Love Crime: सीमा ने 10 साल पहले भाग कर दूसरी जाति के रामू के साथ प्रेम विवाह कर लिया था. वह उस के साथ सुखी तो थी ही, उस के 2 बच्चों की मां भी बन गई थी. इतने दिनों बाद भी घर वाले उस के इस प्रेम को बरदाश्त नहीं कर सके और...
अमित ने जीजा के पैर छूते हुए उन का उखड़ा मूड देख कर पूछा, ‘‘क्या बात है जीजाजी, आजआप कुछ नाराज से लग रहे हैं?’’
‘‘नाराजगी की वजह तुम अच्छी तरह जानते हो अमित. 10 साल से हम जिस आग में जल रहे हैं, वह तुम्हें बताने की जरूरत नहीं है.’’
अमित ने बहनोई को समझाने की कोशिश करते हुए कहा, ‘‘जीजाजी, बात काफी पुरानी हो चुकी है, इसलिए अब तो उसे भूल जाना चाहिए.’’
लेकिन जगदीश उस बात को भुलाना नहीं चाहता था, इसलिए उस ने कहा, ‘‘अगर तुम्हारी जगह मैं होता तो परिवार की उस बेइज्जती का बदला ले कर रहता.’’
जगदीश की इस बात से अमित सोच में पड़ गया. उस की बहन सीमा ने जो किया था, क्या वह इतना बड़ा अपराध था कि उस के लिए जीजाजी जो कह रहे हैं, क्या वह उचित है? अमित उर्फ भूरा 23 साल का हो गया था. जब उस की बहन सीमा ने दूसरे जाति के लड़के से शादी कर के घर छोड़ा था, तब वह 10-11 साल का था. खटीक जाति का गंगा सिंह एटा जिले के थाना रिजोर के गांव इब्राहीमपुर में रहता था. उसी का बेटा था अमित. उस के अलावा गंगा सिंह की 4 बेटियां थीं ममता, यशोदा, रमा और सीमा. परिवार बकरियों की खरीदफरोख्त का काम करता था. इस धंधे में इतनी कमाई हो जाती थी कि जिंदगी मजे से चल रही थी.






