Builders Scam : पिछले 2-3 दशकों में महानगरों खासकर दिल्ली एनसीआर में तमाम बिल्डर कुकुरमुत्तों की तरह सामने आए. इन में से अनेक ने लग्जरी फ्लैट देने के नाम पर लोगों को खूब ठगा. गायत्री रियल एस्टेट का मालिक हरिओम दीक्षित भी उन्हीं में से एक है. अलगअलग हाउसिंग परियोजनाओं के नाम पर इस शातिर ठग ने लोगों के करोड़ों रुपए इतनी आसानी से डकार लिए कि...
गेट वे औफ उत्तर प्रदेश कहे जाने वाले नोएडा के सेक्टर-78 में रहने वाले विनोद कुमार गुप्ता पेशे से बड़े बिजनेसमैन हैं. एक जमाना था जब पुरानी दिल्ली में उन के खानदानी घर में पूरा परिवार एक ही छत के नीचे एक साथ रहता था. लेकिन वक्त के साथ जरूरतें और माहौल सब बदलते हैं. समय के साथ परिवार का भी विस्तार हो गया था, लिहाजा विनोद गुप्ता ने पुरानी दिल्ली की तंग गलियों से निकल कर आधुनिक और भव्य इलाके में अपना नया घरौंदा बनाने का विचार कर लिया.
उन्होंने अच्छीखासी रकम में पुरानी दिल्ली का मकान बेच दिया और नोएडा के सेक्टर 78 में एक कोठी बना ली. इसी आशियाने में विस्तार पा चुका परिवार विकसित होता रहा और बच्चे धीरेधीरे जवान होने लगे. नए जमाने की जरूरतों को समझते हुए विनोद कुमार ने सोचा कि क्यों न वक्त रहते सभी बच्चों और परिवार के सदस्यों को उन के लिए पसंद का आशियाना खरीद दिया जाए.
लेकिन तमाम उम्र परिवार के साथ बिताने वाले विनोद यह नहीं चाहते थे कि अलग आशियाना बसाने की चाह में परिवार बिखर जाए. इसलिए वह ग्रेटर नोएडा में विकसित हो रही उन प्रौपर्टीज की खोज करने लगे, जिन में सुविधाओं के साथ आसान पहुंच भी हो. आखिर साल 2010 में उन की तलाश पूरी हुई. गायत्री हौस्पिटैलिटी एंड रियलकन नाम की बिल्डर कंपनी ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-एक में गायत्री ओरा हाउसिंग परियोजना बना रही थी. करीब 500 फ्लैट वाले इस प्रोजेक्ट में आलीशान फ्लैट के साथ वे तमाम सुविधाएं भी बताई जा रही थीं, जिन का वह सपना देखते थे.






