Hindi Story: एमएलए राघव का भाई कैलाश और बेटा आर्यन अपने नाइट क्लब में गंदा खेल खेल रहे थे. उन के चंगुल में जो लड़की फंस जाती, चाह कर भी नहीं निकल पाती थी. क्लब की मैनेजर खुशबू ने उन के चंगुल से अपनी सहेली तमन्ना को निकालने की कोशिश की. इस प्रयास में खुशबू को जान से हाथ तो धोना पड़ा, लेकिन उस की स्मार्ट वाच इस खेल का ऐसा राज खोल गई कि...
उत्तर प्रदेश के जिला मुरादाबाद में रामगंगा नदी के किनारे एक कस्बा है बीसलपुर. यहां एक लड़की का शव मिलने से पूरा कस्बा सनसनी में आ गया था. रामगंगा के किनारे लड़की की लाश पड़ी है. इस की सूचना मिलने पर कस्बे के लोग गंगा किनारे पहुंचने शुरू हो गए. देखते ही देखते काफी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई. तभी किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन से थाना बीसलपुर पुलिस को खबर कर दी.
कुछ ही देर में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई. इंसपेक्टर धनंजय ने अभी एक सप्ताह पहले ही बीसलपुर थाने का चार्ज संभाला था. घटनास्थल पहुंच कर उन्होंने लड़की की लाश को पानी से बाहर निकलवाया. डैडबौडी बिलकुल सुरक्षित थी. किसी तरह से किसी भी पानी के जानवरों ने लाश को कोई क्षति नहीं पहुंचाई थी. इस से लग रहा था कि लाश को आज सुबह तड़के ही ला कर डाला गया है. गले पर कुछ निशान थे, जिस से लग रहा था कि लड़की की हत्या गला घोंट कर की गई है.

पुलिस फोर्स ने घटनास्थल की बारीकी से जांचपड़ताल की. फोरैंसिक टीम को भी बुला लिया गया. टीम ने कुछ सबूत इकट्ठे करने के लिए घटनास्थल के आसपास छानबीन की और कुछ सैंपल भी एकत्र किए. लाश की शिनाख्त हो चुकी थी. लाश की शिनाख्त होते ही माहौल एकाएक और गमगीन हो गया.






