Love Crime. एक प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत उस समय सामने आया, जब एक युवक ने अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी. इस वारदात ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. आरोपी ने महज 35 सेकंड के भीतर युवती पर 32 बार चाकू से हमला किया. इतना ही नहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद उस ने खुद पर भी 11 वार कर आत्महत्या की कोशिश की.आइए जानते हैं इस सनसनीखेज हत्याकांड की पूरी कहानी.
यह मामला पंजाब के मोहाली के सेक्टर-66 स्थित एक निजी लौजिस्टिक्स कंपनी का है. यहां काम करने वाली डिंपल खत्री की उस के प्रेमी हरजिंदर सिंह मान ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी. दोनों के बीच पहले करीबी संबंध थे, लेकिन पिछले कुछ समय से डिंपल ने उस से दूरी बनानी शुरू कर दी थी. उस ने बातचीत भी लगभग बंद कर दी थी, जिस से हरजिंदर मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था.
इस के बाद हरजिंदर को यह डर सताने लगा था कि डिंपल हमेशा के लिए उस से रिश्ता खत्म कर कहीं और चली जाएगी. इसी आशंका और गुस्से ने उस के मन में खतरनाक विचार पैदा कर दिए थे. उस ने वारदात की योजना बनाते हुए औनलाइन शौपिंग प्लेटफ़ार्म अमेजन से 3 चाकू मंगवाए.
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, घटना से पहले हरजिंदर ने डिंपल के भाई से भी संपर्क किया था. वह जानना चाहता था कि डिंपल उस से बात क्यों नहीं कर रही है. हालांकि उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला. इस के बाद उस ने डिंपल से सीधे मिलने का फैसला किया.






