Barbie Dream House. बौर्बी डौल पूरी दुनिया में लोकप्रिय है. इस का पिंक यानी गुलाबी रंग बच्चों के बीच काफी लोकप्रिय है, जिस में एक लड़की की जिंदगी की खूबसूरती को प्रदर्शित किया गया है. ब्रिटेन की एक 46 वर्षीया महिला इस से इस कदर प्रभावित हुई कि उस ने अपने पूरे घर को पिंक पैलेस बना डाला. उस ने न केवल अपनी ड्रेस पिंक बनाई, बल्कि घर की दीवार और फरनीचर से ले कर ड्रिल मशीन तक सब गुलाबी रंग की तैयार कराई है.
ब्रिटेन की वह महिला है सारा विल्किंसन. वह पिछले दिनों सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गई. उस की कहानी काफी रोचक है, जिस ने करीब 25 हजार पाउंड यानी 30 लाख रुपए से अधिक खर्च कर अपना पूरा घर और सारे सामान गुलाबी रंग में रंग दिए.
सोशल मीडिया पर धूम मचाने वाली सारा को यह सब करने में 8 साल लगे. उस ने अपने 5 कमरों के घर को किसी असली 'बौर्बी डौल हाउस’ में बदल दिया है. हैरान करने वाली बात यह है कि उस के घर की दीवारों और किचन से ले कर पावर ड्रिल मशीन, लैपटौप, लगेज और यहां तक कि उस का गार्डनिंग होज पाइप भी गुलाबी रंग का ही है.
इस बारे में सारा ने मीडिया को बताया कि उसे बचपन से ही गुलाबी रंग पसंद था, लेकिन इसे खुल कर जीने की आजादी उसे तब मिली, जब उस ने अपने पुराने रिश्ते से बाहर आ कर अपना खुद का घर खरीदा. इस के बाद उस ने पीछे मुड़ कर नहीं देखा. उस ने धीरेधीरे अपने घर के हर कोने, सीढिय़ों, दरवाजों, बाथरूम और किचन के सामान को गुलाबी रंग में ढाल दिया. उस के इस 'गुलाबी सपनों के घर’ में उस का साथ उस के पति टिम पूरी शिद्दत से देते हैं. हालांकि, घर में टिम के लिए एक 'मैन केव’ यानी औफिस रूम ऐसा भी है, जिसे पूरी तरह पिंक फ्री रखा गया है ताकि वह शांति से रह सकें.






