Bhopal Crime News. शुभ्रा रंजन की मशहूर आईएएस एकेडमी में पढऩे वाला प्रियंक शर्मा कई अटेंप्ट के बाद भी जब सफल न हो सका तो भोपाल में उस ने कोचिंग की नई ब्रांच खोलने के लिए डायरेक्टर शुभ्रा रंजन को बुलाया. भोपाल आई शुभ्रा रंजन ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि उन के चेले का यह न्यौता उन्हें भारी पढऩे वाला है. प्रियंक शुभ्रा को कोचिंग सेंटर दिखाने एक फ्लैट में ले गया, जहां पहले से मौजूद उस के साथियों ने उन्हें बंधक बना लिया और कनपटी पर पिस्टल तान कर 2 करोड़ रुपए अपने अकाउंट में इतनी आसानी से ट्रांसफर करा लिए कि...
भोपाल में रहने वाला प्रियंक शर्मा (35 वर्ष) उस दिन सुबह से उधेड़बुन में लगा हुआ था कि आज दीपक और विक्की को अपने प्लान के बारे में बताना है. दोपहर में जैसे ही दीपक और विक्की उस से मिले तो प्रियंक ने अपनी बात रखते हुए कहा, ''देखो भाई, कोचिंग सेंटर में मुझे बहुत घाटा हुआ है और तुम लोगों की पगार देना तक मुश्किल हो रहा है. उस की भरपाई पूरी करने के लिए मैं ने एक प्लान बनाया है. तुम लोग मेरा साथ दो तो काम आसान हो जाएगा और पैसों की तंगी भी दूर हो जाएगी.’’
''सर बताइए, आप ने क्या प्लान बनाया है?’’ दीपक ने उत्सुकता दिखाते हुए कहा.
''दिल्ली की एक मशहूर आईएएस एकेडमी 'शुभ्रा रंजन’ की डायरेक्टर को किसी बहाने भोपाल बुलाते हैं और फिर उन को किडनैप कर के मोटी रकम वसूल लेंगे.’’ प्रियंक ने बताया.
''क्या यह इतना आसान है? पकड़े गए तो जेल की हवा खाएंगे.’’ विक्की ने आशंका जताई.






