Love Crime. मीनू से प्यार करने वाले शिवकुमार ने शादी का वादा कर के उस का एमएमएस बना लिया था. पुलिस में भर्ती होने के बाद उस ने बेरुखी दिखाई तो मीनू ने गांव के दीपक से प्रेमसंबंध बना लिए, शिवकुमार एमएमएस को हथियार बना कर उसे ब्लैकमेल करने लगा. इस का परिणाम तो बुरा होना ही था...
हर अमीरगरीब आदमी अपने बच्चों को पढ़ालिखा कर उन का भविष्य संवारने का सपना देखता है. वीरपाल ने भी ऐस ही सपना देखा था. वह उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद की देहात कोतवाली के गांव आलमगीरपुर छोटी सराय के रहने वाले थे. उन के पास थोड़ीबहुत खेती थी, जिस पर कड़ी मेहनत कर के किसी तरह वह परिवार की आजीविका चला रहे थे.
उन का बेटा शिवकुमार पुलिस विभाग में बतौर सिपाही भर्ती हो गया तो उन के परिवार की खुशियों का ठिकाना नहीं रहा. बेटे की सफलता से न सिर्फ परिवार खुश था, बल्कि नातेरिश्तेदार भी खुश थे. भर्ती होने के बाद उस की ट्रेनिंग शुरू हो गई थी.
किसी परिवार में कोई अनहोनी कब घट जाए, इस बात को न कोई जान सका है और न जान पाएगा. कई बार उम्मीदों से अलग कुछ ऐसा घटित हो जाता है, जो जिंदगी भर के लिए दर्द बन जाता है.
शिवकुमार की ट्रेनिंग बुलंदशहर की ही पुलिस लाइन में हो रही थी. रविवार को ट्रेनिंग नहीं होती थी. केवल हाजिरी लगती थी, लिहाजा शिवकुमार अपने घर आ जाता था. 25 जून, 2016 की शाम को भी वह अपने घर आया था. अगले दिन रविवार को वह पुलिस लाइन गया और हाजिरी लगवा कर दोपहर तक घर आ गया.






