनदयाल ही गौतम के पेरेंट्स की भूमिका निभा रहा था.
ससुराल पहुंची अनु
रोहताश मीणा ने बेटी की खुशी के लिए गौतम और उस के मामा की डिमांड पूरी कर दी थी. गौतम मीणा को दहेज में 5 लाख रुपए नकद और होंडा सिटी कार दे दी थी. शादी में हैसियत से बढ़ कर करीब 60 लाख रुपए खर्च किए थे.
अनु के पेरेंट्स बेटी की खुशी के लिए कुछ भी करने को तैयार थे. गौतम शादी कर अनु को अपने गांव चिथवाड़ी ले आया, जहां पर नवेलीदुलहन अनु का खूब स्वागतसत्कार के साथ गृह प्रवेश कराया गया.
दिन भर दुलहन रस्मों में लगी रही. गांव की महिलाएं नई दुलहन को देखने आती रहीं. महिलाएं दुलहन के रूप की प्रशंसा करती नहीं थक रही थीं.
रिश्ते की एक भाभी ने चुटकी ली, ”गौतमजी, दुलहन तो चांद का टुकड़ा है. इसे बादलों की ओट में छिपा कर यानी परदे में रखना. कहीं किसी की नजर न लग जाए.’’
यह सुन कर गौतम बोला, ”भाभी, मैं क्या कम स्मार्ट हूं, जो आप व्यंग्य बाण मार रही हो. ठीक है, मैं इस चांद के टुकड़े को हमेशा ओट में ही रखूंगा. अब तो खुश?’’
इस तरह हंसीखुशी में दिन बीत गया. रात ने चादर फैलाई तो सभी लोग खापी कर सोने चले गए. दुलहन को सुहाग कक्ष में पहुंचा दिया गया. गौतम यारदोस्तों के साथ महफिल जमा कर बैठा था. वह शराब के नशे में धुत था. तभी एक दोस्त ने कहा, ”गौतम, आज तुम्हारी सुहागरात है, थोड़ी कम पियो. ऐसा न हो कि यहीं सो जाओ.’’
यह सुन कर लडख़ड़ाती जुबान में वह बोला, ”कैसी बात करते हो यार, मैं होश में हूं. चलो, दुलहन इंतजार कर रही होगी. गुड नाइट.’’ कह कर गौतम वहां से उठा और सुहाग कक्ष की तरफ चला गया.
यारदोस्त भी निकल गए. अनु सुहाग सेज पर पति का इंतजार कर रही थी. तभी नशे में झूमता गौतम कमरे में आया.
वह दरवाजा बंद कर दुलहन के समीप बैठ गया और बोला, ”ये घूंघट वगैरह खोलो… हम पढ़ेलिखे हैं कोई गंवार नहीं. ऐसे नखरे मुझे अच्छे नहीं लगते.’’
कहने के साथ ही गौतम ने अनु का घूंघट एक झटके में उठा दिया. अनु को पति की यह हरकत ठीक नहीं लगी.
वह तो कल्पनालोक में खोई थी कि पति आएगा और मानमनुहार कर के नेग दे कर घूंघट हटाएगा और प्यार भरी बातें करेगा, मगर यहां तो उस के उलटा हो रहा था.
पति के मुंह से शराब की बू आ रही थी. दुलहन का घूंघट उठा कर पति ने उसे बाहों में कैद कर लिया. उस के मुंह से शराब के भभके निकल रहे थे. शराब के नशे में वह बकवास किए जा रहा था. वह पति की हरकतें देख रही थी.
वह कह रहा था, ”तुझे अपनी सुंदरता पर बड़ा नाज है न तो यह तेरी गलतफहमी है. तूने खूबसूरत लड़कियां देखी ही कहां हैं. मेरे साथ कालेज में पढ़ती थीं एक से बढ़ कर एक. उन के पैर की तो तू जूती भी नहीं है, समझी…’’
अनु कुछ न बोली तो गौतम बोला, ”गूंगी है तू, बोलती क्यों नहीं. मायके में तो खूब चपरचपर करती थी.’’
इस तरह गौतम ने सुहागरात वाली रात से ही पत्नी को प्रताडि़त करना शुरू कर दिया था. अनु तो पति को बहुत प्यार करती थी, इस कारण वह चुप रही, मगर गौतम उसे ताने मारता रहा. उसे पैर की जूती कहता रहा. फिर भी वह चुप रही.
सुहागरात बीत गई. शारीरिक संबंध भी बने. मगर दिल न मिले. प्यार मनुहार से जो नवजीवन की नींव रखनी थी, उस की जगह रिश्ते में खटास सी लगने लगी. अनु को पति सनकी लग रहा था, मगर अब तो उस के पल्लू से बांध दिया गया था. उसे अब निभाना ही था. वह चाहे हंस कर निभाती या रो कर निभाती?
अनु ने तय किया कि वह पति का दिल जीत कर ही रहेगी. इस के लिए उसे चाहे लाख ताने दे या उस का तिरस्कार करे.
शादी के बाद ससुराल से मायके कल्याणपुरा पहली बार अनु आई तो उस के चेहरे पर वह खुशी नजर नहीं आई, जो नईनवेली दुलहन के चेहरे पर होती है.
