Bengaluru  Mass Murder. यह चौंकाने वाली घटना दक्षिण भारत के शहर बेंगलुरु की है, जहां एक 52 साल के कैब ड्राइवर इंदुशेखर ने पत्नी समेत ससुराल के 7 रिश्तेदारों को मौत के घाट उतार दिया, जिस का उसे जरा भी पछतावा नहीं हुआ. यहां तक कि उस का कहना था कि अब मुझे शांति मिली है और मैं संतुष्ट हूं.

जांच में हत्या का कारण घरेलू विवाद, पारिवारिक अंतरकलह के साथ करीब 3 करोड़ रुपए की संपत्ति का मामला सामने आया है. पुलिस को हैरान करने वाली गजब की जानकारी मिली कि आरोपी की बेटी ने शवों को ठिकाने लगाने और सबूत मिटाने में मदद की थी, जिस से बेटी की भूमिका भी जांच के घेरे में आ गई. उस पर आरोप लगाया गया है उसे हत्याओं की जानकारी थी और उस ने शवों को ठिकाने लगाने के साथ घर से सबूत मिटाने में पिता की मदद की.

3 करोड़ की प्रौपर्टी के लिए किए सभी 7 कत्ल के बाद स्टांप पेपर पर शवों के अंगूठे लगवा लिए थे. बताते हैं कि यह जघन्य अपराध आरोपी ने पत्नी द्वारा लगातार अपमानित होने के बाद किया. पुलिस अब घरेलू विवाद के साथ संपत्ति के पहलू की भी जांच कर रही है. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पत्नी रोज बेइज्जत करती थी. उस ने यह आरोप भी लगाया कि पत्नी के मायके वाले हमेशा उसी का साथ देते थे. परिवार के बीच होने वाले झगड़ों में उसे बारबार बेइज्जती का सामना करना पड़ता था.

बेंगलुरु के श्रीरामपुरा इलाके की करीब 3 करोड़ रुपए की संपत्ति का मामला सुनीता के मायके से जुड़ा है. पुलिस को संदेह है कि संपत्ति में हिस्सेदारी को ले कर चल रहा विवाद हत्याओं की प्रमुख वजहों में शामिल था. पत्नी सुनीता के साथ इंदुशेखर का काफी समय से घरेलू विवाद चल रहा था. सुनीता बारबार मायके चली जाती थी. इस कारण उन के बीच आए दिन झगड़े होते रहते थे. पत्नी के साथ होने वाला लगातार विवाद ही उस के पूरे परिवार के खिलाफ दुश्मनी में बदल गया था.

जांच में पाया गया कि इंदुशेखर अपनी सास रूपावती से संपत्ति में बड़ा हिस्सा मांग रहा था. जबकि रूपावती का कहना था कि संपत्ति में उसे उतना ही हिस्सा मिल सकता है, जितना कानूनी रूप से उस का हक बनता है. रूपावती के 2 बेटे भी थे. वह उन के अधिकारों को किसी भी कीमत पर नजरअंदाज नहीं करना चाहती थीं.

आरोपी इंदुशेखर द्वारा हत्याकांड की यह वारदात एक दिन में नहीं, बल्कि उस ने 16 से 31 अक्तूबर, 2026 के बीच में की. इस दरम्यान उस ने अपनी पत्नी और उस के परिवार के 6 अन्य सदस्यों की हत्या की. पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और गहन पूछताछ की और हत्याकांड का परदाफाश किया.

पुलिस जांच के मुताबिक, उस ने परिवार के सदस्यों को अलगअलग बहाने से अपने घर बुलाया. कभी उन्हें पार्टी के लिए बुलाया गया तो कभी यह बताया कि परिवार के दूसरे लोग बाहर गए हुए हैं. इस के बाद आरोपी ने कथित तौर पर एकएक कर के उन सभी की हत्या कर दी.

जांच में सामने आया कि आरोपी शवों को अलगअलग जगहों पर ले जा कर ठिकाने लगाता रहा, जिस की परिवार के अन्य सदस्यों को भनक तक नहीं लगी. पुलिस के अनुसार उस ने शवों को पैक किया और अलगअलग इलाकों में फेंक दिया ताकि किसी को शक न हो.

यह मामला 3 नवंबर को तब सामने आया, जब परिवार के एक सदस्य ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. जांच के दौरान पुलिस को इंदुशेखर पर शक हुआ. पूछताछ में उस ने कथित तौर पर हत्याओं की बात कुबूल की और शवों को ठिकाने लगाने वाली जगहों के बारे में जानकारी दी.

शुरुआत में पुलिस के लिए 7 हत्याओं के दावे पर यकीन करना मुश्किल था, लेकिन आरोपी की ओर से बताई गई जगहों पर शव मिलने के बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया और एकएक कर खुलासे होते चले गए.

आरोपी ने जिन को मौत के घाट उतारा, उन में इंदुशेखर की पत्नी सुनीता, सास रूपावती, साले शिवकुमार और शंकर शामिल थे. इस के अलावा शिवकुमार की पत्नी दिव्या, शंकर की पत्नी नलिनी और 7 साल का पुनीत भी मारे गए. सभी शव अलगअलग जगहों से बरामद किए गए. सुनीता और रूपावती के शव तमिलनाडु के सेलम जिले के यरकौड के जंगलों से मिले थे, जबकि शिवकुमार और दिव्या के शव मैसूर के चामुंडी हिल्स के पास से बरामद किए गए.

महज 7 साल के पुनीत का शव नंदी हिल्स के पास मिला था. वहीं, शंकर और नलिनी के शव बेंगलुरु-मैंगलुरु हाईवे के पास शिराडी घाट के जंगलों से बरामद हुए थे.

10 नवंबर को शंकर और नलिनी के शव मिलने के साथ ही सभी मृतकों की तलाश पूरी हो गई थी. शवों के पोस्टमार्टम करवा कर उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है.

पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने इस हत्याकांड में व्यक्तिगत विवाद के अलावा आर्थिक पहलू के बारे में भी बताया. जांच में यह दावा भी सामने आया है कि हत्याओं के बाद मृतकों के अंगूठे के निशान स्टांप पेपर पर लिए गए थे.

इस मामले में इंदुशेखर की बेटी की भूमिका भी जांच के दायरे में आ चुकी है. पुलिस का आरोप है कि उसे पिता की योजना की जानकारी थी.

इंदुशेखर ने बेटी को भरोसा दिलाया था कि उस की मां सुनीता के हिस्से की संपत्ति उसे मिल जाएगी. इसे सच मानते हुए पिता ने बेटी से जैसा कहा, वैसा वह करती रही. पुलिस के अनुसार, हत्याओं के बाद घर में खून के निशान साफ करने के लिए कैमिकल और दूसरे सामान जुटाने में भी बेटी ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई. घर की सफाई कई बार की गई ताकि अपराध के निशान मिटाए जा सकें.

पुलिस को यह भी शक है कि बेटी ने शवों को अलगअलग जगहों पर ठिकाने लगाने में पिता की मदद की.   Bengaluru Mass Murder

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...