Moradabad Crime: झोलाछाप डाक्टर मुबारक अंसारी उर्फ अजय बोस ने फरजी डिग्री की बदौलत लाखों रुपए कमाए. लेकिन औरतों का रसिया होने की वजह से उस ने अपना घर ही नहीं, जिंदगी भी बरबाद कर ली.
मुरादाबाद शहर के थाना मझोला का एक गांव है विशनपुर. इसी गांव का रहने वाला तौफीक रोज की तरह 3 फरवरी, 2016 को भी सुबह अपने खेतों पर गया तो वहां उसे गेहूं के खेत में एक युवती की अधजली लाश दिखाई दी. लाश देख कर वह घबरा गया. उस ने यह बात खेतों में काम कर रहे अन्य लोगों को बताई तो वे भी उस के खेत पर आ गए. वहीं से किसी ने इस बात की जानकारी थाना मझोला पुलिस को दी तो थानाप्रभारी राजेश द्विवेदी तुरंत पुलिस टीम के साथ विशनपुर गांव के लिए रवाना हो गए.
तौफीक के खेत पर पहुंच कर वहां पड़ी लाश का उन्होंने बारीकी से मुआयना किया तो देखा कि युवती का निचला हिस्सा झुलसा हुआ था. देखने से ही लग रहा था, उस पर पैट्रोल डाल कर जलाया गया था. गले में लाल रंग का नाड़ा बंधा था. शायद उसी नाड़े से उस का गला घोंटा गया था. उस के कानों में टौप्स और पैरों में पायल तथा बिछुए थे. उस की उम्र 22-23 साल रही होगी.
लाश के पास बच्चों का एक अधजला कंबल भी पड़ा था. राजेश द्विवेदी ने इस की सूचना उच्चाधिकारियों के अलावा विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को भी दे दी थी. कुछ ही देर में विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम आ गई और सबूत जुटाने लगी. यह सब चल रहा था कि एएसपी अंकित मित्तल और अमानत मान भी वहां पहुंच गए. अधिकारियों ने भी मौकामुआयना कर के वहां मौजूद लोगों से लाश के बारे में पूछताछ की. लेकिन वहां मौजूद कोई भी आदमी उस लाश की शिनाख्त नहीं कर सका. इस के बाद पुलिस ने जरूरी काररवाई कर के लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दी.






