Abu Dujana. 15 लाख का इनामी अबु दुजाना खूंखार आतंकवादी था, साथ ही अय्याश भी. उस के मरने से जहां कुछ कश्मीरियों ने सुकून की सांस ली है, वहीं सुरक्षाबलों का भी हौसला बढ़ा.
कश्मीर के हालात बहुत गंभीर हैं, देश के लिए भी और उन कश्मीरी नागरिकों के लिए भी, जो मेहनत से रोजीरोटी कमा कर अपने परिवार का पेट पालते हैं. वजह हैं, आतंकवादी और आतंकवादियों को पनाह देने वाले लोग या फिर वे लोग जो हुर्रियत से पैसे ले कर आतंकवादियों को बचाने के लिए उन सुरक्षाबलों पर पत्थर बरसाते हैं, जो उन की सुरक्षा के लिए तैनात हैं.
सुरक्षाबलों की बेबसी देखनी है तो कश्मीर में देखिए, जहां हथियारबंद जवान हथियारों के होते हुए भी पत्थरबाजों के फेंके पत्थर खाने को मजबूर हैं, क्योंकि अगर उन की गोली किसी पत्थरबाज पर चल गई तो मानवाधिकार संगठन शोर मचाना शुरू कर देंगे. स्थानीय सरकार भले ही वह भाजपा के सहयोग से चल रही हो, पत्थरबाजों के हक में खड़ी हो जाएगी.
इस के बावजूद सुरक्षाबल और स्थानीय पुलिस पाकिस्तानी या पाकिस्तानपरस्त आतंकवादियों को समाप्त करने के प्रयास में लगी है. सुरक्षाबलों ने जुलाई, 2016 में जब बुरहान वानी को मार गिराया था तो बौखलाहट पाकिस्तान में भी दिखाई दी और कश्मीर में भी. वजह यह कि वह आतंकी सरगनाओं का पोस्टर बौय था. पाकिस्तान तो उसे अपना हीरो मान कर उस की मौत के मामले को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले गया, नतीजा कुछ नहीं निकला यह अलग बात है. बुरहान की मौत पर कश्मीर में खूब स्यापा हुआ.
कश्मीर का रहने वाला बुरहान वानी हिजबुल मुजाहिदीन का खूंखार चेहरा था, जो अक्तूबर, 2015 में मारे गए आतंकी अबू कासिम के मारे जाने के बाद सुर्खियों में आया था. उस की जगह अबु दुजाना को कश्मीर का चीफ बनाया गया था. जब बुरहान वानी मारा गया तो अबु दुजाना सुर्खियों में आ गया. मूलरूप से पाकिस्तान के इस आतंकी ने कश्मीर में सुरक्षाबलों पर हमले कर के ऐसी दहशत फैलाई कि कश्मीर की आजादी के नाम पर दहशतगर्दी को पसंद करने वाले कश्मीरी उसे शह देने लगे.