परिजनों ने सोचा कि 25 साल तक मांबाप व भाइयों के साथ रही अनु का ससुराल में मन नहीं लगा होगा. वे इस बात से अनजान थे कि अनु का पति गौतम शराबी है. वह शराब पीने के बाद पागल कुत्ते की तरह पत्नी के साथ हरकतें करता है. वह अपने आप को बहुत ज्यादा होशियार समझता है. वह पत्नी को पैर की जूती समझता है. अनु ने भी पति की मानमर्यादा व इज्जत का खयाल रखते हुए पति के टौर्चर करने के बारे में किसी को कुछ नहीं बताया.
अनु को किया जाने लगा टौर्चर
अनु के पेरेंट्स और भाई खुश थे कि उन लोगों के भाग्य अच्छे हैं, जो अनु को इंजीनियर पति मिला. वह ससुराल में खूब खुश रहेगी. सरकारी इंजीनियर गौतम मीणा उन की बेटी को रानी बना कर रखेगा. वह खुश रहेगी तो फेमिली वाले भी खुश रहेंगे. अनु पति से बहुत प्यार करती थी, इस वजह से वह उस के अत्याचार सह कर भी चुप रहती थी. वह पति की करतूतें अपने मायके में बताने से बचती रही. उस की सोच थी कि आज नहीं तो कल वह पति का दिल जीत ही लेगी. इसी आस में वह उस के अत्याचार सहन करती रही.
गौतम मीणा शादी के बाद पत्नी अनु को जयपुर ले आया. वह पत्नी के साथ अलग घर में रहने लगा. शादी से पहले वह मामामामी के घर जयपुर में उन के साथ रहता था. अनु शादी के कुछ माह बाद गर्भवती हो गई. उस ने साल 2016 में एक बेटे को जन्म दिया.
बेटे का पालनपोषण किया जाने लगा. गौतम ड्यूटी पर चला जाता था, तब अनु अपने बेटे के साथ समय व्यतीत करती रहती थी. बेटा 2 साल का था, तब अनु ने दूसरी संतान को जन्म दिया. इस बार उसे बेटी पैदा हुई थी. इस समय बेटा 10 साल का और बेटी 8 साल की है.
अनु अपने बच्चों से बहुत प्यार करती थी, जबकि गौतम को उन से कोई लेनादेना नहीं था. वह शराब पीने का आदी हो चुका था. अनु का कहना था कि शादी के थोड़े समय बाद से ही गौतम उसे मारनेपीटने लगा था. वह उसे लातघूसों व जूते से मारतापीटता था. वह उस के मुंह पर थूक तक देता था.
वह उस से कहता, ”मैं ने तेरे जैसी कंगली और बदसूरत से शादी की. तेरे बाप ने दहेज में दिया ही क्या. मैं अगर कहीं दूसरी जगह शादी करता तो करोड़ों रुपए दहेज में मिलते. मैं ने तुझ से शादी कर के गलती की. तू मेरे लायक नहीं है. मेरे ऊपर अभी भी 10 लड़कियां मरती हैं, तू उन के आगे कुछ भी नहीं है. अपने गोरे रंग पर तुझे बड़ा गुमान है न, मगर सांवले रंग की लड़कियों के आगे तू कुछ भी नहीं…स्साली… गंदगी.
”अपने बाप के रिटायरमेंट पर जो पैसे मिलेंगे, उन में से तीसरा हिस्सा तू ले आना. बाप की औलाद बराबर होती है न, तो तीसरा हिस्सा तो बनता ही है. 2 हिस्से तेरे भाइयों के और तीसरा तेरा, लाएगी न? अगर नहीं लाई तो तेरी खैर नहीं. अपने मांबाप से हिस्सा मांगना. वे पैसे जरूर देंगे. क्योंकि वे तुझ से बहुत प्यार करते हैं न?’’
अनु ने दहेज की यह नई डिमांड सुनी तो वह टूट सी गई. अनु के दोनों भाई सेटल थे. पति ने डिमांड रखी तो अनु ने अपनी मम्मी माया देवी से कहा, ”मम्मी, दहेज का दानव मुझे जीने नहीं देगा.’’
यह सुन कर माया देवी बोलीं, ”क्या बात है बेटी, कहो तो सही.’’
तब अनु ने कहा, ”मम्मी, गौतम कहता है कि पापा के रिटायरमेंट पर मिलने वाली राशि में से तीसरा हिस्सा उसे चाहिए.’’
”अनु, तू चिंता मत कर. तेरे पापा के रिटायरमेंट पर जो पैसे मिलेंगे, उस का तीसरा हिस्सा तुम्हें दे दूंगी. हमारी तू एक ही तो बेटी है. तू खुश रहे, हम यही चाहते हैं.’’ माया देवी ने बेटी को धीरज बंधाया.
बढ़ गई पैसों की डिमांड
अनु के बच्चे बड़े होने लगे थे. तब उन का दाखिला स्कूल में कराया गया. स्कूल की फीस एवं अन्य खर्च के पैसे भी अनु को पति नहीं देता था. बच्चों की फीस, स्कूल टैक्सी किराया, अन्य खर्च के रुपए भी अनु अपने भाई नीरज से लेती थी. अनु ने बताया कि साल 2022 में उस ने मायके से 20 लाख रुपए ला कर पति को दिए.
