Faridabad Murder. आज के समय में छोटीछोटी बातों को ले कर युवाओं के बीच विवाद इतना बढ़ जाता है कि कई बार मामला जान लेने तक पहुंच जाता है. ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां केवल 500 रुपए के विवाद में एक किशोर की हत्या कर दी गई.
यह घटना हरियाणा के फरीदाबाद की है. डीएलएफ क्राइम ब्रांच ने गाजीपुर इलाके में हुए ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. जांच में सामने आया कि 15 वर्षीय आकाश की हत्या उस के परिचित रोहित उर्फ फटेला ने की थी.
पुलिस के अनुसार दोनों की करीब डेढ़ साल से जानपहचान थी. लगभग ढाई महीने पहले दोनों गुरुग्राम के एक क्लब में पार्टी करने गए थे, जहां एंट्री फीस के 500 रुपए रोहित ने दिए थे. इस के बाद वह लगातार अपने पैसे वापस मांग रहा था, लेकिन आकाश उसे टालता रहा.
घटना वाले दिन आरोपी किसी मामले में पेशी के लिए फरीदाबाद आया था. रात करीब साढ़े 9 बजे वह आकाश को घर से अपने साथ ले कर गया. दोनों डबुआ थाना क्षेत्र के गाजीपुर इलाके में पहुंचे और वहां बैठकर बीयर पी. इसी दौरान रोहित ने दोबारा अपने पैसे मांगे.
बात बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आ कर नुकीले औजार से आकाश के सीने और पेट पर कई वार किए. इस के बाद गमछे से गला दबाकर उस की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया.
अगली सुबह 6 जून को पुलिस को सूचना मिली कि उड़ीया कालोनी में एयरफोर्स स्टेशन के पीछे खाली जगह पर एक किशोर का शव पड़ा है. सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई.






