Facebook Love Crime : एकदूसरे को जाने बिना लोग फेसबुक पर दोस्ती तो कर लेते हैं, लेकिन समस्या तब और बढ़ जाती है जब आकर्षण में वशीभूत हो कर उन की दोस्ती प्यार में बदल जाती है. अनुराग सिंह भदौरिया और विवाहिता किरण गिल के साथ भी यही हुआ. दोनों लिवइन रिलेशन में रहने लगे. तभी एक दिन ऐसा हुआ कि...
राजस्थान के भीलवाड़ा के रहने वाले जितेंद्र सिंह भदौरिया का एकलौता बेटा अनुराग सिंह भदौरिया पढ़लिख कर निठल्ला घूमा करता था. कोई कामधाम न होने के कारण दिन भर मोबाइल फोन लिए उसी में टाइम पास किया करता था. कभी दोस्तों से बातें करता तो कभी सोशल मीडिया के दोस्तों से चैटिंग करता.
फेसबुक पर उस की ज्यादातर दोस्त महिलाएं ही थीं. फेसबुक दोस्ती का एक ऐसा प्लेटफार्म है, जहां बिना जानपहचान के भी दोस्ती हो जाती है. इस में घर वालों को भी नहीं बताना पड़ता कि उस का कौन दोस्त क्या करता है और कैसा है? खालीखोटे बैठे लोग दिन भर फेसबुक के दोस्तों की फोटो लाइक किया करते हैं, उन के फोटो पर कमेंट करते हैं और मैसेज भेजते हैं.
अनुराग भी ऐसे ही था. फेसबुक पर सुंदर लड़की की फोटो वाली प्रोफाइल पर वह फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजता और उधर से रिक्वेस्ट कंफर्म हो जाती तो उस से मैसेज भेज कर बातें करने की कोशिश करता. ऐसे में ही एक दिन उस ने किरण गिल नाम की एक महिला को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी. किरण ने उस की रिक्वेस्ट कंफर्म कर दी तो वह उस की फोटो पर बड़े ही रोमांटिक कमेंट करने लगा.