नीरज ने भी करीब 4 लाख रुपए अनु को दिए. गौतम मीणा एक्सईएन के पद पर सरकारी नौकरी कर रहा था. उस की सैलरी भी लाखों रुपए मासिक थी. इस के बावजूद वह पत्नी को जबतब पीहर से रकम लाने को कहता रहता था.
जब तक अनु अपने मायके से पैसे ला कर नहीं देती थी, तब तक वह उसे सांस भी नहीं लेने देता था. अनु के पापा रोहताश मीणा पुलिस विभाग से हैडकांस्टेबल पद से रिटायर हो चुके थे. अनु के पेरेंट्स और भाई सालों पहले कल्याणपुरा गांव से जयपुर आ कर रहने लगे थे. शादी ब्याह या तीजत्यौहार पर रोहताश परिवार सहित गांव जाया करते थे. छुट्टी पर भी गांव जाते थे, मगर ज्यादातर समय जयपुर में ही रहते थे.
गौतम मीणा को अनु पसंद नहीं थी. इसी कारण वह उसे बातबात पर जलील करता था. गाली देता था. हाथ भी उठा देता था. पहले तो वह रात में शराब पी कर अनु को टौर्चर करता था. बाद में वह दिनरात किसी भी समय शराब पीने लगा था.
अनु ने बताया कि वह उसे रात में पीट कर घर से निकाल देता था. तब वह अपने बच्चों के साथ जयपुर स्थित अपने मायके पहुंच जाती थी. मम्मी के पूछने पर अनु कहती, ”शराब पी कर गौतम हैवान बन जाता है. उस ने घर से निकाल दिया.’’
ऐसे में माया देवी बेटी को गले से लगा लेती. वह कहती, ”तो पति को तलाक दे दे और हमारे साथ ही रह ले.’’
मगर अनु न मानती. वह कहती, ”मम्मी, मैं गौतम से बहुत प्यार करती हूं, इस कारण मैं तलाक नहीं दे सकती.’’
गौतम पत्नी को शराब पी कर घर से भगा देता था और शराब का नशा सुबह उतरता तो वह अनु को लेने पहुंच जाता. वह हाथ जोड़ कर माफी मांगता और अनु के पैर पकड़ कर गलती मानता और उसे घर ले जाता. अनु जब मिन्नतें करने पर पति के साथ उस के घर पर आती तो वह फिर से उसे प्रताडि़त करने लगता.
गौतम मीणा साल 2023 से औनलाइन गेम (सट्टा) खेलने लगा था. औनलाइन सट्टे में वह रोज पैसे लगाता था. कभीकभार 5 सौ, हजार रुपए जीतता था. ज्यादातर समय वह पैसे हार जाता था.
शराब, जुए और सट्टे की लत ने उसे चिड़चिड़ा बना दिया था. वह सारी खुन्नस पत्नी पर निकालता था. गौतम मीणा ने घरेलू काम के लिए एक महिला सुनीता को नौकरानी रखा था. सुनीता सांवले रंग की थी. उस का कयामत ढाने वाला मादक बदन देख कर गौतम उस पर मर मिटा था. वह सुनीता का सामीप्य पाने को मचल रहा था.
नौकरानी से बन गए संबंध
एक रोज उसे मौका मिला तो उस ने सुनीता को बाहों में भर लिया. अचानक गौतम की इस हरकत से सुनीता डर गई. वह खुद को छुड़ाने की कोशिश करने लगी.
तभी गौतम बोला, ”सुनीता, क्यों नखरे कर रही हो. तुम तो जानती हो कि मेरी अनु से बनती नहीं. मैं तुम से प्यार करने लगा हूं. क्या तुम मेरी रानी नहीं बनना चाहती? क्या तुम अनु की जगह नहीं लेना चाहती? अगर रानी बनना है तो समर्पण कर दो. नहीं तो नौकरी से निकाल दूंगा. अगर मेरा कहा मानोगी तो मौज करोगी.’’
यह सुना तो सुनीता ने समर्पण कर दिया. गौतम ने सुनीता को नौकरानी से उठा कर दिल की रानी बना लिया. सुनीता की वह रुपएपैसे से भी मदद करने लगा. सुनीता को उस ने सपने दिखाने शुरू किए कि वह उसे पत्नी बनाएगा.
सुनीता अपना तनमन समर्पण करते समय यह भूल गई कि सात फेरे ले कर सात जन्म तक साथ निभाने का वादा करने वाला गौतम मीणा जब पत्नी अनु का नहीं हुआ तो उस का कैसे होगा?
मगर सुनीता जब से गौतम की हमबिस्तर हुई थी, वह गौतम के आसपास ही मंडराती फिरती थी. अनु को थोड़ा शक तो हुआ, मगर सोचा कि यह उस का वहम होगा.
अनु के साथ पति का अत्याचार हद से बढ़ गया तो अनु ने पति के जुल्म से बचने के लिए घटना से 4 साल पहले अपने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवा लिए. सीसीटीवी कैमरे इस वजह से लगवाए थे ताकि गौतम उस पर कम जुल्म करे. अगर वह सीसीटीवी कैमरे की रेंज में मारपीट करे तो सबूत के लिए फुटेज उस के पास में हो.
