Story in Hindi. सपा के प्रदेश स्तर के नेता मनीष तिवारी ने नौकरी दिलाने का झांसा दे कर विनीता से शारीरिक संबंध बना कर उस की वीडियो भी बना ली. इस के बाद वह उसी वीडियो के बल पर उसे ब्लैकमेल करने लगा तो...
1 जून, 2016 को देर रात पार्टी से घर लौटा तो मनीष काफी थका हुआ था, इसलिए खाना खा कर तुरंत सो गया. अगले दिन सुबह 10 बजे वह फाइल ले कर घर निकला तो वापस नहीं लौटा. घर वालों ने उसे फोन किया तो फोन बंद मिला. इस के बाद जानपहचान वालों को फोन करने के साथसाथ संभावित जगहों पर उस की तलाश की गई, लेकिन उस का कुछ पता नहीं चला.
इस तलाश में सिर्फ इतना पता चला कि वह रानीगंज स्थित तांत्रिक मनीष दुबे के घर गया था, लेकिन वहां से वह शाम 4 बजे चला गया था. वहां से वह कहां गया, किसी को पता नहीं था. मनीष के पिता विजय कुमार सरकारी नौकरी में थे. वह शाम को घर लौटे तो बेटे के गायब होने की बात जान कर परेशान हो उठे. उन्होंने भी इधरउधर फोन कर के बेटे के बारे में पता किया, पर कोई जानकारी नहीं मिली.
कोई उपाय न देख विजय कुमार थाना कर्नलगंज पहुंचे और थानाप्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला को बेटे मनीष तिवारी के गायब होने की जानकारी दी. चूंकि मनीष सत्ताधारी पार्टी का प्रदेश स्तर का नेता था, इसलिए प्रमोद कुमार शुक्ला ने उस की गुमशुदगी दर्ज कर के इस बात की जानकारी सीओ और एसपी को दे दी. इस के बाद पुलिस मनीष की तलाश में जुट गई.






