Matrimonial Scam. लोगों ने ठगी के नायाब तरीके ढूंढ लिए हैं. वह इतने शातिर तरीके से शिकार को जाल में फंसाते हैं कि फंसने वाले को इस का अहसास बहुत देर से होता है. 48 वर्षीय अनुज संतोष तिवारी उर्फ अनुज कुमार त्रिवेदी मैट्रिमोनियल साइट से धनाढ्य विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को अपने जाल में फांस कर उन से शादी करता था. इस के बाद वह उन से लाखों रुपए और ज्वैलरी ले कर फरार हो जाता था. इस तरह वह 25 से अधिक शादियां कर चुका था. उस के बेटे प्रखर ने भी सीतापुर के विधायक की बेटी को अपने पे्रमजाल में फांस कर शादी कर ली. देश का सब से बड़ा मैट्रिमोनियल ठग आखिर कैसे आया पुलिस गिरफ्त में?
दोपहर का वक्त था. उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर के अपर जिलाधिकारी (एडीएम) आयुष चौधरी अपने कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे. मेज पर फाइलों का ढेर था. कर्मचारी अपनेअपने काम में व्यस्त थे, तभी कार्यालय के बाहर अचानक हलचल हुई. बैठक खत्म हो चुकी थी. एक कर्मचारी ने आ कर बताया, ''सर, 4 महिलाएं आप से मिलना चाहती हैं. मामला काफी गंभीर बता रही हैं.’’
आयुष चौधरी ने उन्हें अंदर बुलाने को कहा. दरवाजा खुला और वे महिलाएं एकएक कर के कमरे में दाखिल हुईं. उन के चेहरे पर चिंता, गुस्सा और बेबसी साफ दिखाई दे रही थी. आयुष ने सामने रखी कुरसियों की ओर इशारा करते हुए कहा, ''आप लोग बैठिए और बताइए, समस्या क्या है?’’
चारों में से सब से आगे बैठी महिला ने कांपती आवाज में कहा, ''साहब, हम चारों अलगअलग जगहों से आई हैं, लेकिन हमारी कहानी एक ही आदमी से जुड़ी हुई है.’’