गौतम भी कम होशियार नहीं था. वह जानता था कि सीसीटीवी की रेंज में अगर उस ने अनु के साथ मारपीट की तो वह रिकौर्ड हो जाएगी. तब जहां सीसीटीवी नहीं लगे थे, वहां पर उस के साथ मारपीट करने लगा. गौतम अपने बच्चों के सामने पत्नी से मारपीट करता था. बच्चे भी उस से डरेसहमे रहते थे. वह बच्चों को भी पसंद नहीं करता था.
दूसरी महिलाओं और बच्चों की तुलना वह पत्नी व अपने बच्चों से कर के कहता था, ”पड़ोस की भाभी व बच्चे कितने सुंदर व समझदार हैं. एक तुम हो जो किसी लायक नहीं हो.’’
पापा जब मम्मी से मारपीट करते तो बेटा कहता, ”मम्मी, मैं पापा की करतूत नानी और मामा को बताऊंगा. वे उसे सबक सिखाएंगे.’’
तब अनु अपने बेटे से कहती, ”तुम नानी और मामा को कुछ मत बताना. वरना वे लोग थाने में रिपोर्ट कर देंगे. ऐसे में तेरे पापा की नौकरी चली जाएगी. हर काली रात के बाद सवेरा होता है. तेरे पापा भी आज नहीं तो कल सुधर जाएंगे.’’
मम्मी के मना करने पर बच्चे अपने पापा की हैवानियत के बारे में किसी को नहीं बताते थे. यही कारण था कि गौतम का जुल्म दिनोंदिन बढ़ता गया. गौतम इतना गिर गया था कि वह अनु को चरित्रहीन बताने लगा था.
वह शराब पी कर कहता, ”अनु, तू सचसच बता कि तेरे अपने चचेरे भाई के साथ अवैध संबंध थे?’’
ऐसे झूठे लांछन सुन कर अनु का मन करता कि वह सुसाइड कर ले. मगर फिर उसे जब खयाल आता कि उस की मौत के बाद उस के बच्चों का क्या होगा, तब वह सुसाइड करने का खयाल दिल से निकाल देती थी.
गौतम जब उस पर चरित्रहीन होने का आरोप लगाने लगा तो अनु ने उस की कसम खा कर कहा कि तुम बेवजह मुझ पर शक कर रहे हो. मगर गौतम तो हाथ धो कर उस के पीछे पड़ा था कि वह स्वीकार करे कि उस के चचेरे भाई के साथ अवैध संबंध हैं. मगर अनु का जब कोई गलत संबंध था ही नहीं तो वह क्यों स्वीकार करती. वह अपने को पाकसाफ बताती तो गौतम उसे पीट कर अधमरा कर देता.
वह कहता, ”साली, झूठ बोलती है. सच क्यों नहीं बताती कि अपने चचेरे भाई के साथ मुंह काला करवाती रही है.’’
अनु पर लगाए झूठे आरोप
घिनौने झूठे आरोप सुन कर वह सोचती कि कैसा हैवान पति मिला है? पिछले जन्म में ऐसे क्या कर्म किए थे, जिस की सजा बेवजह इस जन्म में मिल रही थी.
गौतम मीणा पत्नी अनु मीणा व दोनों बच्चों के साथ जयपुर (दक्षिण) जिले के मानसरोवर क्षेत्र के बालाजी विहार स्थित घर में रहता था. गौतम की पोस्टिंग राजस्थान के टोंक जिले के निवाई में थी. वह जयपुर से डेली अपडाउन करता था.
अक्तूबर, 2025 में दीपावली पर गौतम परिवार के साथ अपने गांव चिथवाड़ी (चौमू) गया था. नौकरानी सुनीता भी साथ गई थी. वहां पर अनु ने गौतम को नौकरानी सुनीता के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया.
यह देखते ही अनु का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. उस ने सुनीता के 2-3 थप्पड़ जड़ दिए. तब सुनीता ने अनु से हाथ जोड़ कर माफी मांगी, मगर यह गौतम से सहन नहीं हुआ. वह अनु को पीटने लगा. अनु किसी तरह बच कर पड़ोस में गई व अपने मायके में रोरो कर सारी बात बताई.
अनु ने बताया कि गौतम नौकरानी के साथ गलत संबंध बना रहा था. उसे रंगेहाथ पकड़ा तो वह बौखला गया और उसे पीटने लगा. उस समय अनु बड़ी मुश्किल से जान बचा कर पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदारों के यहां गई. मायके वालों को रोते हुए कौल किया.
तब अनु के परिजन जयपुर से चिथवाड़ी गांव गए और अनु को संभाला. उस समय गौतम ने आगे से ऐसी हरकत नहीं करने का भरोसा दिया था. अनु ने पति को जब नौकरानी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा था, उस के बाद उसे नौकरी से निकाल दिया था.
सुनीता को नौकरी से निकाला तो गौतम का खून खौल उठा था. कहां तो नौकरानी के साथ घर बसाने के वह सपने संजो रहा था और कहां उसे नौकरी से भी निकाल कर गौतम को उस से दूर कर दिया था. इस का जिम्मेदार वह अनु को मानता था. गौतम अपने बच्चों से कहता था कि सुनीता तुम्हारी मम्मी है, अनु मम्मी नहीं है.
बच्चे यह बात अपनी मम्मी अनु को बताते तो उस के सीने पर सांप लोट जाता था. सुनीता को काम पर से हटाए जाने के बाद गौतम की क्रूरता बढऩे लगी थी. वह शराब पी कर आए दिन अनु से मारपीट करने लगा. वह पत्नी और बच्चों से छुटकारा पाना चाहता था.
