Punjab Crime: रोहित गाता अच्छा था, इसलिए वह फिल्मों में गायक और म्यूजिक डाइरैक्टर बनने के सपने देखने लगा. जब उस का वह सपना पूरा नहीं हुआ तो उस ने साथियों के साथ मिल कर जो अपराध किया, उस की वजह से आज वह जेल में है
पंजाब के जिला बठिंडा के कस्बा रामामंडी के उस सुनसान इलाके में दूरदूर तक सिर्फ खेत ही नजर आ रहे थे. सुबह का उजास फैलना शुरू हो गया था. सूरज बस कुछ ही देर में निकलने वाला था. 4 लड़के खेतों के बीच से गुजर रहे थे तो वहां बनी ट्यूबवेल की कोठरी से उन्हें किसी के रोनेचीखने की मद्धिम सी आवाज आती सुनाई दी. उन्हें लगा, कोठरी में किसी की पिटाई हो रही है और वह मदद के लिए पुकार रहा है.
चारों लड़के दिलेर किस्म के थे और सामाजिक कार्यों में भी थोड़ी रुचि रखते थे, जिस से हर किसी के सुखदुख में खड़े रहते थे. अपने इलाके में इस तरह किसी की पिटाई होने की बात पर उन की भुजाएं फड़क उठीं. उन के इलाके में किसी की पिटाई, वह भी उन की जानकारी के बिना, यह सोच कर उन्हें गुस्सा आ गया. यह उन लड़कों को असहनीय लगा, इसलिए मामला क्या है, यह जानने के लिए उन का मन बेचैन हो उठा.
https://youtube.com/shorts/yh3lEO_OuZQ?si=znTyeMLsU_e0uihp
इस तरह की और वीडियो देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें
चारों लड़के ट्यूबवेल की ओर चल पड़े. कोठरी के नजदीक पहुंचने पर उन्हें पिटने वाले के साथसाथ पीटने वालों की भी आवाजें सुनाई देने लगी थीं. पीटने वाले पिटाई के साथसाथ गंदीगंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकियां दे रहे थे. कोठरी का दरवाजा भीतर से बंद था. दरवाजा खुलवाने को उन्होंने शोर मचाते हुए जोरजोर से उसे थपथपाना शुरू किया तो एकबारगी भीतर खामोशी छा गई. इस के बाद अंदर से ‘बचाओ... बचाओ...’ की आवाजें आने लगीं. इसी के साथ उस ने यह भी कहा वे पिछली खिड़की से भाग रहे हैं, उन्हें पकड़ो.






