MP News: एक सामान्य दलित परिवार में पलीबढ़ी खुशबू अहिरवार ने सफल मौडल बनने का सपना देखा था. अपनी खूबसूरती और मोहक अदाओं के कारण उसे विज्ञापनों में काम मिलना भी शुरू हो गया था. अपने प्रेमी कासिम के साथ लिवइन में रहने वाली खुशबू उस के साथ उज्जैन गई थी, मगर अस्पताल में वह लाश के रूप में लौटी. आखिर खुशबू की मौत की वजह पुलिस और परिवार के लिए क्यों बनी हुई है एक पहेली?
इसी दीपावली पर जब खुशबू अहिरवार भोपाल से अपने घर पहुंची थी तो उस की बड़ी बहन ताराबाई भी वहां मौजूद थी. मम्मी ने बातचीत के दौरान तारा से खुशबू की शादी के संबंध में उस की राय लेने को कहा तो तारा ने खुशबू से कहा, ''खुशबू, अब तो तू अच्छी मौडल बन गई है, अब शादी के बारे में भी सोच. आखिर मम्मी को भी चिंता रहती है.’’
''दीदी, मैं ने मम्मी से बोला तो है, मुझे अभी और प्रोग्रेस करनी है. मंजिल बहुत दूर है,’’ खुशबू ने टालते हुए कहा.
''ऐसा तो नहीं है कि कि भोपाल में रह कर किसी को बौयफ्रेंड बना लिया हो, इसलिए टाल रही है?’’ आशंका व्यक्त करते हुए तारा बोली.
''दीदी, आप भी बड़ी वो हो...’’ खुशबू शरमाते हुए बोली.
''सच बता, कौन है वो? मोबाइल में फोटो है उस का? मुझे दिखा, मैं मम्मी से बोल कर तेरी शादी करा दूंगी.’’ तारा ने भरोसा दिलाते हुए कहा.
''दीदी, ये देखो...’’ मोबाइल स्क्रीन तारा को दिखाते हुए खुशबू बोली.
''लड़का तो हैंडसम है, क्या नाम है इस का.’’
''दीदी, कासिम नाम है इस का.’’