बन गया खून का प्यासा
इसी कड़ी में गत 13 मार्च, 2026 को बच्चों सहित अनु को कमरे में बंद कर गैस चूल्हे को चालू छोड़ कर मकान लौक कर के गौतम चला गया. तब अनु ने परिचित को बुला कर गेट खुलवाया था. गौतम जाते समय अनु का मोबाइल भी साथ ले गया था, ताकि अनु कौल कर मदद न मांग सके.
एक तरह से गौतम अपनी पत्नी व बच्चों के खून का प्यासा बन गया था. उस ने सोचा था कि गैस चूल्हा चालू छोड़ कर जाएगा तो आग लग जाएगी और तीनों मर जाएंगे. मगर ऐसा हुआ नहीं तो गौतम और ज्यादा नफरत व जुल्म करने लगा. वह बच्चों से भी मारपीट करता था.
अनु के पापा जयपुर के गोपालपुरा बाईपास त्रिवेणी नगर में सपरिवार रहते थे. अनु की शादी में लाखों रुपए नकद, सोनेचांदी की ज्वैलरी देने के बावजूद गौतम और उस के परिजनों का लालच कम नहीं हुआ.
साल 2022 में भी अनु के मायके वालों ने अपनी बेटी का घर बचाने के लिए लाखों रुपए दिए थे, लेकिन प्रताडऩा का दौर थमा नहीं.
गत फरवरी माह में गौतम ने अनु को बुरी तरह मारापीटा. उस ने अनु का सिर सिलेंडर पर पटका, जिस से वह बुरी तरह घायल हो गई. तब उसे अस्पताल ले जा कर इलाज कराया गया.
अनु को गौतम कहीं बाहर घुमाने ले जाता तो वहां पर भी वह उस से मारपीट कर देता था. अनु ने कई बार अपने भाई नीरज और परिवार को वीडियो कौल कर और रोते हुए मैसेज भेज कर अपनी जान को खतरा बताया था.
दहेज लोभी पति का लालच बढ़ता गया. पानी जब सिर से ऊपर हो गया तो अनु ने जीवनलीला खत्म करने का निर्णय कर लिया. 7 अप्रैल, 2026 को जब पति झगड़ कर घर से चौमू चला गया तो अनु ने पति को वीडियो कौल कर कहा, ”मैं अपनी जीवनलीला खत्म कर रही हूं. तुम खुश रहना.’’ कह कर अनु ने चुन्नी का फंदा बनाया और छत पर लगे पंखे के हुक से लटक गई.
अनु को फंदा लगाते देख गौतम के होश उड़ गए. उस ने सपने में भी नहीं सोचा था कि अनु ऐसा भी कर सकती है. गौतम ने अनु को रोकना चाहा, मगर वह आज मौत को गले लगाने का निर्णय ले चुकी थी.
अनु ने फांसी लगा कर सुसाइड कर लिया. गौतम ने पड़ोसी को कौल कर पत्नी को संभालने को कहा. पड़ोसी दरवाजा तोड़ कर कमरे में पहुंचे. अनु को फंदे से नीचे उतारा. मगर वह मर चुकी थी.
गौतम चौमू से घर वापस पहुंचा, तब तक पड़ोसी अनु को अस्पताल ले जा चुके थे. डौक्टरों ने देखते ही अनु को मृत घोषित कर दिया.
मामला सुसाइड का था. घटना की खबर थाना मुहाना को दी गई. मुहाना थाना अधिकारी गुर भूपेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे. शव कब्जे में ले कर मोच्र्युरी में रखा. मृतका के पीहर पक्ष को भी घटना की खबर दी गई. उन्हें बताया गया कि अनु ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली है.
मृतका के परिजनों को शक तो था कि यह गौतम से प्रताडि़त हो कर मरी है, मगर उस समय उन के पास कोई सबूत नहीं था, इस कारण वे रो कर चुप हो गए.
पुलिस ने घटनास्थल का मौकामुआयना किया. पड़ोसियों के बयान लिए. पोस्टमार्टम की काररवाई कर के शव पति गौतम को सौंप दिया. मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया. बच्चों को नानी के घर भेज दिया. अनु का शव जयपुर से चिथवाड़ी गांव ले जा कर अंतिम संस्कार कर दिया गया. अनु की तेरहवीं हो गई. तब तक अनु के पीहर वालों को गौतम के जुल्मों व प्रताडऩा के बारे में कुछ पता नहीं था. हां, इतना जरूर पता था कि गौतम शराब पी कर अनु को प्रताडि़त करता था.
अनु के सुसाइड करने से पूरा परिवार गमगीन था. अनु के सुसाइड करने के सवा माह बाद अनु के बेटे ने अपने मामा नीरज से कहा, ”मामा, मम्मी को पापा बहुत मारते थे. गालियां देते थे. मम्मी के मोबाइल में एक वीडियो है, उसे आप देखो, तब पता चल जाएगा कि मम्मी ने पापा से परेशान हो कर सुसाइड किया था.’’
बच्चों ने बताई सच्चाई
अनु का आईफोन मोबाइल उस के सुसाइड करने के बाद नीरज अपने साथ ले आया था. भांजे ने अनु के मोबाइल का लौक खोल कर मामा को कुछ वीडियो दिखाए. ये वीडियो देख कर नीरज के पैरों तले से जमीन खिसक गई.
