Mumbai Crime Story: सलमान से प्यार होने के बाद संगीता को स्वप्निल कांटे की तरह चुभने लगा था. उस ने इस कांटे को निकालने के लिए सलमान से कहा तो अपराध करने से पहले उस ने यह भी नहीं सोचा कि उस के पत्नीबच्चों का क्या होगा...
स्वप्ननगरी के नाम से मशहूर मुंबई से लगा महाराष्ट्र का एक जिला है रायगण. इसी जिले की तहसील पनवेल के गांव न्हावा शेवा में नामदेव पाटील का छोटा सा परिवार रहता था. उन की पत्नी की मौत हो चुकी थी. समुद्र के किनारे बसा यह गांव सुप्रसिद्ध इंटरनेशनल बंदरगाह के पास है, जिस से यहां से प्रतिदिन पचासों मालवाहक जहाज देशविदेश आतेजाते हैं.
28 वर्षीय स्वप्लिन नामदेव पाटील का एकलौता बेटा था. करीब 7 साल पहले सन 2008 में स्वप्लिन का विवाह नवी मुंबई स्थित नेरुल के रहने वाले स्वर्गीय मारुती गायकवाड की एकलौती बेटी संगीता गायकवाड़ के साथ हुआ था. पतिपत्नी एकदूसरे से खुश थे. दोनों के 2 बच्चे थे, 5 वर्षीया अक्षरा और 4 वर्षीय जिविक. बच्चे पास के ही एक इंगलिश स्कूल में पढ़ते थे.
स्वप्लिन पाटील उरण स्थित ओएनजीसी में अस्थाई कर्मचारी के रूप में काम करता था. वहां से उसे इतना वेतन मिल जाता था कि उस के परिवार का खर्च आराम से चल सके. वह सुबह अपनी मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर जाता था और शाम को 8-9 बजे तक घर लौट आता था.
संगीता सुबह पति को नाश्ता कराने और औफिस भेजने के बाद बच्चों को तैयार कर के स्कूल भेजती थी. संगीता सुंदर तो थी ही, महत्त्वाकांक्षी और फैशनपरस्त भी थी. उसे पत्नी के रूप में पा कर स्वप्निल बहुत खुश था. स्वप्निल और संगीता के वैवाहिक जीवन के 7 साल बड़े मजे में गुजर गए. लेकिन वक्त ने धीरेधीरे रंग बदलना शुरू किया.






