MP News: 21 वर्षीय इकलौती बेटी निधि धानुक की शादी उस के पेरेंट्स ने देबू धानुक से कर जरूर दी थी, लेकिन वह अपने पुराने प्रेमी और रिश्ते के चाचा सूरज के प्यार को भुला नहीं पा रही थी. लिहाजा शादी के एक महीने बाद ही वह सूरज के साथ ससुराल से भाग गई. नवविवाहिता के इस कदम के बाद ऐसा खूनी खेल खेला गया कि...
14 जनवरी, 2026 की बात है. सुबह कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बावजूद कुछ लोग रोजाना की तरह उठ कर अपने मवेशियों को जगंल में चराने के लिए घर से निकले, तभी रास्ते में उन्होंने सरसों के खेत में एक युवती की रक्तरंजित लाश पड़ी देखी. जब उन्होंने लाश को करीब से जा कर देखा तो लाश देख कर उन सभी की घिग्गी बंध गई. उन्होंने हिम्मत कर के उस युवती के चेहरे पर नजर डाली तो उन्हें उसे पहचानने में देर नहीं लगी. वह लाश गांव के ही मुनेश धानुक की नवविवाहिता बेटी निधि की थी.
यह बात उन्होंने गांव के लोगों को बताई. पुलिस के आने तक गांव में यह खबर आग की तरह फैल गई कि मुनेश धानुक की नवविवाहित बेटी निधि को किसी ने सरसों के खेत में गोली मार कर मौत के घाट उतार दिया है. इस घटना ने सर्द मौसम के बावजूद गांव के माहौल में गरमाहट पैदा कर दी थी. थोड़ी ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों की अच्छीखासी भीड़ लग गई. सब एकदूसरे के कान में खुसुरफुसुर कर रहे थे. उन में इस घटना को ले कर काफी गुस्सा था. वे निधि के हत्यारे को जल्द से जल्द पकडऩे की मांग कर रहे थे. इसी दौरान किसी ग्रामीण ने भिंड जिले के मेहगांव थाने में फोन कर के इस हत्या की सूचना दे दी.