वीडियो में गौतम मीणा पत्नी अनु के साथ मारपीट करता दिख रहा था. वीडियो अनु के बालाजी विहार जयपुर स्थित घर में लगे सीसीटीवी फुटेज का था, जिस में गौतम अनु से जम कर जूते से मारपीट करता, अनु पर थूकता हुआ और घर में लगी एलईडी तोड़ता दिखाई दे रहा था.
पहले के सीसीटीवी फुटेज को गौतम डेली डिलीट कर देता था. मगर पहली अप्रैल, 2026 का यह फुटेज शराब के नशे के कारण वह डिलीट करना भूल गया था.
अनु के मोबाइल में कुछ और वीडियो भी मिले, जिन में गौतम पत्नी को भद्दी गालियां देते दिख रहा है. अनु को वह गंदगी तक कह रहा है. यह वीडियो गाड़ी में सफर के दौरान का था, अनु वीडियो में रोतीसिसकती नजर आ रही है. 17 मिनट के इस वीडियो में गौतम शराब के नशे में उलटासीधा बक रहा है. अनु पूरे वीडियो में रो रही है.
नीरज मीणा ने यह वीडियो अपने परिजनों को दिखाए. बेटी के साथ क्रूरता देख पेरेंट्स सकते में आ गए. परिवार ने मिलबैठ कर विचारविमर्श किया. अब उन्हें पता चला था कि अनु ने सुसाइड गौतम मीणा के उत्पीडऩ, मारपीट, चरित्रहनन एवं दहेज के लोभ के चलते किया था.
अनु के बच्चों ने मामा नीरज, नानी माया देवी, नाना रोहताश को पिता द्वारा अनु के साथ किए जुल्मों के बारे में विस्तार से बताया तो सुन कर उन की रुह कांप गई.
इतने जुल्म सह कर भी वह पति से अलग नहीं होना चाहती थी. वह पति को कितना प्यार करती होगी, यह अंदाजा लगा सकते हैं. 15 मई, 2026 को नीरज मीणा जयपुर (नार्थ) के डीसीपी राजर्षि राज वर्मा से मिला और उन्हें घटना से अवगत कराया.
डीसीपी राजर्षि राज वर्मा ने उन्हें थाना मुहाना भेज कर मामला दर्ज कराने को कहा. नीरज मीणा 15 मई, 2026 को थाना मुहाना गया और अपनी बहन अनु मीणा को आत्महत्या के लिए उकसाने और घरेलू हिंसा का मामला गौतम मीणा, उस के चाचा रतन मीणा, मामा दीनदयाल मीणा और मौसेरे भाई मनीष मीणा के खिलाफ दर्ज कराया.
मुहाना थाने के एसएचओ गुर भूपेंद्र सिंह ने नीरज मीणा की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 128, 85 के तहत मामला दर्ज किया. मामले की जांच मानसरोवर एसीपी आदित्य काकड़े को सौंपी गई.
जांच हाथ में आते ही एसीपी आदित्य काकड़े ने बालाजी विहार स्थित मृतका के घर का निरीक्षण किया. एफएसएल ने साक्ष्य एकत्रित किए और घर को सील कर दिया. परिवादी नीरज मीणा द्वारा दिए वीडियो और औडियो रिकौर्डिंग व मैसेज का अवलोकन किया. मृतका के पीहर पक्ष एवं मृतका के बच्चों के बयान दर्ज किए.
पुलिस ने बयान दर्ज करने के बाद आरोपी गौतम मीणा को पकडऩे के लिए उस के ठिकानों पर दबिश देनी शुरू की, क्योंकि वह फरार हो गया था. पुलिस टीमें लगातार उसे पकडऩे के लिए दबिश दे रही थीं. आखिर पुलिस की मेहनत रंग लाई. 4 जून, 2026 को पुलिस ने गौतम मीणा को हिरासत में ले लिया.
इस से पहले मृतका के परिजन न्याय की मांग को ले कर उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी से भी मिले थे. उपमुख्यमंत्री ने उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया था. पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आरोपी गौतम मीणा मीडिया के समक्ष हाथ जोड़ता नजर आया.
आरोपी से पहले मानसरोवर थाने में पूछताछ की गई. बाद में उसे गिरफ्तार कर थाना मुहाना ले जाया गया, जहां पर उस से कड़ी पूछताछ की गई. पुलिस पूछताछ में जो कहानी सामने आई, वह इस प्रकार निकली—
राजस्थान की राजधानी जयपुर के चौमू क्षेत्र के गांव चिथवाड़ी का रहने वाला था गौतम मीणा. उस के पेरेंट्स व भाई वर्षों पहले चल बसे थे. उसे चाचाताऊ ने पालापोसा. 12वीं तक उसे गांव के स्कूल में पढ़ाया. इस के बाद गौतम अपने मामा दीनदयाल मीणा के पास जयपुर चला गया.
पेरेंट्स के न होने से गौतम को डपटने वाला कोई नहीं था, इसलिए वह शराब पीने लगा था. पढ़ाई पूरी कर के वह पीडब्ल्यूडी में एक्सईएन पद पर नौकरी पाने में सफल रहा था. सरकारी नौकरी के बाद उस के योग्य दुलहन की खोज की जाने लगी. कोटपुतली बहरोड जिले के कल्याणपुरा निवासी रोहताश मीणा की बेटी अनु मीणा से उस का विवाह हो गया था.
अनु की शादी में फेमिली वालों ने लगभग 60 लाख रुपए खर्च किए थे. अनु के पापा पुलिस में थे. उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़ कर बेटी की शादी में खर्चा किया था.
शादी के बाद अनु ससुराल आई तो उसे पता चला कि उस का पति शराब पीता है. इस पर उस ने कोई ऐतराज नहीं किया, मगर शादी के थोड़े समय बाद ही शराब पी कर पति गालीगलौज व मारपीट करने लगा. 2 बच्चे होने के बाद भी पति की आदत नहीं सुधरी तो अनु चिंतित रहने लगी.
अनु के फेमिली वालों को भी गौतम के शराब पीने की बात पता चल गई थी, मगर उन लोगों ने इस पर खास ध्यान नहीं दिया. उन लोगों ने भी सोचा कि आज के जमाने में शराब पीना कोई बुरी बात नहीं है. मगर, गौतम जब शराब पी कर अनु को प्रताडि़त करने लगा तो उन को लगा कि उन्होंने सरकारी नौकरी के चक्कर में अनु की जिंदगी कहीं बरबाद तो नहीं कर दी. मगर अब वे करते भी तो क्या?
सपनों के साथ विदा हुई अनु ने शायद कभी नहीं सोचा होगा कि सात फेरों का रिश्ता उस की जिंदगी पर इतना भारी पड़ जाएगा. इंजीनियर दामाद मिलने पर फेमिली वालों को लगा था कि बेटी खुशहाल जीवन जीएगी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही अनु की जिंदगी दर्द, अपमान और मारपीट के अंधेरे में डूबती चली गई.
गौतम शराब के नशे में अनु के साथ आए दिन मारपीट करता और रुपए की मांग करता था. विरोध करने पर ताने देता और दूसरी शादी करने की धमकी देता था. धीरेधीरे अनु मानसिक तनाव और डिप्रेशन में चली गई, लेकिन उस ने रिश्ते को बचाने की उम्मीद में जुल्म सहना जारी रखा. उस ने हर दर्द, अपमान सहा ताकि उस का घर न टूटे.
साल 2022 में भी परिवार ने रिश्ते को बचाने के लिए गौतम को 20 लाख रुपए दिए. इस के बाद अनु के भाई नीरज ने करीब 4 लाख रुपए और दिए, लेकिन उस की प्रताडऩा खत्म नहीं हुई. साल 2023 में वह अनु के साथ मारपीट कर उसे मायके छोड़ गया.
अनु पति गौतम व दोनों बच्चों के साथ बालाजी विहार, मानसरोवर, जयपुर में रहती थी. वहीं, अनु के पेरेंट्स व भाई त्रिवेणीनगर, गोपालपुरा बाईपास, जयपुर में रहते थे. मारपीट कर अनु को मायके छोड़ा तो मायके वालों ने समझाइश की तो गौतम ने माफी मांगी और सुधरने का भरोसा दिया, लेकिन हालात नहीं बदले.
बच्चों के सामने भी वह अनु को मारतापीटता व जलील करता रहता था. अनु का आरोप है कि गौतम के साथ शराब पीने वाला उस का दोस्त मनीष मीणा भी उसे उकसाता था.
उधर अक्तूबर, 2025 में हालात और खराब हो गए. अनु ने अपनी मम्मी माया देवी को फोन कर रोते हुए बताया था कि गौतम का घर में काम करने वाली नौकरानी सुनीता के साथ चक्कर चल रहा है.
विरोध करने पर वह उसे बेरहमी से पीटता है. फोन पर अनु बारबार कहती रही कि मुझे यहां से ले जाओ, नहीं तो वह मुझे मार डालेगा.
अनु ने पति गौतम को जब से नौकरानी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा था, तब से गौतम बौखला गया था और उस ने अनु के चरित्र पर ही झूठे लांछन लगाने शुरू कर दिए थे. गौतम अनु का नाम उस के ही चचेरे भाई के साथ जोड़ कर उसे मानसिक रूप से बेइज्जत करने लगा. विवाद इतना बढ़ा कि गौतम ने अनु और दोनों बच्चों को एक दिन घर मे रसोई गैस खुली छोड़ कर मारने का भी प्रयास किया.
इस घटना के बाद अनु डर के मारे बच्चों को ले कर मायके चली गई. बाद में गौतम ने पैर पकड़ कर माफी मांगी और कसम खाई. इस के बाद समाज के बीच समझौता करा कर अनु को वापस भेजा गया. घर लौटने के बाद भी प्रताडऩा बंद नहीं हुई.
रोजाना के टौर्चर से तंग आ कर 7 अप्रैल, 2026 को अनु ने पति गौतम को वीडियो कौल किया और उसे लाइव देखते हुए बालाजी विहार जयपुर स्थित अपने घर में फांसी लगा ली. उसे फांसी के फंदे पर झूलते देख गौतम ने चौमू से पड़ोसियों को कौल कर इस की सूचना दी. पड़ोसियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उस की मौत हो चुकी थी.
शुरुआत में मृतका के फेमिली वालों व पुलिस ने इसे सामान्य सुसाइड केस माना था, लेकिन सुसाइड के सवा महीने बाद जब अनु का मोबाइल उस के बच्चे ने खोल कर मां के साथ मारपीट करते गौतम मीणा के क्रूरता के वीडियो मामा नीरज मीणा को दिखाए, तब अनु के सुसाइड करने का कारण पता चला.
अनु ने पति की प्रताडऩा व दहेज की डिमांड, चरित्रहीनता के झूठे लांछन लगाने के कारण सुसाइड किया था. तब मृतका के भाई नीरज मीणा ने 15 मई, 2026 को थाना मुहाना में मामला दर्ज कराया था.
नीरज मीणा ने पुलिस को सीसीटीवी में रिकौर्ड क्रूरता के वीडियो, औडियो रिकौर्डिंग व वाट्सऐप चैट के स्क्रीनशौट भी उपलब्ध कराए. पुलिस ने इन साक्ष्यों की सच्चाई का पता लगाने के लिए उन्हें जांच के लिए एफएसएल भेजा. मृतका के परिजनों व दोनों बच्चों के बयान लिए. बच्चों ने पापा गौतम के लिए उम्रकैद या फांसी की सजा की मांग की.
उधर फरारी के दौरान गौतम ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी कर के बताया कि घटना वाले दिन 7 अप्रैल, 2026 को वह चौमू की तरफ था. पत्नी से फोन पर 2 बार बात हुई थी. वह गलत कदम उठाने की बात कह रही थी. तब मैं ने पड़ोसी दिग्विजय को फोन कर अनु को रोकने के लिए कहा था. पड़ोसी मौके पर पहुंचे, लेकिन गेट तोडऩे में थोड़ा समय लग गया. इस वजह से अनु की मौत हो गई.
गौतम मीणा ने कहा कि मेरी जिंदगी की 70 प्रतिशत संपत्ति अनु मीणा के नाम है. मैं ने कभी पत्नी को रुपयों के लिए तंग नहीं किया था. जयपुर में पत्रकार कालोनी में 500 वर्गगज का प्लौट अनु मीणा के नाम है. चौमू में भी अनु के नाम से प्लौट लिया था. पिछले साल उस के जन्मदिन पर स्कोडा कार गिफ्ट की थी.
आरोपी गौतम मीणा ने बिना नाम लिए ससुराल पक्ष पर आरोप लगाया कि वह घर से डीवीआर, मम्मी के गहने व अन्य कीमती सामान ले कर चले गए.
उस का आरोप है कि मेरी पत्नी का इंस्टाग्राम आईडी भी डिलीट कर दिया, ताकि सच्चाई सामने न आ पाए. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुझे लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा है. बच्चों को भी मेरे खिलाफ भड़काया जा रहा है. मेरे पास अब केवल बच्चे और नौकरी है. वे लोग मेरी नौकरी खाना चाहते हैं. गौतम ने कहा कि मैं पुलिस जांच में हर तरह से सहयोग करने को तैयार हूं. अगर निष्पक्ष जांच हुई तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा.
पत्नी के सुसाइड के बाद पहली बार आरोपी पति सोशल मीडिया पर वीडियो के जरिए सामने आ कर अपने को पाकसाफ बता रहा था. मगर आरोपी गौतम मीणा के मासूम बच्चों ने मीडिया के समक्ष जो कुछ बताया, वह इस प्रकार था, ”पापा हर दिन मम्मी को मारते थे. लातघूंसे चलाते और उन पर थूक दिया करते थे. एक बार तो पापा ने मम्मी का सिर पकड़ कर गैस सिलेंडर पर दे मारा था. इस के बाद उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा था. ये उन का रुटीन का काम था. नौकरानी को हमारी ‘दूसरी मम्मी’ कहते थे. हम दोनों भाईबहन डर जाते थे. पापा को हमारी मम्मी में कमी ही दिखती थी. वे उन के नाम की प्रौपर्टी लेना चाहते थे और हम तीनों को ठिकाने लगा कर दूसरी शादी करना चाहते थे.’’
बच्चों ने आगे बताया, ”हम ने मम्मीपापा को हमेशा झगड़ते ही देखा है. पापा शराब पी कर मम्मी को हर दिन मारते थे. औफिस के बाद रात को घर आते ही उन का झगड़ा शुरू हो जाता था. लातघूंसे मारना और मम्मी पर थूकना, यह तो पापा का रुटीन बन गया था. पापा के इसी टौर्चर के कारण हमारी मम्मी मर गई.’’
अपनी मम्मी को खोने के बाद से दोनों बच्चे गहरे सदमे में हैं और अपने पापा के नाम से ही थरथर कांपते हैं.
पूछताछ पूरी होने पर मुहाना थाना पुलिस ने 5 जून, 2026 को आरोपी गौतम मीणा को जयपुर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया था. नामजद आरोपियों रतन मीणा, दीनदयाल मीणा और मनीष मीणा से भी पुलिस ने पूछताछ की, मगर उन को गिरफ्तार नहीं किया गया था.
डीसीपी राजर्षि राज वर्मा ने कहा कि जांच चल रही है, अगर अनु मीणा प्रकरण में आरोपियों की संदिग्ध भूमिका सामने आती है तो उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सकता है. True Crime Story
—कथा पुलिस सूत्रों, मृतका के पीहर पक्ष के बयानों पर आधारित






